Home Blog Page 225

काच

0
काच - www.bharatkaitihas.com
काच

कुछ स्वर्णमुद्रओं पर काच नामक राजा का नाम लिखा हुआ मिलता है। इन मुद्राओं के सामने की ओर एक राजा अंकित है जो अपने बाएँ हाथ में चक्रध्वज लिए खड़ा है। राजा के बाएँ हाथ के नीचे ब्राह्मी लिपि में एक वर्तुलाकार लेख उत्कीर्ण है- ‘ काचो गामवजित्य दिवं कर्मभिरुत्तमैः ’ अर्थात् – पृथ्वी-विजय के उपरांत काच पुण्यकर्मों द्वारा स्वर्ग-विजय करता है।

इन मृद्राओं के पृष्ठ भाग में देवी लक्ष्मी की आकृति बनी रहती है तथा ब्राह्मी लिपि में ‘ सर्व्वराजोच्छेत्ता ’ अर्थात् समस्त राजाओं को नष्ट करने वाला उत्कीर्ण रहता है।

चूंकि ये मुद्राएं स्वर्ण निर्मित हैं, इनमें ब्राह्मी लिपि का प्रयोग हुआ है तथा गुप्तों की कुलदेवी लक्ष्मी की आकृति बनी हुई है तथा पुण्य कर्मों के द्वारा स्वर्ग को जीतने की बात कही गई है, इसलिए ये मुद्राएं गुप्त कालीन राजा की ही सिद्ध होती हैं जिसका नाम काच गुप्त था। इस राजा का इतिहास स्पष्ट रूप से प्राप्त नहीं होता।

चूंकि ये सिक्के गुप्त सम्राट समुद्रगुप्त के सिक्कों से बहुत मिलते हैं तथा समुद्रगुप्त ने भी सर्व्वराजोच्छेत्ता विरुद धारण किया था, इसलिए कुछ इतिहासकारों ने समुद्रगुप्त का ही दूसरा नाम काच माना है। इन इतिहासकारों का मत स्वीकार्य नहीं है। समुद्रगुप्त के सिक्कों पर उसका नाम समुद्र मिलता है न कि काच। समुद्रगुप्त के किसी भी सिक्के पर वह चक्रध्वज के साथ अंकित नहीं किया गया है। यह चिह्न काच के अतिरिक्त किसी भी अन्य गुप्त शासक की मुद्राओं पर नहीं मिलता।

रामगुप्त नामक शासक की कुछ ताम्रमुद्राएं प्राप्त हुई हैं तथा गुप्त कालीन साहित्य में भी रामगुप्त का उल्लेख मिलता है। इस आधार पर कुछ इतिहासकार रामगुप्त को काच समझते हैं। यह मत भी स्वीकार्य नहीं है। काच तथा रामगुप्त की मुद्राओं में पर्याप्त अंतर है।

प्राप्त तथ्यों के आधार पर अनुमान किया जाता है कि गुप्त शासक चंद्रगुप्त (प्रथम) की मृत्यु के बाद काच नामक किसी शक्तिशाली राजा ने शासन किया। निश्चित रूप से वह गुप्त वंश का राजा था। उसी ने काच नामोल्लेख वाली स्वर्ण मुद्राएं जारी कीं जिन पर गुप्तों की कुल देव लक्ष्मी की आकृति उत्कीर्ण है।

इस मत को पूरी तरह स्वीकार करने में कठिनाई यह है कि चंद्रगुप्त प्रथम के बाद समुद्रगुप्त के ही शासन करने के प्रमाण प्राप्त होते हैं। इसलिए काच का कालक्रम अंतिम रूप से स्वीकार नहीं किया जा सकता कि वह चंद्रगुप्त प्रथम के बाद ही हुआ था। किंतु इतना निश्चित है कि गुप्त राजाओं में काच नामक एक प्रतापी राजा हुआ था जिसने कुछ बड़ी विजयें प्राप्त की थीं और वह वैष्णव धर्म का उद्धारक भी था।

-डॉ. मोहनलाल गुप्ता

मूल अध्याय – गुप्त साम्राज्य

गुप्त वंश

प्रारंभिक गुप्त शासक

काच

समुद्रगुप्त

रामगुप्त

चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य

गोविंद गुप्त बालादित्य

कुमार गुप्त प्रथम

स्कन्दगुप्त

गुप्त साम्राज्य का पतन

गुप्त कालीन शासन व्यवस्था

भारत का स्वर्णयुग गुप्त-काल

गुप्त कालीन भारत

समुद्रगुप्त

0
समुद्रगुप्त
समुद्रगुप्त

गुप्त सम्राटों में समुद्रगुप्त का बड़ा नाम है। उसने ई.335 से 375 तक भारत के बड़े भूभाग को अपने अधीन किया तथा उस पर सफलता पूर्वक शासन किया।

चन्द्रगुप्त (प्रथम) के बाद उसका पुत्र समुद्रगुप्त मगध के सिंहासन पर बैठा। चन्द्रगुप्त (प्रथम) की माता लिच्छवियों की राजकुमारी कुमारदेवी थी। यद्यपि समुद्रगुप्त के और भी कई भाई थे परन्तु उसके अलौकिक गुणों तथा योग्यता से प्रसन्न होकर चन्द्रगुप्त (प्रथम) ने अपने जीवन काल में ही उसे अपना उत्तराधिकारी नियुक्त कर दिया था। इसलिये समुद्रगुप्त निर्विरोध अपने पिता के साम्राज्य का स्वामी बन गया और उसने उसका विस्तार करना आरम्भ कर दिया।

समुद्रगुप्त के अभिलेखीय साक्ष्य

समुद्रगुप्त की उपलब्धियों की जानकारी उसके मंत्री हरिषेण द्वारा प्रयाग में उत्कीर्ण करवाई गई प्रयाग प्रशस्ति से मिलती है। यह प्रशस्ति, प्रयाग के किले के भीतर अशोक के स्तम्भ पर उत्कीर्ण है। समुद्रगुप्त का ऐरण अभिलेख भी महत्वपूर्ण साक्ष्य है। समुद्रगुप्त की मुद्रायें भी उसके शासन काल की तिथियों की सूचना देती हैं। उनसे अभिलेखीय प्रमाणों की पुष्टि होती है। गया एवं नालंदा के ताम्रपत्रों से भी उसके शासन काल की सूचनाएं मिलती हैं।

समुद्रगुप्त की दिग्विजय

समुद्रगुप्त महत्त्वाकांक्षी शासक था। सिंहासन पर बैठते ही उसने साम्राज्य विस्तार की नीति का अनुसरण किया। प्रयाग प्रशस्ति का लेखक हरिषेण सौ युद्धों में उसके रणकौशल का उल्लेख करता है जिसके कारण उसके सारे शरीर पर घावों के निशान बन गये। इस प्रशस्ति में उसकी विजयों की लम्बी सूची मिलती है।

समुद्रगुप्त की विजयों को हम पांच भागों में विभक्त कर सकते हैं- (1) आर्यावर्त के नाग राजाओं पर विजय, (2) पाटलिपुत्र पर विजय, (3)  मध्य भारत के आटविक राज्यों पर विजय, (4) दक्षिण भारत पर विजय, (5) सीमान्त-प्रदेश पर विजय, (6) गण राज्यों पर विजय तथा (7) विदेशी राज्यों का विलय।

(1) आर्यावर्त के नाग राजाओं पर विजय

समुद्रगुप्त ने सर्वप्रथम उत्तरी भारत अथवा अर्यावर्त के राज्यों पर आक्रमण किया। उसने रुद्रदेव, मतिल, नागदत्त, चंद्रवर्मन, गणपति नाग, नागसेन, नन्दिन, अच्युत और बलवर्मा नामक नौ राजाओं के साथ युद्ध किया और उन्हें परास्त कर उनके राज्यों को अपने साम्राज्य में सम्मिलित कर लिया।

इनमें से नागदत्त, गणपति नाग, नागसेन और नन्दिन नागवंशी राजा जान पड़ते हैं जिनके प्रसिद्ध केन्द्र मथुरा तथा पद्मावती थे। अच्युत नामक राजा अहिच्छत्र (उत्तर प्रदेश के बरेली जिले) पर राज्य करता था। अन्य राजाओं की सही पहचान नहीं हो सकी है। समुद्रगुप्त ने इन राज्यों को अपने साम्राज्य में मिलाकर उत्तरी भारत में अपनी स्थिति सुदढ़ कर ली।

(2) पाटलिपुत्र विजय

नाग राजाओं को परास्त करने के बाद समुद्रगुप्त ने कोटकुलज नामक राजा को परास्त करके पाटलिपुत्र में प्रवेश किया। पाटलिपुत्र विजय गुप्तों के लिये एक ऐतिहासिक उपलब्धि थी।

(2) विध्यांचल क्षेत्र के आटविक राज्यों पर विजय

उत्तर भारत के बाद, समुद्रगुप्त ने मध्य भारत के स्वतंत्र राज्यों पर अभियान किया। अभिलेखों से ज्ञात होता है कि उस काल में जबलपुर तथा नागपुर के आस-पास 18 अटवी राज्य थे। अटवी जंगल को कहते हैं। चंूकि यह प्रदेश पर्वतों तथा जंगलों से भरा पड़ा था इसलिये इन राज्यों को अटवी राज्य कहते थे। प्रयाग के स्तम्भ-लेख से ज्ञात होता है कि समुद्रगुप्त ने इन राज्यों के राजाओं को अपना परिचारक अथवा सेवक बनाया। इन राज्यों पर विजय प्राप्त कर लेने से समुद्रगुप्त के लिये दक्षिण-विजय का मार्ग खुल गया।

(3) दक्षिणापथ पर विजय

अभिलेखीय साक्ष्यों से ज्ञात होता है कि समुद्रगुप्त ने दक्षिण के 12 राज्यों पर विजय प्राप्त की। उसने इन राज्यों को अपने साम्राज्य में सम्मिलित नहीं किया अपितु उनके साथ बड़ी उदारता का व्यवहार किया और उन्हें विजित राजाओं को लौटा दिया। इन राजाओं ने समुद्रगुप्त की अधीनता स्वीकार कर ली और उसे अपार धनराशि कर तथा भेंट के रूप में दी।

दक्षिण के इन राजाओं को अपने साम्राज्य में सम्मिलित नहीं करके समुद्रगुप्त ने दूरदर्शिता का परिचय दिया। उस युग में, गमनागमन के साधनों का सर्वथा अभाव था। इसलिये उत्तरी भारत से दक्षिणी भारत पर नियंत्रण रखना असम्भव था। यदि समुद्रगुप्त ने दक्षिण के राज्यों को अपने साम्राज्य में सम्मिलित कर लिया होता तो दक्षिण भारत अशान्ति तथा उपद्रव का स्थान बन जाता और इसका कुप्रभाव उत्तरी साम्राज्य पर भी पड़ता।

(4) सीमान्त प्रदेशों पर विजय

अपनी दिग्विजय के चतुर्थ चरण में  समुद्रगुप्त ने सीमांत प्रदेशों- समतट (बांगला देश), डवाक (आसाम का नवगांव), कामरूप (आसाम) तथा कर्तृपुर (गढ़वाल में कुमायूं अथवा पंजाब में जालंधर का क्षेत्र) पर विजय प्राप्त की। सीमांत प्रदेश के कुछ राजाओं ने युद्ध में पराजित होकर और कुछ ने बिना युद्ध किये ही समुद्रगुप्त की अधीनता स्वीकार कर ली। ये राज्य समुद्रगुप्त को कर देने लगे और उसकी आज्ञाओं का पालन करने लगे।

(5) गणराज्यों पर विजय

गुप्त-साम्राज्य के पश्चिम तथा दक्षिण-पश्चिम में कुछ ऐसे राज्य थे जिनमें अर्द्ध प्रजातंत्रात्मक अथवा गणतंत्रात्मक शासन व्यवस्था थी। इनमें मालव, अर्जुनायन, यौधेय, मद्रक, आभीर, प्रार्जुन, सनकानिक, काक, खार्परिक आदि प्रमुख थे। ये राज्य गणराज्य कहलाते थे। इन राज्यों ने समुद्रगुप्त के प्रताप से आतंकित होकर, बिना युद्ध किये ही उसकी अधीनता स्वीकार कर ली। इस प्रकार समुद्रगुप्त की सत्ता सम्पूर्ण भारत में व्याप्त हो गई और वह भारत का एकछत्र सम्राट बन गया।

(6) विदेशी राज्यों का विलय

प्रयाग प्रशस्ति की तेबीसवीं एवं चौबीसवीं पंक्ति में उल्लिखित विदेशी शक्तियों के नामों से ज्ञात होता है कि अनेक विदेशी राज्यों ने समुद्रगुप्त की सेवा में उपहार एवं कन्यायें प्रस्तुत करके उससे मैत्रीपूर्ण सम्बन्ध स्थापित किये। इन शक्तियों ने समुद्रगुप्त के गरुड़ चिह्न से अंकित आज्ञापत्र लेना स्वीकार किया।

इन विदेशी शक्तियों में प्रमुखतः कुषाण, शक-मुरण्ड, सिंहल तथा अन्यान्य द्वीपवासी थे जिन्हें क्रमशः देवपुत्र-शाहि-शाहानुशाही, शक-मुरण्ड, सिंहलद्वीपवासी तथा सर्वद्वीपवासी नामों से जाना जाता था। पश्चिम के जो छोटे-छोटे राज्य विद्यमान थे उन्होंने भी समुद्रगुप्त की प्रधानता को स्वीकार कर लिया।

समुद्रगुप्त के साम्राज्य की सीमाएँ

समुद्रगुप्त की उपर्युक्त दिग्विजय के फलस्वरूप उसका साम्राज्य उत्तर में हिमालय की तलहटी से लेकर दक्षिण में नर्मदा नदी तक और पश्चिम में यमुना तथा चम्बल नदी से लेकर पूर्व में हुगली नदी तक फैल गया। उत्तर भारत के एक बड़े भूभाग पर समुद्रगुप्त स्वयं शासन करता था। स्वशासित प्रदेश के उत्तर व पूर्व में पांच तथा पश्चिम में नौ गणराज्य उसके करद राज्य थे। दक्षिण में बारह राज्यों की स्थिति भी इन्हीं के समान थी। इन करद राज्यों के अतिरिक्त अनेक विदेशी राज्य भी समुद्रगुप्त के प्रभाव में थे।

अश्वमेध यज्ञ

अपनी दिग्विजय सम्पूर्ण होने के उपलक्ष में समुद्रगुप्त ने अश्वमेध यज्ञ किया। प्रयाग-प्रशस्ति में इस यज्ञ का उल्लेख नहीं है इससे अनुमान होता है कि प्रयाग प्रशस्ति अश्वमेध यज्ञ से पहले उत्कीर्ण की गई थी। समुद्रगुप्त ने अश्वमेध यज्ञ में दान तथा दक्षिणा देने के लिए स्वर्ण-मुद्राएं ढलवाईं। इन मुद्राओं में एक ओर यज्ञ-स्तम्भ अंकित है जिससे एक अश्व बंधा हुआ है। मुद्रा के इसी ओर ‘अश्वमेध पराक्रमः’ अंकित है। इस अवसर पर सम्राट ने असंख्य मुद्राएं तथा गांव दान में दिये। कई गुप्त लेखों में उसे चिरकाल से न होने वाले अश्वमेध यज्ञ का अनुष्ठान करने वाला कहा गया है।

विदेशों से सम्बन्ध

समुद्रगुप्त की दिग्विजय से उसका यश चारों दिशाओं में दूर-दूर तक  विस्तृत हो गया। निकटवर्ती विदेशी राजा उसकी मैत्री की आकांक्षा करने लगे। चीनी अनुश्रुतियों से ज्ञात होता है कि समुद्रगुप्त के शासनकाल में श्रीलंका के राजा मेघवर्ण ने दो बौद्ध-भिक्षुओं को बोधिगया भेजा। वहाँ पर इन भिक्षुओं को यथोचित सुविधा न मिल सकी।

जब मेघवर्ण को इसकी सूचना मिली तब उसने समुद्रगुप्त से गया में एक विहार बनवाने की अनुमति मांगी। समुद्रगुप्त ने उसकी प्रार्थना को स्वीकार कर लिया। मेघवर्ण ने गया में महाबोधि संघाराम नामक विहार का निर्माण करवाया। 631 ई. में जब चीनी यात्री ह्वेनसांग भारत आया, तब तक यह विहार सुरक्षित था और इसमें महायान पंथ के लगभग एक हजार भिक्षु निवास करते थे।

समुद्रगुप्त का चरित्र तथा उसके कार्य

समुद्रगुप्त को भारत के इतिहास में उच्च स्थान दिया जाता है। उसके सिक्कों पर मुद्रित पराक्रमांक(पराक्रम है पहचान जिसकी), व्याघ्रपराक्रमः (बाघ के समान पराक्रमी है जो) तथा अप्रतिरथ (प्रतिद्वंद्वी नहीं है जिसका कोई) जैसी उपाधियां उसके प्रचण्ड प्रभाव को इंगित करती हैं।

स्मिथ ने लिखा है ‘गुप्त सम्राट समुद्रगुप्त, भारतीय इतिहास का एक अत्यंत महत्त्वपूर्ण तथा गुण-सम्पन्न सम्राट था।’ उसकी प्रतिभा बुहुमुखी थी। वह न केवल एक महान् विजेता था अपितु अत्यंत कुशल शासक भी था। वह राजनीति का प्रकाण्ड पंडित था। उसकी साहित्य तथा कला में विशेष अनुरक्ति थी और उसका धार्मिक दृष्टिकोण उदार तथा व्यापक था।

डॉ. रमेशचन्द्र मजूमदार ने समुद्रगुप्त की बहुमुखी प्रतिभा की प्रसंशा करते हुए लिखा है- ‘समुद्रगुप्त की सैनिक विजय तो महान् थी ही, उसकी व्यक्तिगत साधनाएं भी कम महान् नहीं थीं। उसके राजकवि ने विजित लोगों के प्रति उसकी उदारता, उसकी परिष्कृत प्रतिभा, उसके धर्मशास्त्रों के ज्ञान, उसके काव्य कौशल और उसकी संगीत योग्यता की मुक्त-कण्ठ से प्रशंसा की है।’

स्मिथ ने भी समुद्रगुप्त की बहुमुखी प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए लिखा है- ‘समुद्रगुप्त अद्भुत व्यक्तिगत क्षमता वाला व्यक्ति था और उसमें असाधारण विभिन्न गुण थे। वह एक श्रेष्ठ व्यक्ति, विद्वान, कवि, संगीतज्ञ तथा सेनानायक था।’

(1) महान् विजेता

समुद्रगुप्त की गणना भारत के महान् विजेताओं में होती है। उसने अपने पिता के छोटे से राज्य को, जो साकेत, प्रयाग तथा मगध तक सीमित था, एक विशाल साम्राज्य में परिवर्तित कर दिया। उसने छिन्न-भिन्न भारत को अपनी दिग्विजय द्वारा एक राज-सूत्र में बांध कर फिर से राजनीतिक एकता प्रदान की।

उन दिनों में जब गमनागमन के साधनों का सर्वथा अभाव था, संपूर्ण भारत, मध्य भारत, दक्षिण भारत, सीमान्त प्रदेशों तथा विदेशी राज्यों को नतमस्तक करना, साधारण कार्य नहीं था। उसने सम्पूर्ण भारत की दिग्विजय कर राजनीतिक एकता स्थापित करने का जो उनुपम आदर्श उपस्थिति किया, उसका अनुगमन उसके बाद के समस्त महात्वाकांक्षी विजेताओं ने किया।

एक विजेता के रूप में समुद्रगुप्त की प्रशंसा करते हुए स्मिथ ने लिखा है- ‘छः सौ वर्ष पूर्व अशोक के काल से इतने बड़े साम्राज्य पर और किसी ने शासन न किया। वह स्वयं को भारत का सर्वशक्तिमान सम्राट बनाने के महान् कार्य में सफल हुआ।’

(2) महान् सेनानायक

समुद्रगुप्त महान् सेनानायक था। एक मुद्रा पर  वह सैनिक वेश में अस्त्र-शस्त्र धारण किए हुए दिखाया गया है। समुद्रगुप्त की समस्त सैनिक विजयें, उसके अपने बाहुबल से अर्जित की गई थीं। अपने दिग्विजय अभियानों में वह स्वयं अपनी सेना का नेतृत्व तथा संचालन करता था और रण-स्थल में स्वयं सैनिकों की प्रथम पंक्ति में विद्यमान रहता था। अपने शत्रुओं पर वह बाघ की भांति टूट पड़ता था। इसी से वह व्याघ्र-पराक्रम, पराक्रमांक आदि उपाधियों से विभूषित किया गया। वह समरशत अर्थात् सौ युद्धों का विजेता था तथा अजेय समझा जाता था।

(3) राजनीति का प्रकाण्ड पण्डित

समुद्रगुप्त न केवल महान् विजेता तथा सेनानायक था अपितु दूरदर्शी तथा कुशल राजनीतिज्ञ भी था। उसने इस बात का अनुभव किया कि उस युग में जब यातायात के साधनों का अभाव था, एक केन्द्र से सम्पूर्ण भारत का शासन करना असंभव था। इसलिये उसने केवल उत्तर भारत के राज्यों को अपने साम्राज्य में सम्मिलित किया।

शेष राजाओं को परास्त करने के बाद उनका उच्छेदन न करके उन्हें अपना अधीनस्थ मित्र बना लिया। उसका व्यवहार इन राज्यों के साथ इतना उदार तथा सौजन्यतापूर्ण था कि कभी किसी राजा ने उसके विरुद्ध विद्रोह करने का प्रयास नहीं किया।

(4) सफल शासक

यद्यपि समुद्रगुप्त एक महान् विजेता तथा सेनानायक के रूप में अधिक प्रसिद्ध है, तथापि उसमें प्रशासकीय प्रतिभा का अभाव नहीं था। उसके शासन-काल में किसी का विद्रोह अथवा विप्लव न हुआ। इससे यह स्पष्ट है कि वह अपने साम्राज्य में शान्ति तथा सुव्यवस्था बनाये रखने में पूर्ण रूप से सफल रहा।

उसने जितनी मुद्राएं चलाईं वे सब स्वर्ण निर्मित हैं, जिससे यह सिद्ध होता है कि उसका साम्राज्य धन-धान्य से पूर्ण था और उसकी प्रजा सुखी थी। चूंकि उसका साम्राज्य अत्यंत विशाल था इसलिये ऐसा प्रतीत होता है कि उसने प्रान्तीय शासन की भी व्यवस्था की थी जिन पर वह पूर्ण नियंत्रण रखता था।

शासन को सुचारू रीति से चलाने के लिये विभागीय व्यवस्था भी की गई थी। सेना, शासन, न्याय आदि कार्यों के लिए अलग-अलग विभाग होते थे, जिनके अलग-अलग अध्यक्ष नियुक्त रहते थे। समुद्रगुप्त बड़ा ही उदार तथा दयावान् व्यक्ति था, इसलिये उसने दीन-दुखियों, अनाथों तथा असहायों की सहायता के लिये दान आदि की भी व्यवस्था की थी।

(5) महान् साहित्यानुरागी

समुद्रगुप्त में न केवल उच्च-कोटि की सैनिक तथा प्रशासकीय प्रतिभा थी वरन् उच्च-कोटि की मानसिक प्रतिभा भी थी। वह उच्च-कोटि का विद्वान तथा विद्या-व्यसनी था। साहित्य में उसकी बड़ी रुचि थी। वह उच्च-कोटि का लेखक तथा कवि था। यह साहित्यकारों तथा कवियों का आश्रयदाता था। बौद्ध-विद्वान वसुबंधु को समुद्रगुप्त का आश्रय प्राप्त था।

उसका मंत्री हरिषेण भी उच्च-कोटि का कवि था। वह अपने स्वामी का बड़ा कृपा पात्र था। प्रयाग के स्तम्भ-लेख में हरिषेण ने समुद्रगुप्त की बड़ी प्रशंसा की है। उसने कहा है कि अनेक काव्यों को लिखकर समुद्रगुप्त ने कविराज की उपाधि प्राप्त की। उसका साहित्य विद्वानों के मनन करने योग्य है।

उसकी काव्य-शैली अध्ययन करने योग्य है, उसकी काव्य रचनाएं कवियों के आध्यात्मिक कोष में अभिवृद्धि करती हैं। हरिषेण की इस प्रशस्ति से स्पष्ट है कि समुद्रगुप्त को साहित्य से बड़ा प्रेम था।

डॉ.रमाशंकर त्रिपाठी ने समुद्रगुप्त की आलौकिक प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए लिखा है- ‘समुद्रगुप्त अद्भुत प्रतिभा का व्यक्ति था। वह न केवल शस्त्रों में वरन् शास्त्रों में भी कुशल था। वह स्वयं बड़ा ही सुसंस्कृत व्यक्ति था और उसे विद्वानों की संगति प्रिय थी।’

(6) महान् कला प्रेमी

समुद्रगुप्त वीणा बजाने में प्रवीण था। संगीत में उसकी बड़ी रुचि थी। उसकी अनेक स्वर्ण-मुद्राओं पर वीणा अंकित है। हरिषेण की प्रशस्ति से ज्ञात होता है कि उसने संगीत में नारद तथा तुम्बुरू को भी लज्जित कर दिया था। गायन तथा वादन दोनों में ही उसने प्रवीणता प्राप्त कर ली थी।

(7) भागवत धर्म का अनुयायी

समुद्रगुप्त ने अश्वमेध यज्ञ करके ब्राह्मण धर्म तथा यज्ञों की उपयोगिता में विश्वास प्रकट किया। इससे ब्राह्मण धर्म को राज्य का आश्रय प्राप्त हो गया। वह फिर से लोक-धर्म बन गया और उसकी उन्नति होने लगी। समुद्रगुप्त की मुद्राओं पर लक्ष्मी की आकृति अंकित की गई है। उसने परम भागवत की उपाधि धारण की। उसका राज्य-चिन्ह गरुड़ था, जो विष्णु का वाहन है। इन सब तथ्यों से निष्कर्ष निकाला जा सकता है कि वह विष्णु का उपासक था।

(8) धार्मिक सहिष्णुता

संसार के श्रेष्ठ धर्म का अनुयायी होने पर भी वह अन्य धर्मों की प्रजा के साथ सहानुभूति रखता था। वह उन पर किसी प्रकार का भेदभाव अथवा अत्याचार नहीं करता था। वह बौद्ध आदि धर्मों की सहायता करता था। उसने गया में एक बौद्ध-विहार बनावाया जिससे स्पष्ट होता है कि उसका धार्मिक दृष्टिकोण बड़ा उदार था और उसमें उच्च कोटि की धार्मिक सहिष्णुता थी।

(9) अलौकिक व्यक्तित्त्व

समुद्रगुप्त के चरित्र तथा उसके कार्यों का विवेचन करने के उपरांत हम इस निष्कर्ष पर पहुंचते हैं कि वह साधारण मनुष्य नहीं था। उसे दैवी-शक्तियां प्राप्त थीं। इसी से उसे अमनुज अर्थात् जो मनुष्य न हो तथा अचिंत्य पुरुष आदि कहा गया है जो लोक तथा समय के अनुकूल कार्य करने के लिए ही मुनष्य का स्वरूप धारण किये हुए था। अन्यथा वह धन में कुबेर के समान तथा बुद्धिमत्ता में बृहस्पति के समान था। वह साधु के लिए उदय (आशा) और असाधु के लिए प्रलय (विनाश) था। इसलिये वह देवता का साक्षात् स्वरूप था।

भारत का नेपोलियन

अंग्रेज इतिहासकार डॉ. विसेंट स्मिथ ने समुद्रगुप्त को भारत का नेपोलियन कहा है। उसने लिखा है- ‘समुद्रगुप्त ने कलाओं के अभ्यास से चाहे जितनी मात्रा में ख्याति प्राप्त की हो, जिससे उसके न्यूनावकाश की शोभा बढ़ी, यह स्पष्ट है कि वह साधारण शक्तियों में संयुक्त न था। वह वास्तव में विलक्षण प्रतिभा का व्यक्ति था और वह भारतीय नेपोलियन कहलाने का अधिकारी है।’

इसके विपरीत आयंगर ने लिखा है- ‘उसे भारत का नेपोलियन कहना बड़ा ही अनुचित है जो केवल राज्य जितना ही राजा का कर्त्तव्य समझता था।’

समुद्रगुप्त के सम्बन्ध में इन दोनों इतिहासकारों के मतों पर विचार कर लेना आवश्यक है।

नेपोलियन तथा समुद्रगुप्त में समानता

नेपोलियन यूरोप का महान् विजेता तथा सेनानायक था। फ्रांसिसी क्रांति के समय वह फ्रांसिसी सेना का सेनापति था। उसने फ्रांस की समस्त सैन्य शक्ति अपने हाथ में कर ली और वह फ्रांस का सम्राट बन गया। उसने अपने बाहुबल तथा सैन्यबल से न केवल फ्रांस की उसके शत्रुओं से रक्षा की वरन् उसने सम्पूर्ण यूरोप को आतंकित कर उसे नत-मस्तक कर दिया।

स्मिथ ने समुद्रगुप्त को भारत का नेपोलियन केवल इस आधार पर कहा है कि जिस प्रकार नेपोलियन एक महान् विजेता तथा सेनानायक था और उसने सम्पूर्ण फ्रांस को नत-मस्तक कर दिया था, उसी प्रकार समुद्रगुप्त ने भी अपने अलौकिक पराक्रम से सम्पूर्ण भारत पर विजय प्राप्त कर उसे नत-मस्तक किया था। इस दृष्टिकोण से समुद्रगुप्त को भारत का नेपोलियन मानने में किसी भी प्रकार की आपत्ति नहीं होनी चाहिए परन्तु दोनों की समानता यहीं समाप्त हो जाती है।

नेपोलियन तथा समुद्रगुप्त में असमानताएं

दो भिन्न महाद्वीपों के इन दो महान् योद्धाओं तथा विजेताओं के पूरे जीवन में आद्योपरांत भिन्नताएं हैं। इन्हें इस प्रकार से समझा जा सकता है-

(1) वंश का अंतर

नेपोलियन एक सामान्य परिवार में उत्पन्न हुआ एक साधारण सैनिक था, उसने अपने लिये राज्य का निर्माण स्वयं किया जबकि समुद्रगुप्त, राजा का पुत्र था, उसे राज्य उत्तराधिकार में प्राप्त हुआ था।

(2) सामरिक सफलताओं में अंतर

नेपोलियन को अपने उद्देश्य में केवल आरम्भिक चरण में सफलता प्राप्त हुई। उसकी विजय क्षणिक सिद्ध हुई। उसके विपरीत समुद्रगुप्त को अपने उद्देश्य में आद्योपरांत सफलता प्राप्त हुई।

(3) राज्य के स्थायित्व में अंतर

नेपोलियन ने जिस नये साम्राज्य का निर्माण किया वह थोड़े ही समय बाद नष्ट हो गया। जबकि समुद्रगुप्त ने जिस नये साम्राज्य का निर्माण किया, वह स्थायी सिद्ध हुआ। उसने न केवल स्वयं जीवन-पर्यन्त उस साम्राज्य का सुखपूर्वक उपभोग किया अपितु उसके उत्तराधिकारियों ने भी डेढ़ शताब्दियों से अधिक समय तक उस मधुर फल का उपभोग किया।

(4) विजित शत्रुओं के साथ सम्बन्धों में अंतर

नेपोलियन, विजय के उपरान्त विजित प्रदेशों में शान्ति स्थापित नहीं कर सका और शत्रुओं को मित्र बनाने में असफल रहा। इसके विपरीत समुद्रगुप्त ने जिन प्रदेशों को जीता वहाँ पर उसने स्थायी शान्ति स्थापित की और अपने शत्रुओं को अभयदान देकर उन्हें अपना मित्र बना लिया। नेपोलियन के विरुद्ध स्पेन तथा जर्मनी ने विद्रोह का झण्डा खड़ा कर दिया परन्तु समुद्रगुप्त को इस प्रकार के किसी आन्दोलन का सामना न करना पड़ा।

(5) उद्देश्यों में अंतर

नेपोलियन तथा समुद्रगुप्त की सफलाताओं और स्थायित्व में अंतर का कारण यह है कि इन दोनों विजेताओं के उद्देश्यों में भी पर्याप्त अंतर था। नेपोलियन केवल समर विजयी योद्धा था और उसकी विजय का नैतिक स्तर अत्यंत निम्नकोटि का था। इसके विपरीत समुद्रगुप्त एक धर्म-विजयी सम्राट था और उसकी विजय का नैतिक स्तर आर्य आदर्शों के अनुरूप अत्यंत ऊँचा था।

(6) जीवन काल के अंत में अंतर

नेपोलियन को अन्त में भयानक पराजयों का आलिंगन करना पड़ा और उसका अन्त बड़ा दुःखद हुआ। ट्राफलर तथा वाटरलू के सामुद्री युद्धों में इंग्लैड की सेनाओं ने उसे बहुत बुरी तरह परास्त किया। उसकी सेनाओं को रूस से हताश होकर वापस लौटना।

अन्त में नेपोलियन बन्दी बनाकर सेन्ट निर्जन हेलेना द्वीप में भेज दिया गया, जहाँ अपमानजनक परिस्थितियों में उसकी जीवन-लीला समाप्त हुई। समुद्रगुप्त के जीवन में ऐसा कुछ घटित नहीं हुआ। समुद्रगुप्त ने अपनी दिग्विजय-यात्रा में सर्वत्र विजय-लक्ष्मी का ही आलिंगन किया था, पराजय का नहीं। समुद्रगुप्त ने 40 वर्षों के दीर्घकालीन शासन में अपनी विजयों के मधुर फलों का आस्वादन किया।

निष्कर्ष

नेपोलियन तथा समुद्रगुप्त के जीवन में इतना बड़ा अन्तर होने के कारण अधिकांश इतिहासकार स्मिथ के कथन से सहमति नहीं रखते। इतिहासकारों का कहना है कि नेपोलियन कुछ अर्थों में यूरोप का समुद्रगुप्त हो सकता है परन्तु समुद्रगुप्त को भारत का नेपोलियन कहना उचित नहीं है।

-डॉ. मोहनलाल गुप्ता

मूल अध्याय – गुप्त साम्राज्य

गुप्त वंश

प्रारंभिक गुप्त शासक

काच

समुद्रगुप्त

रामगुप्त

चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य

गोविंद गुप्त बालादित्य

कुमार गुप्त प्रथम

स्कन्दगुप्त

गुप्त साम्राज्य का पतन

गुप्त कालीन शासन व्यवस्था

भारत का स्वर्णयुग गुप्त-काल

गुप्त कालीन भारत

रामगुप्त

0
रामगुप्त - www.bharatkaitihas.com
रामगुप्त

समुद्रगुप्त के बाद उसका बड़ा पुत्र रामगुप्त पाटलिपुत्र का राजा हुआ। उसे अपने पिता का विशाल साम्राज्य पैतृक अधिकार में प्राप्त हुआ किंतु वह इतने बड़े साम्राज्य के शासक के रूप में अयोग्य सिद्ध हुआ।

रामगुप्त (375 ई.)

समुद्रगुप्त के कई पुत्र तथा पौत्र थे। उसके ज्येष्ठ पुत्र का नाम राम गुप्त था जो उसके बाद मगध के सिंहासन पर बैठा। कतिपय साहित्यिक उल्लेखों तथा पूर्वी मालवा से प्राप्त राम गुप्त के नाम से अंकित तथा गरुड़ चिह्नांकित सिक्कों के आधार पर राम गुप्त की ऐतिहासिकता स्वीकार की गई है। उसके शासन काल के सम्बन्ध में अधिक जानकारी नहीं मिलती है।

सम्भवतः उसके सिंहासन पर बैठते ही शकों ने गुप्त साम्राज्य पर आक्रमण कर दिया। राम गुप्त परास्त हो गया और शकों ने उसे बंदी बना लिया। विवश होकर रामगुप्त को शकों से सन्धि करनी पड़ी जिसमें उसे अपनी रानी ध्रुवदेवी, शकों को समर्पित करने की शर्त स्वीकार करनी पड़ी।

रामगुप्त का छोटा भाई चन्द्रगुप्त बड़ा ही वीर, साहसी तथा स्वाभिमानी राजकुमार था। अपने भ्राता की कायरता से खिन्न होकर चंद्रगुप्त, ध्रुवदेवी के वेश में स्त्री-वेशधारी योद्धाओं के साथ शकों की सैन्य छावनी में गया। जब शक राजा ध्रुवदेवी का आलिंगन करने के लिए आगे बढ़ा तब चन्द्रगुप्त ने उसका वध कर दिया और अपने सैनिकों की सहायता से शकों को गुप्त साम्राज्य से मार भगाया।

सम्राट रामगुप्त की कायरता तथा कापुरुषता से ध्रुवदेवी को बड़ा क्षोभ हुआ। उसने अपने देवर के वीरोचित गुणों का सम्मान करते हुए तथा साम्राज्य के लिये उसका मूल्य एवं उसकी आवश्यकता समझते हुए, चंद्रगुप्त के साथ मिलकर रामगुप्त की हत्या का षड़यंत्र रचा। ध्रुवदेवी के सहयोग से चन्द्रगुप्त ने अपने भाई रामगुप्त का वध कर दिया औरध्रुवदेवी के साथ विवाह करके गुप्त साम्राज्य का सम्राट बन गया।

-डॉ. मोहनलाल गुप्ता

मूल अध्याय – गुप्त साम्राज्य

गुप्त वंश

प्रारंभिक गुप्त शासक

काच

समुद्रगुप्त

रामगुप्त

चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य

गोविंद गुप्त बालादित्य

कुमार गुप्त प्रथम

स्कन्दगुप्त

गुप्त साम्राज्य का पतन

गुप्त कालीन शासन व्यवस्था

भारत का स्वर्णयुग गुप्त-काल

गुप्त कालीन भारत

चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य

0
चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य - www.bharatkaitihas.com
चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य की स्वर्णमुद्रा

चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य को गुप्त शासकों के इतिहास में चन्द्रगुप्त द्वितीय के नाम से भी जाना जाता है। वह महान् हिन्दू सम्राट था जिसने भारत भूमि को धन-सम्पदा, ज्ञान-विज्ञान एवं धर्म-अध्यात्म से सम्पन्न बनाने में अद्भुत सफलताएं अर्जित कीं।

चन्द्रगुप्त (द्वितीय) समुद्रगुप्त की रानी दत्तदेवी का पुत्र था। वह बड़ा ही वीर तथा पराक्रमी राजकुमार था। राजा बनने के बाद उसने विक्रमादित्य की उपाधि धारण की। विक्रम का अर्थ होता है पराक्रम अथवा प्रताप और आदित्य का अर्थ होता है सूर्य। अर्थात् विक्रमादित्य उस व्यक्ति को कहते हैं जो सूर्य के समान प्रतापी हो। चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने अपने ऐश्वर्य तथा प्रताप को उसी प्रकार फैलाया जिस प्रकार सूर्य अपने आलोक को सम्पूर्ण विश्व में फैला देता है।

चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य के वैवाहिक सम्बन्ध

स्थायी मित्रों एवं शुभचिंतकों की संख्या में वृद्धि करने के लिये चंद्रगुप्त ने राजनीतिक रूप से शक्ति-सम्पन्न राजकन्याओं से वैवाहिक सम्बन्ध स्थापित करने की नीति का अनुसरण किया।

(1) ध्रुवदेवी से विवाह

ध्रुवदेवी सम्राट रामगुप्त की पत्नी थी तथा गुप्त साम्राज्य की साम्राज्ञी थी। रामगुप्त का वध करने के बाद राज्य में अपनी स्थिति को सुदृढ़़ बनाने के लिए चन्द्रगुप्त (द्वितीय) ने साम्राज्ञी से विवाह कर लिया।

(2) नाग राजकुमारी से विवाह

नागवंश के साथ गुप्तवंश का वैमनस्य बहुत दिनों से चला आ रहा था। इस वैमनस्य को समाप्त करने के लिए चंद्रगुप्त ने नाग-वंश की राजकुमारी कुबेर नाग के साथ विवाह कर लिया।

(3) राजकुमारी प्रभावती का वाकाटकों से विवाह

चंद्रगुप्त तथा महारानी कुबेर नाग के विवाह से प्रभावती नामक राजकन्या उत्पन्न हुई। जब यह राजकन्या बड़ी हुई तो चन्द्रगुप्त ने उसका विवाह बरार के वाकाटक राजा रुद्रसेन (द्वितीय) के साथ कर दिया। यह विवाह चन्द्रगुप्त ने गुजरात तथा सौराष्ट्र के शक क्षत्रपों पर विजय प्राप्त करने के पूर्व किया था। इसलिये डॉ. स्मिथ की धारणा है कि शकों पर विजय प्राप्त करने में चन्द्रगुप्त को रुद्रसेन से बड़ी सहायता मिली होगी। इसलिये राजनीतिक दृष्टि से इस विवाह का बड़ा महत्त्व था।

(4) राजकुमार का विवाह

चन्द्रगुप्त ने अपने पुत्र का विवाह महाराष्ट्र प्रान्त में स्थित कुन्तल राज्य के शक्तिशाली राजा काकुस्थवर्मन की कन्या के साथ किया। इस विवाह का भी बहुत बड़ा राजनीतिक महत्त्व था। इस प्रकार चन्द्रगुप्त ने वैवाहिक सम्बन्धों द्वारा अपनी स्थिति को सुदृढ़़ बनाया।

चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य की विजयें

चन्द्रगुप्त को अपने पिता से एक अत्यंत विशाल तथा सुसंगठित साम्राज्य प्राप्त हुआ। इसलिये उसे साम्राज्य-स्थापना के लिए कोई युद्ध नहीं करना पड़ा परन्तु अपने विशाल साम्राज्य की सुरक्षा करने, उसे सुसंगठित बनाये रखने और अपने साम्राज्य की वृद्धि करने के लिए उसे कई युद्ध करने पड़े। इन युद्धों का विवरण इस प्रकार से है-

(1) गणराज्यों का विनाश

गुप्त साम्राज्य के पश्चिमोत्तर में गणराज्यों की एक पतली पंक्ति विद्यमान थी। समुद्रगुप्त ने इन राज्यों पर अपना प्रभाव स्थापित कर लिया था परन्तु इन्हें गुप्त-साम्राज्य में सम्मिलित नहीं किया था। ये राज्य बड़े ही स्वतंत्रता-प्रेमी थे और स्वयं को स्वतंत्र बनाये रखने का प्रयास करते रहते थे। इन गणराज्यों में किसी बाह्य आक्रमण को रोकने की शक्ति नहीं थी।

साम्राज्य की सीमा पर ऐसे कमजोर राज्यों की उपस्थिति, जिनमें गणतंत्रात्मक व्यवस्था विद्यमान थी, चन्द्रगुप्त को उचित प्रतीत नहीं हुई। उदयगिरि से प्राप्त अभिलेख से ज्ञात होता है कि चन्द्रगुप्त ने इन गणराज्यों पर आक्रमण करके उन्हें गुप्त-साम्राज्य में मिला लिया।

(2) शक-क्षत्रपों का अन्त

अब चन्द्रगुप्त का ध्यान उन शक-क्षत्रपों की ओर गया जो मालवा, गुजरात तथा सौराष्ट्र में शासन कर रहे थे। यद्यपि इन क्षत्रपों ने समुद्रगुप्त के प्रभुत्व को स्वीकार कर लिया था परन्तु चन्द्रगुप्त ने इस बात का अनुभव किया कि साम्राज्य की सीमा के निकट विदेशी शासन की स्थिति कभी भी घातक सिद्ध हो सकती है।

इसलिये उसने उन पर आक्रमण कर दिया और शक राजा रुद्रसिंह को परास्त कर उसका वध कर दिया तथा उसके राज्य को गुप्त साम्राज्य में सम्मिलित कर लिया। इस विजय के उपलक्ष्य में चन्द्रगुप्त ने चांदी की मुद्राएं चलवाईं। इसके पूर्व के गुप्त सम्राटों ने केवल स्वर्ण मुद्राएं चलवाई थीं। इस विजय से गुप्त साम्राज्य की सीमा पश्चिमी समुद्र तट तक पहुंच गई।

इस कारण भारत का विदेशों के साथ व्यापारिक तथा सांस्कृतिक सम्बन्धों में विस्तार हुआ। इन विजयों से गुप्त साम्राज्य के आंतरिक व्यापार में भी वृद्धि हो गई। मालवा, गुजरात तथा सौराष्ट्र के प्रान्त बड़े उपजाऊ तथा धन-सम्पन्न थे। इसलिये न केवल गुप्त साम्राज्य की सीमाओं में वृद्धि हुई अपितु उसके कोष में भी वृद्धि हो गई।

(3) पूर्वी प्रदेश पर विजय

गुप्त साम्राज्य की पूर्वी सीमा पर कई छोटे-छोटे राज्य थे जो गुप्त साम्राज्य पर आक्रमण करने के लिए संगठन कर रहे थे। महरौली के स्तम्भ लेख से ज्ञात होता है कि चन्द्रगुप्त ने इन्हें परास्त कर यश प्राप्त किया था।

(4) वाह्लीक राज्य पर आक्रमण

भारत के पश्चिमोत्तर प्रदेश में कुषाणों के वंशज अब भी शासन कर रहे थे। महरौली के स्तम्भ लेख से ज्ञाता होता है कि चन्द्रगुप्त ने सिन्ध की सहायक नदियों को पार कर वाह्लीकों को परास्त किया और पंजाब तथा सीमान्त प्रदेश पर अपना प्रभुत्व स्थापित कर वाह्लीकों को काबुल के उस पार भगा दिया। सम्भवतः इन समस्त विजयों के उपरान्त ही चन्द्रगुप्त ने विक्रमादित्य की उपाधि धारण की।

(5) दक्षिणापथ पर पुनर्विजय

महरौली के स्तम्भ-लेख से ज्ञात होता है कि रामगुप्त के शासनकाल में दक्षिण-भारत के राज्यों ने गुप्त साम्राज्य की सत्ता को अस्वीकार कर दिया था परन्तु चन्द्रगुप्त ने अपने पराक्रम तथा प्रताप के बल से पुनः दक्षिण भारत के राज्यों में गुप्त साम्राज्य की सत्ता स्थापित की।

चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य का साम्राज्य

चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने अपनी विजयों के फलस्वरूप एक विशाल गुप्त साम्राज्य पर राज्य किया। उसका राज्य पश्चिम में गुजरात से लेकर पूर्व में बंगाल तक तथा उत्तर में हिमालय की तलहटी से लेकर दक्षिण में नर्मदा नदी तक विस्तृत था।

चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य का शासन प्रबंध

साम्राज्य विस्तार के साथ-साथ चन्द्रगुप्त ने अपने शासन को सुव्यवस्थित करने का प्रयत्न किया। अभिलेखों से ज्ञात होता है कि चन्द्रगुप्त का शासन बड़ा उदार तथा दयालु था। उसका शासन प्रबन्ध उस युग में किसी उपलब्धि से कम नहीं था।

(1) सम्राट

सम्राट राज्य का प्रधान था और अपनी राजधानी से ही सम्पूर्ण राज्य के शासन पर नियंत्रण रखता था। वह अपनी सेना का प्रधान सेनापति था और युद्ध के समय रण-क्षेत्र में उपस्थित रहता था। सम्राट न्याय विभाग का भी प्रधान था। उसका निर्णय अन्तिम समझा जाता था। इस प्रकार सेना, शासन तथा न्याय तीनों शक्तियों का केन्द्र-बिन्दु सम्राट स्वयं होता था।

(2) मंत्री

सम्राट को परामर्श देने तथा शासन में सहायता पहुंचाने के लिए कई मन्त्री नियुक्त किये जाते थे। सेना तथा शासन के अधिकारियों में कोई अंतर नहीं था। जो मन्त्री शासन को देखता था वही सैन्य-विभाग को भी संभालता था।

(अ) मंत्रिन्: चन्द्रगुप्त का प्रधान परामर्शदाता मन्त्रिन कहलाता था।

(ब) सन्धिविग्रहिक: सन्धि तथा विग्रह (युद्ध) आदि विषयों को देखने के लिये सन्धिविग्रहिक होता था। यह मन्त्री युद्ध के समय रण-स्थल में सम्राट के साथ उपस्थित रहता था। चन्द्रगुप्त का मन्त्री वीरसेन अपने स्वामी के साथ क्षत्रपों के विरुद्ध युद्ध करने के लिए गया था।

(स) अक्षपटल अधिकृत: एक मन्त्री राज-पत्रों को रखता था। उसे अक्षपटल अधिकृत कहते थे।

(3) शासन की विभिन्न इकाइयाँ

चंद्रगुप्त द्वितीय का सम्पूर्ण साम्राज्य कई प्रान्तों में, प्रत्येक प्रांत कई जिलों में तथा प्रत्येक जिला कई ग्रामों में विभक्त था।

(अ) प्रांतीय शासन: प्रत्येक प्रान्त ‘देश’ अथवा ‘भुक्ति’ कहलाता था। देश का शासक ‘गोत्री’ और भुक्ति का ‘उपरिक’ कहलाता था। कुछ प्रान्तों के शासक राजकुमार हुआ करते थे।

(ब) जिलों का शासन: प्रत्येक प्रान्त कई जिलों में विभक्त रहता था। ये जिले ‘प्रदेश’ अथवा ‘विषय’ कहलाते थे। इनका शासक ‘विषयपति’ कहलाता था।

(स) ग्राम्य शासन: प्रत्येक विषय कई ग्रामों में विभक्त रहता था। गांव का शासक ग्रामिक अथवा भोजक कहलाता था। इस पद पर गांव का चौधरी अथवा मुखिया ही नियुक्त किया जाता था। उसकी सहायता के लिए ग्राम-वृद्धों की पंचायतें हुआ करती थीं।

(4) दंड विधान

चन्द्रगुप्त उदार तथा दयालु शासक था। उसका दंड विधान कठोर नहीं था। दंड, अपराध की गुरुता के अनुसार दिया जाता था। साधारण अपराध के लिए साधारण शास्ति और बड़े-बड़े़ अपराधों के लिए बड़ी शास्ति आरोपित की जाती थी। अंग-भंग करने का दंड प्रायः नहीं दिया जाता था। केवल राजद्रोहियों का दाहिना हाथ काट दिया जाता था। किसी को भी प्राण दण्ड नहीं दिया जाता था।

(5) व्यापार तथा वाणिज्य

चन्द्रगुप्त के शासन-काल में बाह्य तथा आन्तरिक व्यापार की बड़ी उन्नति हुई। उसका साम्राज्य पश्चिमी समुद्र तट तक विस्तृत था। इससे भारत का विदेशों के साथ व्यापारिक सम्बन्ध विस्तारित हो गया। उस काल में बंगाल से सूती तथा रेशमी वस्त्र, बिहार से नील, हिमालय प्रदेश से अंगराग तथा दक्षिण भारत से कपूर, चन्दन और मसाले पश्चिमी समुद्र-तट पर लाये जाते थे और रोम को भेजे जाते थे जहाँ से बहुत-सा सोना प्रतिवर्ष भारत आता था।

(6) मुद्राएं

साधारण व्यापार में कौड़ी का प्रयोग किया जाता था। परन्तु बड़े-बड़े व्यापारों में धातु मुद्राओं का प्रयोग होता था। चन्द्रगुप्त (द्वितीय) ने तीन प्रकार की मुद्राएं चलाई थी। उत्तर भारत में सोने तथा तांबे की मुद्राएं प्रचलित थीं परन्तु गुजरात तथा काठियावाड़ में चांदी की मुद्राओं का प्रयोग किया जाता था।

(7) धार्मिक सहिष्णुता

चन्द्रगुप्त भागवत धर्म का अनुयायी एवं परम वैष्णव था परन्तु अन्य संप्रदायों के साथ सहिष्णु था। वह राजकीय पदों पर योग्यता के आधार पर नियुक्तियां करता था। इसलिये राजकीय सेवाओं के द्वार किसी भी सम्प्रदाय को मानने वाली प्रजा के लिए खुले रहते थे। चन्द्रगुप्त का सेनापति बौद्ध और उसका एक मन्त्री वैश्य था।

(8) दान-व्यवस्था

सम्राट चन्द्रगुप्त बड़ा ही उदार तथा दानी था। वह अनाथों तथा दीन-दुखियों की सदैव सहायता करता था। उसने दान का अलग विभाग खोल दिया था और उसके प्रबन्ध के लिए एक पदाधिकारी नियुक्त कर दिया था।

चीनी यात्री फाह्यान का आगमन

चन्द्रगुप्त (द्वितीय) के शासनकाल में चीनी यात्री फाह्यान भारत आया। उसका बचपन का नाम कुंड् था। जब वह दस वर्ष का था तब उसके पिता का निधन हो गया इसलिये कुंड् के पालन-पोषण का भार उसके चाचा पर पड़ा। उसका चाचा उसे गृहस्थाश्रम में प्रवेश कराना चाहता था, परन्तु कुंड् ने भिक्षु बनने का संकल्प लिया।

कुंड् के पिता की मृत्यु के कुछ समय उपरान्त कुंड् की माता का भी निधन हो गया। माता तथा पिता के स्नेह से वंचित हो जाने के कारण कुंड् गृहस्थ-जीवन से विमुख हो गया। बड़े होने पर उसने सन्यास ले लिया और वह फाह्यान के नाम से प्रसिद्ध हुआ। फाह्यान दो शब्दों से मिलकर बना है- फा तथा हियान।

चीनी भाषा में फा का अर्थ है धर्म और हियान का अर्थ है आचार्य। इसलिये फाह्यान का अर्थ हुआ धर्माचार्य। चीन में उस समय बौद्ध धर्म का प्रचार अपने चरम पर था। फाह्यान बौद्ध-धर्म में दीक्षित हो गया। जब उसने बौद्ध-ग्रन्थों ‘त्रिपिटक’ तथा ‘विनय-पिटक’ का अध्ययन किया तो वे ग्रंथ उसे अधूरे तथा क्रमहीन प्रतीत हुए।

इसलिये उसने उनकी प्रामाणिक प्रतियां प्राप्त करने तथा बौद्ध धर्म की जन्मभूमि का दर्शन करने के लिए भारत आने का निश्चय किया। फाह्यान ने 400 ई. में चार अन्य भिक्षुओं के साथ भारत के लिए प्रस्थान किया। मार्ग की भयानक कठिनाइयों का सामना करते हुए वह गांधार पहुंचा। वहाँ से वह तक्षशिला गया और वहाँ से पुष्पपुर (पेशावर) पहुंचा। इस यात्रा में उसके साथी उसका साथ नहीं दे पाये और वे अपने देश लौट गये। केवल एक साथी उसके साथ रह गया।

फाह्यान पुष्पपुर से मथुरा, कन्नौज, श्रावस्ती, कुशीनगर, वैशाली, पाटलिपुत्र, नालन्दा, राजगृह, काशी, सारनाथ आदि नगरों के दर्शन करता हुआ ताम्रलिप्ति पहुंचा। यहाँ पर उसने दो वर्ष तक निवास किया। ताम्रलिप्ति से वह सिंहलद्वीप अर्थात् श्रीलंका गया। वहाँ से वह जावा गया और जावा से फिर अपने देश को लौट गया। 414 ई. में वह चीन पहुंच गया।

फाह्यान ने 405 ई. में भारत में प्रवेश किया और 411 ई. में उसने भारत से प्रस्थान किया। इस प्रकार वह लगभग 6 वर्ष तक भारत में रहा और लगभग चौदह वर्ष तक यात्रा करता रहा। जब फाह्यान अपने देश पहुंचा तब उसने अपनी यात्रा का विवरण अपने एक मित्र को सुनाया। फाह्यान के मित्र ने इस विवरण को फो-को-की नामक ग्रंथ में लेखनी-बद्ध कर दिया। यह विवरण, प्रचीन भारत का इतिहास जानने का अच्छा साधन है।

फाह्यान का भारतीय विवरण: फाह्यान 405 से 411 ई. अर्थात् लगभग छः वर्षों तक भारतवर्ष में रहा। उसने भारत के विभिन्न भागों में भ्रमण किया। यद्यपि वह बौद्ध-ग्रन्थों को प्राप्त करने तथा तीर्थ स्थानों का दर्शन करने के लिये भारत आया था तथा इस कार्य में वह इतना तल्लीन रहा कि उसने पाटलिपुत्र में तीन वर्ष तक निवास करने के उपरांत अपने विवरण में एक बार भी चंद्रगुप्त विक्रमादित्य का नाम नहीं लिखा। फिर भी उसके विवरण से तत्कालीन राजनीतिक, सामाजिक तथा धार्मिक दशा पर पर्याप्त प्रकाश पड़ता है।

(1) राजनीतिक दशा

फाह्यान लिखता है कि शासन का मुख्य उद्देश्य प्रजा के जीवन को सुखी बनाना था। चन्द्रगुप्त का शासन बड़ा अच्छा था। उसकी प्रजा बड़ी सुखी तथा सम्पन्न थी। प्रजा को अपना कार्य करने की पूरी स्वतंत्रता थी। राजा उसके कार्यों में बहुत कम हस्तक्षेप करता था। लोग स्वतंत्रतापूर्वक व्यवसाय करके धन कमा सकते थे। क्रय-विक्रय में कौड़ियों का प्रयोग होता था।

बड़े-बड़े नगरों में राज्य की ओर से औषधालयों का प्रबंध रहता था, जहाँ प्रजा को निःशुल्क दवा मिलती थी। प्रजा पर राज्य की ओर से बहुत थोड़े कर लगाये गये थे। भूमि कर राज्य की आय का प्रधान साधन था। दण्ड-विधान कठोर न था। अपराधियों को प्रायः जुर्माने का दण्ड दिया जाता था। राजद्रोहियों का दहिना हाथ काट दिया जाता था।

लोगों को चोरी तथा ठगी का बिल्कुल भय न था। राजा से उसकी प्रजा प्रेम करती थी। यात्रियों को बड़े आदर की दृष्टि से देखा जाता था। और उन्हें एक स्थान से दूसरे स्थान पर जाने की पूर्ण स्वतंत्रता थी। यात्रियों की सुविधा के लिए सड़कें बनी थीं और उनके किनारे पर छायादार वृक्ष लगे थे। स्थान-स्थान पर कुंए खुदे रहते थे और धर्मशालाएं बनी रहती थीं, जिनमें यात्रियों को निःशुल्क भोजन मिलता था।

(2) सामाजिक दशा

फाह्यान के विवरण से भारत की सामाजिक दशा का पर्याप्त परिचय मिलता है। उसने लिखा है कि उत्तरी भारत के लोग बड़े धर्मात्मा तथा धन सम्पन्न थे। वे सदाचारी, विद्या प्रेमी तथा एक दूसरे से सहानुभूति रखने वाले थे। लोग एक दूसरे की सहायता करने के लिए उद्यत रहते थे। वे सत्यवादी होते थे और अपने व्यवहार में सत्य का पालन करते थे। लोग अहिंसात्मक प्रवृत्ति के होते थे।

सज्जन लोग न तो आखेट करते थे और न मांस, लहसुन, प्याज, मदिरा आदि का सेवन करते थे। नगरों में इन वस्तुओं की दुकानें तक नहीं थीं। इन वस्तुओं का प्रयोग केवल चाण्डाल लोग तथा नीच जातियां करती थीं। उन्हें नगर के बाहर रहना पड़ता था। वे समाज से बहिष्कृत समझे जाते थे। सूअर तथा मुर्गियों को केवल नीच लोग पालते थे।

(3) धार्मिक दशा

फाह्यान के विवरण से भारत की तत्कालीन धार्मिक दशा का भी पता चलता है। उसके विवरण से हमें ज्ञात होता है कि ब्राह्मण धर्म इस समय बड़ी उन्नत दशा में था और मध्य भारत में उसका बड़ा जोर था। सम्राट चन्द्रगुप्त स्वयं परमभागवत तथा वैष्णव धर्म का अनुयायी था। पंजाब, मथुरा तथा बंगाल में बौद्ध धर्म की प्रधानता थी।

महायान तथा हीनयान दोनों ही सम्प्रदाय विद्यमान थे। फाह्यान ने देश के विभिन्न भागों में अनेक बौद्ध विहार देखे थे परन्तु बौद्ध-धर्म अब अधःपतन की ओर जा रहा था। मध्य-भारत में तो इसका प्रभाव समाप्त सा हो रहा था। यद्यपि गुप्त सम्राट ब्राह्मण धर्म का अनुयायी था परन्तु अन्य धर्मों के साथ सहिष्णुता का व्यवहार करता था।

वह बौद्ध-धर्म को मानने वालों के साथ किसी प्रकार का अत्याचार नहीं करता था। समस्त सम्प्रदायों वाली प्रजा मेल-जोल के साथ रहती थी। उनमें ईर्ष्या-द्वेष की भावना नहीं थी। सम्राट ब्राह्मणों के साथ-साथ बौद्धों को भी दान-दक्षिणा देता था।

(4) पाटलिपुत्र की दशा

फाह्यान गुप्त-साम्राज्य की राजधानी पाटलिपुत्र में तीन वर्ष तक रहा। इस अवधि में उसने संस्कृत भाषा सीखी। उसने लिखा है कि पाटलिपुत्र में दो बड़े ही सुन्दर बौद्ध-विहार थे। इनमें से एक हीनयान सम्प्रदाय का और दूसरा महायान सम्प्रदाय का था। इन विहारों में लगभग छः-सात सौ भिक्षु निवास करते थे। भिक्षु बड़े ज्ञानवान होते थे।

समाज के विभिन्न भागों से लोग ज्ञान प्राप्त करने के लिए इन विद्वान भिक्षुओं के पास आया करते थे। फाह्यान ने पाटलिपुत्र में अशोक द्वारा बनवाये हुए सुन्दर भवन को देखा था। इस भवन की सुन्दरता से वह आश्चर्यचकित रह गया था। उसने विचार किया वह भवन देवताओं द्वारा बनाया गया है क्योंकि मनुष्य ऐसे भव्य भवन का निर्माण नही कर सकता था।

फाह्यान लिखता है कि नगर में बड़े धनी तथा दानी लोग निवास करते थे। नगर में अनेक संस्थाएं थीं जहाँ दीन-दुखियों, अपाहिजों तथा असहायों को दान मिलता था। पाटलिपुत्र में एक बहुत बड़ा औषधालय था, जहाँ दीन-दुखियों को निःशुल्क औषधि मिलती थी। औषधालय का व्यय नगर के धनी-मानी तथा दानी व्यक्ति वहन करते थे।

चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य के कार्यों का मूल्यांकन

चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य की गणना भारत के अत्यंन्त योग्य तथा सफल शासकों में होती है। उसने अपने पिता के साम्राज्य को न केवल सुरक्षित तथा सुसंगठित रखा अपितु उसकी सीमाओं में वृद्धि भी की।

महान विजेता

चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने शक-क्षत्रपों को परास्त कर मालवा, गुजरात तथा सौराष्ट्र को गुप्त-साम्राज्य में मिलाया। उसने वाह्लीकों को पश्चिमोत्तर प्रदेश से मार भगाया और गणराज्यों को अपने राज्य में सम्मिलित करके गुप्त-साम्राज्य की सीमा में वृद्धि की। उसने दक्षिण भारत पर भी गुप्त-साम्राज्य की सत्ता को फिर से स्थापित किया। इस प्रकार एक विजेता के रूप में चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य का स्थान बड़ा ऊँचा है।

महान कूटनीतिज्ञ

चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य अपने समय का बहुत बड़ा कूटनीतिज्ञ था। अपने उद्देश्य की पूर्ति के लिए वह समस्त प्रकार के साधनों का प्रयोग कर सकता था। उसने नारी का वेश धारण कर शक-राजा की हत्या की और अपने भाई रामगुप्त का वध कर पाटलिपुत्र का सिंहासन प्राप्त किया। उसने नाग-वंश तथा वाकाटक वंश के साथ वैवाहिक सम्बन्ध स्थापित कर अपनी स्थिति को अत्यंत सुदृढ़़ बनाया। इन सबसे सिद्ध होता है कि वह राजनीति का बहुत बड़ा पंडित था।

कुशल प्रशासक

चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य कुशल प्रशासक था। फाह्यान के विवरण से ज्ञात होता है कि उसकी प्रजा बड़ी सुखी थी और उससे प्रेम करती थी। उसका शासन उदार था। वह न्याय-प्रिय राजा था। उसका दंड-विधान कठोर नहीं था। मृत्यु दंड का सर्वधा निषेध था।

धार्मिक सहिष्णुता

चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य, भागवत धर्म का उपासक था जिसे वैष्णव धर्म भी कहते हैं। उसके अभिलेखों में उसे परम भागवत कहा गया है। उसमें उच्च-कोटि की धार्मिक सहिष्णुता विद्यमान थी। उसके राज्य में राजकीय नौकरियों के द्वार समस्त प्रजा के लिए खुले रहते थे। उसके मंत्री ‘वीरसेन’ तथा ‘शिखर स्वामी’ शैव धर्म के अनुयायी थे। उसका सेनापति ‘आम्रकार्दव’ बौद्ध था।

महान साहित्य प्रेमी

चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य अपने समय का महान साहित्य प्रेमी तथा साहित्यकारों का आश्रयदाता था। उसकी महानता उसके साम्राज्य निर्माण में नहीं अपितु बौद्धिक पुनरुत्थान में निहित थी। उसकी सभा में नौ महान् विद्वान रहते थे जो नवरत्न कहलाते थे। इनमें कालिदास सर्वश्रेष्ठ थे। चन्द्रगुप्त के शासन-काल में संस्कृत भाषा की बड़ी उन्नति हुई और अनेक उच्च कोटि के ग्रंथ लिखे गए। कला एवं संस्कृति की उन्नति, प्रजा की सम्पन्नता तथा राज्य में शांति के वातावरण के कारण ही गुप्तकाल को भारतीय इतिहास का स्वर्ण युग कहते हैं।

उपर्युक्त विवरण से इस निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकता है कि चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य योग्य तथा सफल शासक था और भारत के इतिहास में राजनीतिक, धार्मिक तथा सांस्कृतिक दृष्टिकोणों से उसका बड़ा महत्व है।

-डॉ. मोहनलाल गुप्ता

मूल अध्याय – गुप्त साम्राज्य

गुप्त वंश

प्रारंभिक गुप्त शासक

काच

समुद्रगुप्त

रामगुप्त

चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य

गोविंद गुप्त बालादित्य

कुमार गुप्त प्रथम

स्कन्दगुप्त

गुप्त साम्राज्य का पतन

गुप्त कालीन शासन व्यवस्था

भारत का स्वर्णयुग गुप्त-काल

गुप्त कालीन भारत

गोविंद गुप्त बालादित्य

0
गोविंद गुप्त बालादित्य - www.bharatkaitihas.com
नालंदा विश्वविद्यालय

मालव अभिलेख के अनुसार चन्द्रगुप्त (द्वितीय) की मृत्यु के बाद गोविंद गुप्त बालादित्य राजा हुआ। अतः गोविंदगुप्त अपने पिता का उत्तराधिकारी हुआ किंतु उसका शासन अत्यंत अल्पकाल का रहा।

गोविंद गुप्त बालादित्य (412-415 ई.)

बसाढ़ (वैशाली) से ध्रुवस्वामिनी की एक मुहर प्राप्त हुई है जिस पर एक लेख इस प्रकार उत्कीर्ण है- महाराजाधिराज श्री चंद्रगुप्त-पत्नी महाराज गोविन्दगुप्त माता महादेवी श्री ध्रुवस्वामिनी।

इस मुहर से निम्नलिखित निष्कर्ष निकाले जा सकते हैं-

1. किसी रानी की मुहर में उसके शासक पति और उसके युवराज पुत्र के नाम की ही अपेक्षा की जा सकती है। अतः अनुमान लगाया जा सकता है कि जिस समय यह मुहर जारी की गई उस समय चंद्रगुप्त (द्वितीय) जीवित था। अन्यथा धु्रवस्वामिनी ने स्वयं को राजमाता कहा होता।

3. यह भी अनुमान लगाया जा सकता है कि जिस समय यह मुहर जारी की गई उस समय तक कुमार गुप्त को चन्द्रगुप्त (द्वितीय) का उत्तराधिकारी घोषित नहीं किया गया था।

3. यह भी अनुमान लगाया जा सकता है कि गोविंदगुप्त, चन्द्रगुप्त (द्वितीय) का ज्येष्ठ पुत्र था तथा युवराज होने के कारण इस मुहर पर उसका नाम आया है।

मालव अभिलेख कहता है कि चन्द्रगुप्त (द्वितीय) की मृत्यु के बाद गोविंद गुप्त राजा हुआ। अतः अनुमान होता है कि गोविंदगुप्त अपने पिता का उत्तराधिकारी हुआ किंतु उसका शासन अत्यंत अल्पकाल का रहा। अनुमान है कि इस शासन की अधिकतम अवधि दो वर्ष रही। उसने 412 ई. से 415 ई. के बीच की अवधि में शासन किया। संभवतः इसकी उपाधि बालादित्य थी।

-डॉ. मोहनलाल गुप्ता

मूल अध्याय – गुप्त साम्राज्य

गुप्त वंश

प्रारंभिक गुप्त शासक

काच

समुद्रगुप्त

रामगुप्त

चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य

गोविंद गुप्त बालादित्य

कुमार गुप्त प्रथम

स्कन्दगुप्त

गुप्त साम्राज्य का पतन

गुप्त कालीन शासन व्यवस्था

भारत का स्वर्णयुग गुप्त-काल

गुप्त कालीन भारत

कुमार गुप्त प्रथम

0
कुमार गुप्त प्रथम - www.bharatkaitihas.com
कुमार गुप्त प्रथम

कुमार गुप्त प्रथम गुप्त सम्राट चन्द्रगुप्त द्वितीय का कनिष्ठ पुत्र था। उसे महेन्द्रादित्य भी कहते हैं। गोविंद गुप्त बालादित्य के संक्षिप्त शासन काल के बाद कुमारगुप्त प्रथम गुप्तों के सिंहासन पर बैठा।

कुमार गुप्त प्रथम (415-455 ई.)

बिलसड़ अभिलेख के अनुसार कुमारगुप्त की आरम्भिक तिथि 415 ई. तथा उसके चांदी के सिक्कों पर उसकी अंतिम तिथि 455 ई. प्राप्त होती है। इससे अनुमान होता है कि 415 ई. में चन्द्रगुप्त (द्वितीय) का कनिष्ठ पुत्र कुमारगुप्त (प्रथम) गुप्तों के सिंहासन पर बैठा। उसे महेन्द्रादित्य भी कहते हैं।

साम्राज्य

कुमार गुप्त प्रथम के अभिलेखों से ज्ञात होता है कि उसने अपने पूर्वजों के विशाल साम्राज्य को सुरक्षित तथा संगठित रखा। 436 ई. के एक अभिलेख में कहा गया है कि कुमारगुप्त का साम्राज्य उत्तर में सुमेरू और कैलाश पर्वत से दक्षिण में विन्ध्या वनों तक और पूर्व तथा पश्चिम में सागर के बीच फैला हुआ था।

प्रजा की स्थिति

कुमार गुप्त प्रथम का राज्य शांतिपूर्ण और समृद्धिशाली था। उसने अपने शासन के 40 वर्ष के शांतिकाल में भी अपनी सेना को बनाये रखा।

अश्वमेध यज्ञ

कुमारगुप्त की मुद्राओं से ज्ञात होता है कि उसने एक अश्वमेघ यज्ञ भी किया था।

पुष्यमित्रों पर विजय

कुमार गुप्त के शासनकाल के अन्तिम भाग में नर्मदा नदी के उद्गम के निकट निवास करने वाले पुष्यमित्र वंश के क्षत्रियों ने गुप्त-साम्राज्य पर आक्रमण कर दिया। कुमारगुप्त के पुत्र स्कन्दगुप्त ने उनकी शक्ति को छिन्न-भिन्न कर दिया।

धार्मिक सहिष्णुता

कुमारगुप्त ने अपने पिता की धर्मिक सहिष्णुता की नीति का अनुसरण किया। वह स्वयं कार्तिकेय का उपासक था तथा अन्य सम्प्रदाय वालों के साथ उदारता का व्यवहार करता था।

निधन

455 ई. में कुमारगुप्त का निधन हो गया।

-डॉ. मोहनलाल गुप्ता

मूल अध्याय – गुप्त साम्राज्य

गुप्त वंश

प्रारंभिक गुप्त शासक

काच

समुद्रगुप्त

रामगुप्त

चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य

गोविंद गुप्त बालादित्य

कुमार गुप्त प्रथम

स्कन्दगुप्त

गुप्त साम्राज्य का पतन

गुप्त कालीन शासन व्यवस्था

भारत का स्वर्णयुग गुप्त-काल

गुप्त कालीन भारत

स्कन्दगुप्त

0
स्कन्दगुप्त - www.bharatkaitihas.com
स्कन्दगुप्त

कुमारगुप्त की मृत्यु के उपरान्त उसका पुत्र स्कन्दगुप्त सिंहासन पर बैठा। जूनागढ़ अभिलेख के अनुसार वह ई. 455 में गुप्तों के सिंहासन पर बैठा।

जूनागढ़ अभिलेख में स्कन्दगुप्त अपने पिता कुमारगुप्त के नाम का उल्लेख तो करता है किंतु अपनी माता के नाम का उल्लेख नहीं करता जबकि गुप्त शासकों में इस प्रकार के शिलालेखों में अपनी माता का नाम लिखने की अनिवार्य परम्परा थी। इस कारण परमेश्वरीलाल गुप्त ने इससे यह आशय निकाला है कि स्कंद गुप्त को अपनी माता का नाम लिखना गौरवपूर्ण प्रतीत नहीं हुआ।

स्कन्दगुप्त की उपलब्धियाँ

सिंहासन की प्राप्ति

स्कन्द गुप्त वीर राजा था। अपने पिता के शासनकाल में ही उसने पुष्यमित्रों का दमन किया। जिस समय कुमारगुप्त की मृत्यु हुई, उस समय स्कन्द गुप्त राजधानी से दूर युद्ध में व्यस्त था। इस कारण स्कन्दगुप्त के छोटे भाई घटोत्कच ने सिंहासन पर अधिकार कर लिया। स्कन्द गुप्त ने राजधानी लौटकर कुछ माह में ही अपने पिता के सिंहासन पर अधिकार कर लिया। जूनागढ़ अभिलेख कहता है कि लक्ष्मी ने समस्त गुण-दोषों को पूरी तरह छान-बीन करने के बाद अन्य राजपुत्रों को ठुकराकर उनका वरण किया।

शत्रुओं का दमन

भितरी अभिलेख के अनुसार स्कंदगुप्त ने अपने पिता के राज्य का दिग्विजय द्वारा विस्तार किया और पराजितों पर दया दिखाई। जूनागढ़ अभिलेख कहता है कि स्कन्द गुप्त ने मान दर्प से अपने फणों को उठाने वाले सर्प रूपी नरपतियों का दमन किया। इससे अनुमान होता है कि स्कन्दगुप्त के सिंहासन पर बैठते ही हूणों का आक्रमण हुआ।

किदार कुषाणों का दमन

जूनागढ़ अभिलेख में कहा गया है कि स्कंदगुप्त ने म्लेच्छों का दमन किया। परमेश्वरीलाल गुप्त ने इन म्लेच्छों का साम्य किदार कुषाणों से किया है जिन्होंने स्कन्द गुप्त से परास्त होकर उत्तरी पश्चिमी पर्वतीय भूभाग में शरण ली तथा फिर वे छठी शताब्दी में किसी समय वहां से वापस लौटे तथा गांधार के कुछ भागों पर अधिकार कर लिया।

हूणों का दमन

स्कन्दगुप्त को सिंहासन पर बैठते ही विपत्तियों का सामना करना पड़ा, क्योंकि हूणों ने सिन्धु नदी को पार कर उसके साम्राज्य पर आक्रमण कर दिया। स्कन्दगुप्त ने उन्हें परास्त कर दिया। इस उपलक्ष्य में उसने देवी-देवताओं को बलि भेंट चढ़ाई तथा विष्णु स्तम्भ का निर्माण करवाया जो गाजीपुर के भीतरी नामक गांव में पाया जाता है।

जूनागढ़ अभिलेख स्कन्द गुप्त के राज्यारोहण के बाद एक-दो वर्ष की अवधि में ही लिखा गया है जिसमें कहा गया है कि स्कन्दगुप्त ने हूणों का सामना कर उन्हें पराजित कर पृथ्वी को हिला दिया। जूनागढ़ अभिलेख तथा भितरी अभिलेख दोनों ही स्कंदगुप्त की विजय की स्पष्ट घोषणा करते हुए कहते हैं कि स्कन्दगुप्त ने अपने शत्रुओं को पराजित कर पूर्णतः कुचल दिया।

हूणों ने डैन्यूब नदी से सिंधु तक क्रूर विनाशकारी स्थिति उत्पन्न कर रखी थी। उनके नेता अत्तिल ने रवेन्ना तथा कुस्तुंतुनिया दोनों ही राजधानियों पर भयानक आक्रमण किया था। उसने ईरान को परास्त करके वहां के राजा को मार डाला था। अतः स्कन्दगुप्त ने हूणों को भारत भूमि से परे धकेलकर राष्ट्र एवं प्रजा की रक्षा की।

स्कन्द गुप्त की इस सेवा का वर्णन करते हुए बी. पी. सिंह ने लिखा- ‘यदि चन्द्रगुप्त मौर्य ने यूनानियों की दासता के बंधन से देश को मुक्त किया तो चन्द्रगुप्त (द्वितीय) ने शकों की शक्ति का विनाश किया और स्कन्दगुप्त ने हूणों से साम्राज्य तथा देश की रक्षा की।’

स्कन्दगुप्त को जीवन पर्यन्त उनके साथ संघर्ष करना पड़ा परन्तु हूणों के आक्रमण बन्द नहीं हुए।

शासन प्रबंध

स्कन्दगुप्त उदार शासक था। उसे शास्त्र और न्याय दोनों के प्रति गहरी आस्था थी। जूनागढ़ अभिलेख कहता है कि उसकी प्रजा का कोई व्यक्ति अपने धर्म से च्युत नहीं होता, कोई दारिद्र्य और कदर्य से पीड़ित नहीं है और न किसी दण्डनीय को अनावश्यक पीड़ित किया जाता है। स्कन्दगुप्त के शासन काल में प्रांतपतियों को गोप्ता कहा जाता था। उनका चयन बहुत सोच समझकर किया जाता था। उनमें सर्वलोक हितैषी, विनम्रता तथा न्यायपूर्ण अर्जन की प्रवृत्तियों की परख की जाती थी।

सुदर्शन झील का जीर्णोद्धार

455 ई. में अतिवृष्टि के कारण सुदर्शन झील का बांध टूट गया। स्कन्दगुप्त ने विपुल धन राशि लगाकर सुदर्शन झील की मरम्मत कराई तथा इसके बांध का पुनः निर्माण करवाया। इस बांध से चंद्रगुप्त (द्वितीय) के समय में ही सिंचाई के लिये नहरें निकाली गई थीं।

स्कन्दगुप्त का धर्म

स्कन्दगुप्त वैष्णव धर्म का अनुयायी था। उसने भी अपने पूर्वजों की भांति धार्मिक सहिष्णुता की नीति का अनुसरण किया। उसने नालंदा में एक बौद्ध संघाराम बनवाया।

साम्राज्य की सुरक्षा

यद्यपि स्कन्दगुप्त का काल भयानक विपत्तियों का काल था परन्तु वह अपने पूर्वजों के साम्राज्य को सुरक्षित रखने में पूरी तरह सफल रहा। 460 ई. के कहवां अभिलेख में कहा गया है कि स्कन्दगुप्त ने नालंदा में बौद्ध संघाराम बनाने में सहायता की इससे अनुमान लगाया जा सकता है कि इस समय तक स्कन्दगुप्त हूणों, शकों एवं कुषाणों को अपने राज्य की सीमाओं से परे धकेल चुका था तथा राज्य में शांति हो गई थी।

मुद्राओं के भार में वृद्धि

स्कन्दगुप्त ने अपने पूर्ववर्ती गुप्त सम्राटों द्वारा जारी की गई मुद्राओं की अपेक्षा अधिक भार की मुद्रायें चलाईं। जबकि धातु की शुद्धता पहले से भी अधिक बढ़ा दी गई। इससे अनुमान होता है कि स्कन्दगुप्त का राज्य पूरी तरह समृद्ध था तथा राज्यकोष परिपूर्ण था। अनुमान है कि स्कन्दगुप्त के राज्य में सोना और चांदी सस्ते हो गये थे अतः मुद्रा का मूल्य बनाये रखने के मुद्रा के भार तथा शुद्धता में वृद्धि की गई।

चीन के साथ राजनीतिक सम्बन्ध

चीनी स्रोतों के अनुसार 466 ई. में एक भारतीय राजदूत सांग सम्राट के दरबार में गया। उस समय चीनी सम्राट् ने भारतीय नरेश को एक उपाधि प्रदान की जिसका अर्थ था- ‘अपना अधिकार सुदृढ़ रूप से स्थापित करने वाला सेनापति।’ अनुमान होता है कि यह राजदूत स्कन्दगुप्त द्वारा भेजा गया था क्योंकि इस उपाधि में स्कन्दगुप्त के राज्य की घटनाओं की झलक मिलती है।

उत्तर-पश्चिमी पंजाब का पतन

स्कंदगुप्त के शासन के अंतिम दिनों में हूणों ने उत्तर पश्चिमी पंजाब पर अधिकार कर लिया। यह संभवतः पहली बार था जब किसी आक्रांता ने गुप्तों से धरती छीनी हो।

प्रांतपतियों का विद्रोह

स्कन्दगुप्त के शासन के परवर्ती काल का कोई भी शिलालेख उत्तर प्रदेश तथा पूर्वी मध्यप्रदेश से आगे नहीं मिलता। उसकी प्रारंभिक मुद्राओं पर परमभागवत महाराजाधिराज की उपधि मिलती है किंतु बाद के सिक्कों पर परहितकारी राजा की उपाधि उत्कीर्ण है।

इससे अनुमान है कि उसके शासन के अंतिम वर्षों में हूणों ने उसके राज्य का बहुत सा भाग दबा लिया जिससे उत्साहित होकर अन्य प्रांतपतियों ने भी विद्रोह करके स्वतंत्रता प्राप्त कर ली थी। काठियावाड़ में मैत्रकों ने वलभी को राजधानी बनाकर अपना स्वतंत्र राज्य स्थापित कर लिया। स्कंदगुप्त के शासन काल में ही मालवा भी हाथ से निकल गया था।

करद राज्यों का विद्रोह

स्कन्दगुप्त के शासन काल में ही एरण में परिव्राजकों का शासन हो गया था। यह पहले गुप्तों के अधीन एक करद राज्य था।

पश्चिमी राज्यों पर छोटे राज्यों की स्थापना: स्कन्दगुप्त के शासन काल में साम्राज्य की पश्चिमी सीमा पर अनेक छोटे-छोटे राज्यों की स्थापना हो गई।

स्कन्दगुप्त की पराजय एवं राज्य बिखरने के कारण

स्कन्दगुप्त के जीवन काल में ही राज्य में आई शिथिलता, हूणों से पराजय एवं राज्य के बिखरने के दो प्रमुख कारण जान पड़ते हैं-

1. उत्तराधिकारी का अभाव

स्कन्दगुप्त के कुछ सिक्के मिले हैं जिनमें एक स्त्री की प्रतिमा उत्कीर्ण है। स्त्री की प्रतिमा वाले सिक्के स्कन्दगुप्त के शासन काल के प्रारंभिक सिक्के हैं बाद के सिक्कों पर इस तरह की प्रतिमा नहीं है। कुछ इतिहासकार इसे स्कन्दगुप्त की रानी मानते हैं तो कुछ उसे लक्ष्मी की मूर्ति मानते हैं।

अधिकांश इतिहासकारों की राय है कि स्कन्दगुप्त अविवाहित था। उसके सिक्कों पर न रानी का उल्लेख मिलता है न किसी राजकुमार का। संभवतः यही कारण था कि सम्राट की वृद्धावस्था तथा उत्तराधिकारी के अभाव के कारण हूणों का सफलता पूर्वक प्रतिरोध नहीं किया जा सका।

सम्राट की वृद्धावस्था, पराजय एवं उत्तराधिकारी के अभाव से उत्साहित होकर करद राज्यों ने कर देना बंद कर दिया तथा प्रांतपतियों ने भी स्वतंत्र राज्य स्थापित कर लिये।

2. बौद्ध धर्म का प्रभाव

स्कन्दगुप्त ने अपने प्रारंभिक सिक्कों में अपने आप को परमभागवत महाराजाधिराज घोषित किया है जबकि बाद के सिक्कों में परहितकारी कहकर अपनी दीनता प्रकट की है। कहला अभिलेख घोषणा करता है कि स्कन्दगुप्त  ने नालंदा में बौद्ध संघाराम का निर्माण करवाया। इन दों तथ्यों से अनुमान होता है कि बौद्ध धर्म में रुचि हो जाने के कारण स्कन्दगुप्त युद्धों के प्रति उदासीन हो गया। इसी कारण हूणों से उसकी पराजय हुई तथा प्रांतीय सामंतों एवं करद राज्यों ने उत्साहित होकर अपने-अपने स्वतंत्र राज्य स्थापित कर लिये।

निष्कर्ष

स्कन्दगुप्त की सफलताएं उसे अपने पूर्ववर्ती सम्राटों- चन्द्रगुप्त मौर्य, अशोक, समुद्रगुप्त और चंद्रगुप्त (द्वितीय) की पंक्ति में बैठाती हैं। उसके राज्य में पूर्ववर्ती समस्त राजाओं से अधिक समृद्धि थी। उसके अभिलेखों से ज्ञात होता है कि उसके कार्य समुद्रगुप्त की भांति महान थे किंतु वृद्धावस्था आ जाने के कारण, बौद्ध धर्म में आस्था होने के कारण, युद्धों से उदासीन होने के कारण तथा उत्तराधिकारी न होने के कारण राज्य के अंतिम वर्षों में शिथिलता आ गई। हूणों से मिली पराजय के बाद  राज्य बिखरने लगा।

स्कन्दगुप्त की मृत्यु

स्कन्दगुप्त की ज्ञात अंतिम तिथि गुप्त संवत् 148 अर्थात् 467 ई. है। विश्वास किया जाता है कि इसी वर्ष उसकी मृत्यु हुई।

-डॉ. मोहनलाल गुप्ता

मूल अध्याय – गुप्त साम्राज्य

गुप्त वंश

प्रारंभिक गुप्त शासक

काच

समुद्रगुप्त

रामगुप्त

चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य

गोविंद गुप्त बालादित्य

कुमार गुप्त प्रथम

स्कन्दगुप्त

गुप्त साम्राज्य का पतन

गुप्त कालीन शासन व्यवस्था

भारत का स्वर्णयुग गुप्त-काल

गुप्त कालीन भारत

गुप्त साम्राज्य का पतन

0
गुप्त साम्राज्य का पतन - www.bharatkaitihas.com
गुप्त साम्राज्य का पतन

ईस्वी 570 के आसपास गुप्त साम्राज्य का पतन हो गया। गुप्तों के पतन के बाद देश की राजनीतिक एकता भंग हो गई तथा छोटे-छोटे राज्यों का उदय होने लगा।

उत्तरकालीन गुप्त सम्राट

स्कन्दगुप्त के बाद उसका विमात-पुत्र पुरुगुप्त वृद्धावस्था में सिंहासन पर बैठा। पुरुगुप्त ने 467 ई. से 473 ई. तक शासन किया। उसने धनुर्धर प्रकार की स्वर्ण मुद्रायें चलाईं। डॉ. रायचौधरी ने भरसार से पाये गये सिक्कों पर अंकित प्रकाशादित्य को पुरुगुप्त अथवा उसके किसी तात्कालिक उत्तराधिकारी की गौण उपाधि माना है।

पुरुगुप्त साम्राज्य को विशृंखलित होने से नहीं बचा सका। उसका चाचा गोविन्दगुप्त, जो मालवा में शासन करता था, स्वतंत्र हो गया। उसका अनुसरण करके अन्य प्रान्तपति भी स्वतंत्र होने का प्रयत्न करने लगे। उसके बाद कई शक्तिहीन राजा हुए जो गुप्त-साम्राज्य को नष्ट होने से नहीं बचा सके।

गुप्त सम्राटों में अंतिम सम्राट कुमारगुप्त (तृतीय) तथा विष्णुगुप्त हुए। इनकी अंतिम तिथि 570 ई. के लगभग मिलती है। इसके बाद गुप्तवंश के किसी राजा का उल्लेख नहीं मिलता है।

गुप्त साम्राज्य का पतन होने के कारण

गुप्त सम्राटों ने 275 ई. से 550 ई. तक पूरी शक्ति एवं ऊर्जा से शासन किया। उसके बाद उनकी अवनति आरंभ हो गई तथा 570 ई. के लगभग उनका राज्य पूरी तरह नष्ट हो गया। गुप्तों के पतन के कई कारण थे जिनमें से कुछ प्रमुख कारण इस प्रकार से हैं-

(1) अयोग्य उत्तराधिकारी

गुप्त साम्राज्य के पतन का सर्वप्रथम कारण यह था कि स्कन्दगुप्त की मृत्यु के उपरान्त पुरुगुप्त, नरसिंहगुप्त, कुमारगुप्त (द्वितीय), भानुगुप्त आदि गुप्त-सम्राट् अयोग्य तथा शक्तिहीन थे। उनमें विशाल गुप्त-साम्राज्य को सुरक्षित रखने की क्षमता नहीं थी। केन्द्रीभूत शासन की सुरक्षा तथा सुदृढ़़ता सम्राट् की योग्यता पर ही निर्भर रहती है। इसलिये अयोग्य शासकों के शासन-काल में साम्राज्य का छिन्न-भिन्न हो जाना स्वाभाविक था।

(2) हूणों के आक्रमण

गुप्त-साम्राज्य के पतन का दूसरा कारण हूणों का आक्रमण था। यद्यपि स्कन्दगुप्त ने सफलतापूर्वक इन आक्रमणों का सामना किया परन्तु हूणों के आक्रमण बन्द नहीं हुए। उत्तरकालीन निर्बल गुप्त-सम्राटों के शासन-काल में ये आक्रमण और अधिक बढ़ गये।

(3) निश्चित सीमा नीति का अभाव

परवर्ती गुप्त-सम्राटों ने विदेशी आक्रमणों को रोकने के लिए किसी निश्चत सीमा नीति का अनुसरण नहीं किया। न ही सीमाओं पर नियुक्त सेनाओं के सुदृढ़़ीकरण पर ध्यान दिया। इसलिये वे हूणों के लगातार हो रहे आक्रमणों को लम्बे समय तक रोक नहीं सके।

(4) प्रान्तपतियों की महत्त्वाकांक्षाएँ

गुप्त-साम्राज्य के पतन का तीसरा कारण प्रान्तपतियों की महत्त्वाकांक्षाएँ थीं। स्कन्दगुप्त के बाद जब अयोग्य शासक सिंहासन पर बैठे तब प्रान्तपतियों ने स्वयं को स्वतंत्र घोषित करना आरम्भ कर दिया। सबसे पहले बल्लभी के मैत्रकों ने स्वयं को स्वतंत्र घोषित किया। इसके बाद सौराष्ट्र, मालवा, बंगाल आदि के शासकों ने भी स्वयं को स्वतन्त्र घोषित कर दिया जिससे गुप्त-साम्राज्य छिन्न-भिन्न हो गया।

(5) आर्थिक विपन्नता

गुप्त-साम्राज्य के पतन का चौथा करण आर्थिक विपन्नता थी। यह विपन्नता स्कन्दगुप्त के शासन-काल में ही आरम्भ हो गई थी। ब्राह्य-आक्रमणों को रोकने में परवर्ती गुप्त-सम्राटों को विपुल धन व्यय करना पड़ा। जिससे राज-कोष धीरे-धीरे रिक्त हो गया और शासन का सुचारू रीति से संचालित करना असम्भव हो गया। फलतः सर्वत्र कुव्यवस्था फैल गई और गुप्त-साम्राज्य छिन्न-भिन्न हो गया।

(6) बौद्ध धर्म को राजधर्म बनाना

गुप्त-साम्राज्य के पतन का पांचवां तथा अन्तिम कारण यह था कि गुप्त वंश के परवर्ती शासकों ने ब्राह्मण धर्म त्याग कर बौद्ध-धर्म को स्वीकार कर लिया। बौद्ध-धर्म अंहिसा-धर्म है इसलिये वह सैन्य-शक्ति को बल नहीं प्रदान करता। इसका परिणाम यह हुआ कि गुप्त-साम्राज्य की सैन्य-शक्ति दिन पर दिन क्षीण होती गई और साम्राज्य हूणों की सैन्य शक्ति का शिकार बनकर नष्ट हो गया।

(7) यशोवर्मन का उत्कर्ष

कुमारगुप्त (तृतीय) के शासनकाल में मंदसौर के क्षेत्रीय शासक यशोवर्मन ने अपनी शक्ति बढ़ाई। उसने हूणों को परास्त किया तथा मगध तक धावा बोला। गुप्त साम्राज्य के पतन का तात्कालिक कारण यशोवर्मन का पूर्वी भारत का सैनिक अभियान ही था।

-डॉ. मोहनलाल गुप्ता

मूल अध्याय – गुप्त साम्राज्य

गुप्त वंश

प्रारंभिक गुप्त शासक

काच

समुद्रगुप्त

रामगुप्त

चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य

गोविंद गुप्त बालादित्य

कुमार गुप्त प्रथम

स्कन्दगुप्त

गुप्त साम्राज्य का पतन

गुप्त कालीन शासन व्यवस्था

भारत का स्वर्णयुग गुप्त-काल

गुप्त कालीन भारत

गुप्त कालीन शासन व्यवस्था

0
गुप्त कालीन शासन व्यवस्था - www.bharatkaitihas.com
गुप्त कालीन शासन व्यवस्था को दर्शातीं स्वर्णमुद्राएँ

गुप्त कालीन शासन व्यवस्था राज्य के संरक्षण एवं प्रजा के हित-साधन के सिद्धांतों पर केन्द्रित थीं। शासक द्वारा प्रजा से न्यूनतम कर लिया जाता था।

गुप्त कालीन शासन व्यवस्था के मूल तत्व

शासन का आदर्श

गुप्त-सम्राटों के शासन का आदर्श बहुत ऊँचा था। वे स्वयं को प्रजा का ऋणी समझते थे और प्रजा की सेवा करके ही इस ऋण से मुक्त होना चाहते थे। इसलिये गुप्त-साम्राज्य ने लोक-हित के अनेक कार्य किये। गमनागमन की सुविधा के लिए सड़कें बनवाईं। उनके किनारे पर छायादार वृक्ष लगवाये। स्थान-स्थान पर कुएँ खुदवाये। धर्मशालाएँ बनवाईं।

सिंचाई की सुविधा के लिए झीलें तथा तालाब खुदवाये। रोगियों की चिकित्सा के लिए औषधालय खुलवाये जिनमें रोगियों को निःशुल्क औषधि दी जाती थी। राज्य की ओर से शिक्षा की भी समुचित व्यवस्था की गई। साहित्य तथा कला को प्रोत्साहन दिया गया। राज्य के इन उदार तथा लोकोपकारी कार्यों का परिणाम यह हुआ कि प्रजा सुख तथा शान्ति का जीवन व्यतीत करती थी।

सामंती व्यवस्था

गुप्त-साम्राज्य अत्यन्त विशाल साम्राज्य था। इसलिये उस युग में जब गमनागमन के साधनों का सर्वथा अभाव था, एक केन्द्र से सम्पूर्ण शासन को चलाना सम्भव न था। फलतः गुप्त सम्राटों ने सामन्ती शासन व्यवस्था का अनुसरण किया और साम्राज्य के सुदूरस्थ प्रान्तों का शासन अपने सामन्तों को सौंप दिया, जिन पर वे कड़ा नियन्त्रण रखते थे।

शासन की सुविधा के लिए सम्पूर्ण साम्राज्य को कई छोटी-छोटी इकाइयों में विभक्त किया गया था और प्रत्येक इकाई के लिए अलग-अलग पदाधिकारी नियुक्त किये गये थे परन्तु इन सब पर केन्द्रीय सरकार का कड़ा नियन्त्रण रहता था जिससे साम्राज्य सुसंगठित बना रहे।

संघीय शासन व्यवस्था

गुप्त साम्राज्य मौर्यों के साम्राज्य की भांति सम्राटों के सीधे एवं कठोर अनुशासन में नहीं था। साम्राज्य में अनेक महाराजा, राजा और गणराज्य सम्मिलित थे जो सम्राट की अधीनता मानते थे किंतु आंतरिक शासन में स्वतंत्र थे। विशाल गुप्त साम्राज्य के अंतर्गत यद्यपि उत्तरी भारत के अधिकांश भागों पर गुप्त नरेशों का प्रत्यक्ष शासन स्थापित था।

अन्य क्षेत्रों में उनके शासन का स्वरूप संघीय था। जहां उनके अधीनस्थ राजा अर्द्ध स्वतंत्र शासकों की तरह राज्य करते थे। ऐसे क्षेत्रों में गुप्तों का शासन प्रबंध पूरी तरह प्रभावी नहीं था।

केन्द्रीय प्रशासन

सम्राट: गुप्त कालीन शासन व्यवस्था राजतन्त्रात्मक थी। राजा ही शासन का प्रधान होता था और विभिन्न विभागों पर पूरा नियन्त्रण रखता था। वह शासन के तीनों अंगों- सेना, शासन तथा न्याय का प्रधान होता था। सम्राट अपने मंत्रियों तथा पदाधिकारियों के परामर्श तथा सहायता से शासन चलाता था। राज्य की राजधानी में केन्द्रीय राजकीय कार्यालय होता था। केन्द्रीय शासन कई उपविभागों में विभक्त था जिनमें- सैन्य विभाग, विदेश विभाग, पुलिस विभाग, माल विभाग, न्याय विभाग, धर्म विभाग आदि प्रमुख रहे होंगे। प्रशासनिक कार्यों के लिये अधिकारियों एवं कर्मचारियों का एक बड़ा वर्ग होता था।

मंत्रिपरिषद्

सम्राट शासन के समस्त महत्वपूर्ण कार्यों में मंत्रिपरिषद् से परामर्श लेता था। केन्द्रीय विभागों के कार्य प्रधानमंत्री, अमात्य, कुमारामात्य, युवराज-कुमारामात्य आदि पदाधिकारी करते थे। मंत्रिपरिषद के विभिन्न विभागों के निश्चित स्वरूप की जानकारी नहीं मिलती किंतु गुप्त अभिलेखों से दो प्रमुख मंत्रियों- संधिविग्रहिक (युद्ध एवं संधि सम्बन्धी मंत्री) तथा अक्षपटलाधिकृत (शासकीय पत्रों से सम्बन्धित मंत्री) के बारे में जानकारी मिलती है।

शासन के वरिष्ठ अधिकारी

गुप्त कालीन अभिलेखों से कुछ अन्य केन्द्रीय पदाधिकारियों के नाम मिलते हैं- विनयस्थितिस्थापक (न्यायाधीश), दण्डपाशिक (पुलिस विभाग का सर्वोच्च अधिकारी), कुमारामात्य (शासन का वरिष्ठ अधिकारी), महासेनापति (सेना का सर्वोच्च अधिकारी), भाण्डारिक (सैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति करने वाला) आदि।

सैनिक शासन

गुप्त-काल साम्राज्यवाद का युग था। गुप्त सम्राटों ने अत्यन्त विशाल साम्राज्य की स्थापना की। इस साम्राज्य की स्थापना विशाल, प्रशिक्षित तथा सुसज्जित सेना की सहायता से की गई थी। इस सेना के चार प्रधान अंग थे- हाथी, घोड़े, रथ तथा पैदल। सम्राट स्वयं सैनिकों को भर्ती करता था। वह अपनी सेना का प्रधान सेनापति होता था और रणस्थल में सेना की प्रथम पंक्ति में विद्यमान रहता था।

सैनिक विभाग का मुख्य अधिकारी संधि-विग्रहिक था जिसे संधि और युद्ध करने का अधिकार प्राप्त होता था। उसके अधीन महासेनापति अथवा महादण्डनायक (प्रमुख सेनापति), रण भाण्डारिक (सैन्य सामग्री की आपूर्ति करने वाला अधिकारी), बलाधिकृत (सैनिकों की नियुक्ति करने वाला अधिकारी), भटाश्वपति (पैदल सेना और घुड़सवारों का अध्यक्ष) आदि अधिकारी होते थे। सेना का कार्यालय बलाधिकरण कहलाता था।

प्रांतीय शासन

शासन की सुविधा के लिये साम्राज्य को अनेक इकाइयों में विभक्त किया गया था। सबसे बड़ी इकाई प्रांत थी जिसे देश या भुक्ति कहते थे। सौराष्ट्र, अवन्ति (पश्चिमी मालवा), ऐरण (पूर्वी मालवा), तीरभुक्ति (उत्तरी बिहार), पुण्ड्रवर्द्धन (उत्तरी बंगाल) आदि गुप्त साम्राज्य के प्रमुख प्रांत थे।

प्रान्तीय शासक भोगिक, भोगपति, गोप्ता, उपरिक, महाराज या राजस्थानीय कहलाते थे। प्रांत से छोटी इकाई को प्रदेश कहा जाता था। उससे छोटी इकाई विषय कहलाती थी। विषयों के अधिकारी विषयपति कहलाते थे। शासन की सबसे छोटी इकाई ग्राम थी।

स्थानीय शासन

नगर प्रशासन

गुप्तों के साम्राज्य में दशपुर, गिरिनार, उज्जयिनी, पाटलिपुत्र आदि प्रसिद्ध नगर थे। नगरों को पुर भी कहा जाता था। नगर या पुर के शासक को नगरपति या पुरपाल कहते थे। गुप्तों के नगर प्रशासन के सम्बन्ध में दामोदरपुर (बंगाल) के ताम्रपत्र से जानकारी मिलती है। नगर प्रशासन में स्थानीय श्रेणियों, नियमों, आदि का महत्वपूर्ण योगदान होता था। मंदसौर अभिलेख में कपड़ा बनाने वालों की पट्टवाय श्रेणी द्वारा एक सूर्यमंदिर बनवाने का उल्लेख मिला है। वैशाली मोहरों से श्रेष्ठि, सार्थवाह, निगमों के अस्तित्व का ज्ञान होता है।

ग्राम प्रशासन

ग्राम प्रशासन के मुखिया को ग्रामिक कहते थे। ग्राम सभा के सदस्य महत्तर कहलाते थे। जंगलों की देखभाल करने वाला गौल्मिक कहलाता था। ग्राम परिषद या ग्राम सभा पर ग्राम प्रशासन का दायित्व होता था।

न्याय व्यवस्था

राजा, सर्वोच्च न्यायाधीश होता था। राजा के न्यायालय को सभा, धर्मस्थान अथवा धर्माधिकरण कहा जाता था। गुप्त काल में लिखी गई नारद स्मृति में चार प्रकार के न्यायालयों का उल्लेख है- (1.) कुल, (2.) श्रेणी, (3.) गण और (4.) राजकीय न्यायालय। न्याय विभाग के अधिकारी को विनस्थितिस्थापक कहा गया है।

दण्ड विधान

अपराधों का पता लगाने के लिये गुप्तचर और अपराधियों को दण्ड देने के लिए दंडाधिकारी होते थे। दंड-विधान कठोर नहीं था। अपराध की गुरुता के आधार पर न्यूनाधिक अर्थदण्ड ही दिया जाता था। शारीरिक यातनायें प्रायः नहीं दी जाती थीं और प्राणदण्ड देने का निषेध था।

आय-व्यय के साधन

आय

राज्य की आय का मुख्य साधन भूमिकर था, जिसे भाग, भोग या उद्रेग कहते थे। यह उपज का 1/6 भाग होता था। इसके अतिरिक्त एक दूसरा कर उपरिकर था जो राजा के व्यक्तिगत उपयोग के लिये सामान के रूप में लिया जाता था। आय के अन्य स्रोत सिंचाई कर, अर्थदण्ड, सामन्ती राजाओं से कर, उपहार इत्यिादि थे।

व्यय

राजकीय कर्मचारियों को राज्यकोष से वेतन दिया जाता था। राज्य के कोष का बहुत बड़ा भाग इस वेतन में चला जाता था। राज्य द्वारा किये गगये लोकोपकारक कार्यों, सेना व पुलिस विभाग पर भी राज्य का काफी धन खर्च होता था।

निष्कर्ष

उपरोक्त तथ्यों के आधार पर कहा जा सकता है कि गुप्त कालीन शासन व्यवस्था न केवल सुविकसित थी अपितु लोककल्याण के तत्वों पर खड़ी थी। गुप्त कालीन शासन व्यवस्था पर प्रकाश डालते हुए नीलकान्त शास्त्री ने लिखा है- ‘गुप्तकालीन शासन तथा उसकी सफलता के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी प्राप्त है और यह निष्कर्ष निकलता है कि गुप्तों का शासन बड़ा ही सुव्यवस्थित था।’

-डॉ. मोहनलाल गुप्ता

मूल अध्याय – गुप्त साम्राज्य

गुप्त वंश

प्रारंभिक गुप्त शासक

काच

समुद्रगुप्त

रामगुप्त

चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य

गोविंद गुप्त बालादित्य

कुमार गुप्त प्रथम

स्कन्दगुप्त

गुप्त साम्राज्य का पतन

गुप्त कालीन शासन व्यवस्था

भारत का स्वर्णयुग गुप्त-काल

गुप्त कालीन भारत

भारत का स्वर्णयुग गुप्त-काल

0
भारत का स्वर्णयुग गुप्त-काल - www.bharatkaitihas.com
भारत का स्वर्णयुग गुप्त-काल

गुप्त शासकों के शासन काल को भारत का स्वर्णयुग कहा जाता है। इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि इस काल में प्रजा सुखी एवं सम्पन्न थी। प्रजा को न तो शासन का और न अपराधियों का भय था।

इतिहास में स्वर्ण युग का तात्पर्य उस युग से होता है जो अन्य युगों से अधिक गौरवपूर्ण तथा ऐश्वर्यवान रहा हो, जिसमें राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक तथा सांस्कृतिक दृष्टि से देश का चूड़ान्त विकास हुआ हो, जिसमें प्रजा को भौतिक तथा नैतिक विकास का पूर्ण अवसर प्राप्त हुआ हो, जिसमें समृद्धि तथा सम्पन्नता का बाहुल्य रहा हो, जिसमें साहित्य तथा कला का विकास हुआ हो।  

गुप्त-काल भारत का स्वर्णयुग क्यों

गुप्त काल को भारत का स्वर्णयुग कहा गया है। इस कथन के समर्थन में निम्नलिखित तर्क दिये जाते हैं-

(1) राजनीतिक एकता का युग

इस काल में भारत को जो राजनीतिक एकता प्राप्त हुई, वह इसके पूर्व कभी प्राप्त नहीं हुई थी। डॉ. राधाकुमुद मुकर्जी ने गुप्त-सम्राटों द्वारा स्थापित की गई राजनीतिक एकता पर प्रकाश डालते हुए लिखा है- ‘गुप्त साम्राज्य बड़ा ही सुसंगठित राज्य था जिसे अपनी सार्वभौम सम्प्रभुता की छत्रछाया में भारत के बहुत बड़े भाग पर राजनीतिक एकता स्थापित करने में सफलता प्राप्त हुई और इतने बड़े क्षेत्र पर अपना प्रभाव स्थापित किया जो उससे भी बड़ा था जो प्रत्यक्ष रूप में उसके साम्राज्य तथा शासन के अन्तर्गत था।’

इस काल का प्रतापी तथा दिग्विजयी सम्राट् समुद्रगुप्त था। उसने सम्पूर्ण उत्तरी भारत को जीत कर सुसंगठित तथा सुव्यवस्थित राज्य की स्थापना की थी। उसने अटवी प्रदेश, दक्षिणापथ तथा पश्चिमोत्तर प्रदेश के राज्यों को नत-मस्तक कर उन्हें अपना प्रभुत्व स्वीकार करने के लिए विवश किया।

इस प्रकार समुद्रगुप्त ने उस राजनीतिक एकता को फिर स्थापित कर दिया जो अशोक की मृत्यु के उपरान्त समाप्त हो गई थी। चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने अपने पिता के साम्राज्य में वृद्धि की। उसने शकों को ध्वस्त करके ‘शकारि’ की उपाधि धारण की। उसने वाह्लीकों को नत-मस्तक किया। उसने विक्रमादित्य की

उपाधि धारण की। स्कन्दगुप्त ने हूणों के आक्रमणों का सफलता पूर्वक सामना किया और अपने पूर्वजों के विशाल साम्राज्य को सुरक्षित रखा। इस प्रकार राजनीतिक एकता की दृष्टि से गुप्त-काल को स्वर्णयुग कहना उचित है।

(2) शान्ति तथा सुव्यवस्था का युग

गुप्त-काल शान्ति तथा सुव्यवस्था का युग था जिसमें प्रजा को अपनी चरमोन्नति का अवसर प्राप्त हुआ। इसी से डॉ. राधाकुमुद मुकर्जी ने लिखा है- ‘देश की जो भौतिक तथा नैतिक उन्नति हुई वह सुव्यवस्थित राजनीति दशा का ही परिणाम था।’ गुप्त शासन बड़ा ही उदार तथा दयापूर्ण था। प्रजा को अपनी उन्नति के लिये पूर्ण स्वतन्त्रता प्राप्त थी।

बाह्य तथा आन्तरिक विपत्तियों से प्रजा की रक्षा करने के लिए राज्य की ओर से पूर्ण व्यवस्था की गई थी। न्याय की बड़ी सुन्दर व्यवस्था की गई थी किंतु कठोर दण्ड विधान का प्रावधान नहीं किया गया था। किसी अपराधी को प्राण-दण्ड नहीं दिया जाता था। गुप्त-सम्राटों ने यातायात के साधनों की समुचित व्यवस्था करके व्यापार की उन्नति में बड़ा योग दिया।

इस काल में न केवल आन्तरिक वरन् बाह्य-व्यापार की भी बहुत बड़ी उन्नति हुई। कृषि की उन्नति की समुचित व्यवस्था की गई। जलाशयों तथा जल-कुण्डों का निर्माण कर सिंचाई की समुचित व्यवस्था की गई जिससे अनावृष्टि होने पर कृषि की रक्षा हो सकती थी। गुप्त सम्राटों के काल में देश धन-धान्य से परिपूर्ण हो गया और सोने की चिड़िया कहलाने लगा।

गुप्त-सम्राटों ने स्वर्ण-मुद्राओं का प्रचलन कर वास्तव में इसे स्वर्ण युग बना दिया। राज्य की ओर से प्रजा की दैहिक, नैतिक तथा आघ्यात्मिक उन्नति का प्रयत्न किया गया। राज्य की ओर से दीन-दुखियों तथा रोगियों की सहायता का भी समुचित प्रबन्ध किया गया था। गुप्त-काल में स्थानीय संस्थाओं को पर्याप्त स्वतन्त्रता प्राप्त थी और स्वायत्त शासन को प्रोत्साहन दिया जाता था।

अल्तेकर ने गुप्त कालीन शासन की प्रशंसा करते हुए लिखा है- ‘इसलिये गुप्त शासन व्यवस्था पर गर्व कर सकते हैं जो अपने काल के तथा बाद के राज्यों के लिए आदर्श व्यवस्था बन गई।’ इसलिये प्रशासनिक दृष्टिकोण से भी गुप्त काल को भारत का स्वर्णयुग कहना सर्वथा उचित है।

(3) धार्मिक सहिष्णुता का युग

धार्मिक दृष्टिकोण से भी गुप्त काल का बहुत बड़ा महत्त्व है। यह ब्राह्मण-धर्म के पुनरुद्धार तथा विकास का स्वर्णयुग था। इस काल में न केवल भारत के कोने-कोने में ब्राह्मण-धर्म का प्रसार हुआ अपितु इण्डोचीन तथा पूर्वी-द्वीप समूह में भी इसका प्रचार हो गया। ब्राह्मण-धर्म के अनुयायी होते हुए भी गुप्तवंश के सम्राटों में उच्च-कोटि की धार्मिक सहिष्णुता थी।

उन्होंने अन्य धर्मों के अनुयायियों को प्रश्रय दिया। स्मिथ ने लिखा है- ‘यद्यपि गुप्त सम्राट ब्राह्मण धर्म के अनुयायी थे परन्तु प्राचीन भारतीय परम्परा के अनुकूल वे समस्त भारतीय धर्मों को समान दृष्टि से देखते थे।’ इसलिये धार्मिक दृष्टिकोण से भी गुप्त काल को भारत का स्वर्णयुग कहना सर्वथा उचित है।

(4) वैदिक सभ्यता तथा संस्कृति की रक्षा का युग

गुप्त-काल वैदिक सभ्यता तथा संस्कृति की रक्षा का युग माना जाता है। स्मिथ ने लिखा है- ‘इतना ही बता देना पर्याप्त है कि ब्राह्मण धर्म के पुनरुद्धार के साथ-साथ ब्राह्मणों की पवित्र भाषा संस्कृत का भी विस्तार हुआ।’ वैदिक धर्म, जो निष्प्राण-सा हो गया था, उसे गुप्त सम्राटों ने फिर अनुप्राणित किया और उसे स्वीकार कर, उसे राज्य का आश्रय प्रदान कर उसका विकास किया।

समुद्रगुप्त, चन्द्रगुप्त (द्वितीय) तथा स्कन्दगुप्त ने अश्वमेध यज्ञों को कराकर वैदिक धर्म की प्रतिष्ठा को फिर से स्थापित किया। ब्राह्मणों को दान देकर एवं उनका सम्मान कर गुप्त सम्राटों ने वर्णाश्रम धर्म की प्रतिष्ठा को पुनः स्थापित किया। उन्होंने अनेक शैव तथा वैष्णव मन्दिरों का निर्माण करा कर ‘परम भागवत’ होने का परिचय दिया।

गुप्त साम्राटों ने वैदिक धर्म के साथ-साथ वैदिक भाषा अर्थात् संस्कृत के विकास में भी बड़ा योग दिया। गुप्त काल में संस्कृत फिर से राष्ट्र की भाषा बन गई। गुप्त सम्राटों ने अपने अभिलेखों तथा मुद्राओं पर संस्कृत भाषा में ही श्लोक लिखवाये। इस कारण संस्कृत ही एक मात्र साहित्यिक भाषा हो गई। बौद्ध तथा जैन धर्मों के लेखक भी संस्कृत भाषा में ही ग्रन्थ रचना करने लगे। इसलिये वैदिक सभ्यता तथा संस्कृति की दृष्टि से निश्चय ही यह काल भारत का स्वर्णयुग था।

(5) साहित्य तथा विज्ञान की उन्नति का युग

साहित्य तथा विज्ञान की उन्नति के दृष्टिकोण से भी गुप्त काल ‘स्वर्ण युग’ था।

इस काल के साहित्यिक गौरव की प्रशंसा करते हुए स्मिथ ने लिख है- ‘गुप्त युग अनेक क्षेत्रों में अद्वितीय क्रियाशीलता का युग था। यह ऐसा युग था जिसकी तुलना इंगलैण्ड के एलिजाबेथ और स्टुवर्ट के काल से करना अनुचित न होगा। जिस प्रकार इंगलैण्ड में शेक्सपियर अन्य समस्त लेखकों का सिरमौर था, उसी प्रकार भारत में कालिदास सर्वोपरि था। जिस प्रकार यदि शेक्सपियर ने कुछ भी नहीं लिखा होता तो भी एलिजाबेथ का काल साहित्य-सम्पन्न रहा होता, उसी प्रकार यदि भारत में कालिदास का साहित्य जीवित न रहा होता तो भी अन्य लेखकों की रचनाएं इतनी प्रचुर हैं कि वे इस काल की अद्वितीय साहित्यिक सफलता प्रमाणित करने के लिये पर्याप्त हैं।’

गुप्तकाल में देश में साहित्य तथा दर्शन का चूड़ान्त विकास हुआ। इस युग में अनेक महाकवि, नाटककार तथा दार्शनिक हुए जिनमें कालिदास, हरिषेण, वसुबन्धु, विशाखदत्त, वराहमिहिर आदि अग्रगण्य हैं। साहित्य की चरमोन्नति के कारण ही इसकी तुलना एलिजाबेथ तथा पेरिक्लीज के युग से की गई है।

गुप्तकाल में भौतिक, आध्यात्मिक तथा दार्शनिक समस्त प्रकार की साहित्य की उन्नति हुई। विज्ञान की भी इस काल में बड़ी उन्नति हुई। गणित, ज्योतिष, वैदिक, रसायन विज्ञान, पदार्थ विज्ञान तथा धातु विज्ञान के क्षेत्र में बहुत प्रगति हुई। आर्यभट्ट इस काल का बहुत बड़ा गणितज्ञ तथा ज्योतिषी था। वराहमिहिर भी इस काल का बहुत बड़ा ज्योतिषी था। चरक तथा सुश्रुत इस काल के विख्यात वैद्य थे।

(6) कला की चरमोन्नति का युग

गुप्तकाल भारतीय कलाओं का स्वर्ण युग था। इस काल में वास्तु कला, शिल्प कला, मूर्ति निर्माण कला, वाद्य कला, संगीत कला तथा अन्य समस्त कलाओं की उन्नति हुई। अजन्ता की गुफाओं की चित्रकारी, बौद्ध तथा हिन्दू मूर्तियाँ, शैव तथा वैष्णव मन्दिर, विहार, चैत्य तथा स्तूप इस कला की उच्चता के ज्वलंत प्रमाण हैं। इस काल की कला बड़ी ही स्वाभाविक, सरल तथा विदेशी प्रभाव से मुक्त है।

सॉण्डर्स ने लिखा है- ‘सारनाथ की बौद्ध प्रतिमाएं इस जागरण का उतना ही प्रतिनिधित्व करती हैं जितना कालिदास की कविताएं। गुप्त काल में एक नवीन बौद्धिकता व्याप्त थी जो वास्तु तथा स्थापत्य कलाओं में उतनी ही प्रतिबिम्बित होती है जितनी साहित्य और विज्ञान में। एक प्रकार का तार्किक सौन्दर्य जो अनेक रूपों में अपनी पूर्ण पराकाष्ठा पर पहुंचे हुए यूनान की याद दिलाता है और जीवन के प्रति उत्साह तथा साहसिकता की भावना में यह हमें एलिजाबेथ के काल की याद दिलाता है।’

इसलिये कला के दृष्टिकोण से भी गुप्त काल को भारत का स्वर्णयुग मानने में कोई आपत्ति नहीं हो सकती।

(7) विदेशों पर भारतीय सभ्यता तथा संस्कृति का प्रभाव

गुप्त काल में भारतीय सभ्यता तथा संस्कृति का खूब प्रचार हुआ और विदेशों में भारतीय उपनिवेशों की स्थापना हुई। जावा की एक अनुश्रुति के अनुसार इस काल में गुजरात के एक राजकुमार ने कई हजार मनुष्यों के साथ समुद्र पार कर जावा में उपनिवेश की स्थापना की।

गुप्तकाल में पूर्वी द्वीप समूहों के साथ भारत का घनिष्ठ व्यापारिक तथा सांस्कृतिक सम्बन्ध स्थापित हो गया। गुप्तकाल में सुमात्रा, जावा, बोर्निया, चम्पा कम्बोडिया आदि द्वीपों में भारतीय भाषा, साहित्य तथा शिक्षा का खूब प्रचार हुआ। इन द्वीपों में भारतीय सामाजिक प्रथाओं, धर्म, कला तथा शासन पद्धति का अनुसरण होने लगा।

डॉ. अल्तेकर ने लिखा है- ‘यदि एक ओर भारत और दूसरी ओर चीन के बीच कोई सांस्कृतिक एकता विद्यमान है, यदि मूल्यवान स्मारक, जो भारत की संस्कृति के गौरव के मूक साक्षी हैं, समस्त इंडोचीन, जावा, सुमात्रा तथा बोर्निया में विकीर्ण परिलक्षित होते हैं तो इसका श्रेय गुप्तकाल को ही प्राप्त है, जिसने भारतीय संस्कृति को बाहर विस्तारित करने की प्रेरणा प्रदान की।’ इसलिये विदेशों में भारतीय सभ्यता तथा संस्कृति के प्रचार के दृष्टिकोण से गुप्त-काल निःसंदेह ‘स्वर्ण युग है।’

निष्कर्ष

उपर्युक्त विवरण से स्पष्ट है कि गुप्त काल में भारत की जो राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक, धार्मिक तथा सांस्कृतिक उन्नति हुई वह न तो उसके पूर्व कभी हो सकी थी और न उसके बाद कभी हो सकी। हर्ष के भगीरथ प्रयास करने पर भी भारत पतनोन्मुख होने से न बच सका। इसलिये गुप्तकाल को भारत का स्वर्णयुग कहना सर्वथा उचित है।

डॉ. रमाशंकर त्रिपाठी ने लिखा है- ‘साम्राज्यवादी गुप्त सम्राटों का काल हिन्दू इतिहास में प्रायः स्वर्ण युग बताया जाता है। इस काल में कई योग्य, विलक्षण प्रतिभाशाली तथा शक्तिशाली राजाओं ने शासन किया, जिन्होंने उत्तरी भारत के बहुत बड़े भाग का संगठन करके उसे एक राजनीतिक छत्र के नीचे ला दिया और एक व्यवस्थित तथा उन्नतिशील युग का प्रादुर्भाव किया। उनके शक्तिशाली शासन के अन्दर बाह्य तथा आन्तरिक दोनों ही प्रकार के व्यापार की उन्नति हुई और देश की सम्पन्नता बढ़ गई। इसलिये यह स्वाभाविक था कि आन्तरिक सुरक्षा तथा भौतिक सम्पन्नता की अभिव्यक्ति धर्म, साहित्य, कला तथा विज्ञान के विकास में उन्नति हुई हो।’

इस प्रकार गुप्त काल भारत की सर्वतोमुखी उन्नति का काल था। इसी कारण इतिहासकारों ने इसे भारत का स्वर्णयुग कहा है। स्मिथ ने गुप्त काल के ऐश्वर्य तथा वैभव की प्रशंसा करते हुए लिखा है- ‘हिन्दू भारत के इतिहास में महान् गुप्त सम्राटों का युग जितना सुन्दर और सन्तोषजनक है उतना अन्य कोई युग नहीं। साहित्य, कला तथा विज्ञान की असाधारण मात्रा में उन्नति हुई और बिना अत्याचार के धर्म में क्रमागत परिवर्तन किये गये।’

-डॉ. मोहनलाल गुप्ता

मूल अध्याय – गुप्त साम्राज्य

गुप्त वंश

प्रारंभिक गुप्त शासक

काच

समुद्रगुप्त

रामगुप्त

चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य

गोविंद गुप्त बालादित्य

कुमार गुप्त प्रथम

स्कन्दगुप्त

गुप्त साम्राज्य का पतन

गुप्त कालीन शासन व्यवस्था

भारत का स्वर्णयुग गुप्त-काल

गुप्त कालीन भारत

- Advertisement -

Latest articles

डिजिटल क्रांति www.bharatkaitihas.com

डिजिटल क्रांति और भविष्य की तैयारी

0
चारों ओर डिजिटल क्रांति का शोर है किंतु हमारे पास भविष्य की क्या तैयारी है! क्या हमने कभी इस पर गंभीरता से विचार किया...
वॉयनिच मैन्युस्क्रिप्ट : नीले पानी में नहाती औरतों का रहस्य - www.bharatkaitihas.com

वॉयनिच मैन्युस्क्रिप्ट : नीले पानी में नहाती औरतों का रहस्य

0
वॉयनिच मैन्युस्क्रिप्ट एक ऐसी पहेली, जिसे द्वितीय विश्व युद्ध के दिग्गज कोड-ब्रेकर्स से लेकर आज के सबसे एडवांस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सुपर कंप्यूटर्स...
पुष्पक विमान - www.bharatkaitihas.com

पुष्पक विमान विभीषण को क्यों नहीं लौटाया था श्रीराम ने?

0
रावण का वध करने के बाद जब भगवान श्रीराम अयोध्या लौटे तो उन्होंने पुष्पक विमान लंका के नए राजा विभीषण को क्यों नहीं लौटाया?...
एनीमल फार्म - www.bharatkaitihas.com

एनीमल फार्म और भारतीय राजनीति

0
क्या आपने उस किताब का नाम सुना है जिसने 1950 के दशक में पूरी दुनिया में आग लगा दी थी! क्या आपने एनीमल फार्म...
हरम बेगम का कपट जाल - www.bharatkaitihas.com

हरम बेगम का कपट जाल (69)

0
बाकी काकशाल नामक एक अमीर ने मिर्जा हकीम से कहा कि यह हरम बेगम का कपट जाल है, इसलिए वहाँ जाना ठीक नहीं है...