Home Blog Page 161

फर्रूखसियर

0
फर्रूखसियर - bharatkaitihas.com
फर्रूखसियर

फर्रूखसियर ई.1713 में जुल्फिकार खाँ, असद खाँ तथा सैयद बन्धुओं की सहायता से बादशाह बना था। इन सभी लोगों ने अपने पुराने बादशाह जहांदारशाह से धोखा करके फर्रूखसियर को बादशाह बनाया था। इस कारण फर्रूखसियर बादशाह बनते ही भयानक षड़यंत्रों में घिर गया!

सैयद बंधुओं द्वारा फर्रूखसियर को सहायता दिए जाने का कारण यह था कि सैयद बंधुओं के उत्थान में फर्रूखसियर के पिता अजीम-उस-शान की बड़ी भूमिका रही थी जबकि जहांदारशाह सैयद बंधुओं को अच्छी दृष्टि से नहीं देखता था।

इसलिये सैयद बंधुओं ने जहाँदारशाह के विरुद्ध विद्रोह करके फर्रूखसियर को तख्त पर बैठाने में सहायता की थी। जुल्फिकार खाँ तथा असद खाँ द्वारा फर्रूखसियर से सहयोग किए जाने का कारण यह था कि बादशाह जहांदारशाह जुल्फिकार खाँ के अधिकारों में कटौती करने का प्रयास कर रहा था।

पूरे आलेख के लिए देखें यह वी-ब्लॉग-

बादशाह बनने के बाद फर्रूखसियर ने इलाहाबाद के सूबेदार सैयद अब्दुल्ला खाँ को अपना वजीर नियुक्त किया तथा अब्दुल्ला के छोटे भाई सैयद हुसैन अली को अपनी सेना का प्रधान नियुक्त किया। जुल्फिकार खाँ तथा असद खाँ भी उच्च पदों पर आसीन किए गए।

इन सभी गद्दार अमीरों का अनुमान था कि तीस वर्षीय अनुभवहीन फर्रूखसियर में निर्णय लेने की क्षमता का अभाव है तथा अब तक किसी भी उच्च पद पर कार्य नहीं करने के कारण उसे शासन चलाने का अनुभव नहीं है।

लाल किले की दर्दभरी दास्तान - bharatkaitihas.com
TO PURCHASE THIS BOOK, PLEASE CLICK THIS PHOTO

इस कारण इन वजीरों ने सल्तनत की सम्पूर्ण शक्ति अपने हाथों में रखने के षड़यंत्र आरम्भ कर दिए। ये लोग मनमानी करने लगे तथा सैयद बन्धुओं ने शासन के सूत्र अपने हाथों में ले लिए। यही कारण है कि फर्रूखसियर के शासन काल के आरंभ अर्थात् ईस्वी 1713 से लेकर ईस्वी 1721 तक के काल को मुगलों के इतिहास में सैयद बन्धुओं का युग कहा जाता है। उधर फर्रूखसियर इतना नासमझ नहीं था, जितना कि उसके वजीर समझ रहे थे। फर्रूखसियर को आशा थी कि एक बार बादशाह बन जाने पर परिस्थितियां स्वतः उसके अनुकूल हो जाएंगी तथा सैयद बंधु एवं समस्त वजीर बादशाह का आदेश मानने लगेंगे किंतुु सैयदों ने बादशाह की जरा भी परवाह नहीं की तथा वे बादशाह के आदेशों की उपेक्षा करके अपनी मर्जी से शासन चलाने लगे।

इस कारण फर्रूखसियर एवं सैयद बंधुओं में शीघ्र ही ठन गई। बादशाह ने सैयदों का प्रभाव कम करने के लिये सबसे पहले ईरानी गुट के नेता जुल्फिकार खाँ की हत्या करवा दी तथा तूरानी गुट के नेताओं मीर जुमला, चिनकुलीज खाँ और मुहम्मद अमीन खाँ आदि को अपने पक्ष में करके सैयदों पर नकेल कसने का प्रयास किया।

फर्रूखसियर ने आम्बेर नरेश सवाई जयसिंह तथा जोधपुर नरेश अजीतसिंह से भी इस कार्य में सहायता लेनी चाही किंतु ये दोनों हिन्दू राजा फिर से मुगल बादशाहों के हाथों की कठपुतली नहीं बनना चाहते थे इसलिए उन्होंने फर्रूखसियर की कोई सहायता नहीं की।

इन दिनों चूड़ामन जाटों का नेतृत्व कर रहा था। उसने दिल्ली एवं आगरा के बीच के प्रदेशों में लूट मचा रखी थी। फर्रूखसियर ने आम्बेर नरेश सवाई जयसिंह को निर्देश दिए कि वह जाटों के विरुद्ध कार्यवाही करे किंतु सवाई जयसिंह चूड़ामन को नहीं दबा सका। चूड़ामन के विरुद्ध अभियान जारी रखा गया। इस अभियान पर मुगलों के 2 करोड़ रुपये व्यय हुए। अंत में ईस्वी 1718 में फर्रूखसियर ने चूड़ामन से समझौता कर लिया।

मीर जुमला बादशाह के संवाद-वाहक विभाग का अध्यक्ष था किंतु वह फर्रूखसियर का अत्यंत विश्वसनीय बन गया। इसलिए बादशाह ने उसे शासन के समस्त बड़े निर्णय करने के अधिकार दे दिये। इस पर सैयद बंधुओं के कान खड़े हुए।

कुछ इतिहासकारों ने लिखा है कि जब बादशाह फर्रूखसियर ने हुसैन अली खाँ को मारवाड़ नरेश अजीतसिंह के विरुद्ध सैनिक कार्यवाही करने के लिए भेजा तब बादशाह ने महाराजा अजीतसिंह को एक गोपनीय पत्र भिजवाया कि यदि महाराजा अजीतसिंह सैयद हुसैन अली को खत्म कर दे तो अजीतसिंह को पुरस्कृत किया जायेगा।

यह बात ऐतिहासिक एवं तार्किक रूप से सही जान नहीं पड़ती क्योंकि महाराजा अजीतसिंह तथा बादशाह फर्रूखसियर के बीच इस तरह के विश्वास का कोई सम्बन्ध ही नहीं था।

जोधपुर के विरुद्ध सफलतापूर्वक कार्यवाही हो जाने के बाद फर्रुखसियर ने सैयद हुसैन अली को दक्षिण का सूबेदार बनाकर दक्षिण भारत जाने के आदेश दिये। साथ ही दक्षिण के कार्यवाहक सूबेदार दाऊद खाँ को गुप्त रूप से लिखा कि वह सैयद को रास्ते में ही खत्म कर दे।

दाऊद खाँ ने सैयद हुसैन अली की हत्या करने का प्रयास किया किंतु इस प्रयास में वह स्वयं मारा गया। बादशाह द्वारा दाऊद खाँ को प्रेषित गोपनीय कागज सैयद हुसैन के हाथ लग गये। उधर दिल्ली में फर्रूखसियर ने बड़े सैयद अब्दुल्ला खाँ को कत्ल करने की योजना बनाई परन्तु अन्य षड्यन्त्रों की भाँति वह भी विफल रही।

इतिहासकार एलफिंस्टन ने फर्रूखसियर पर आरोप लगाया है कि- ‘फर्रूखसियर बड़ी योजनाओं को समझ नहीं सकता था और छोटी योजनाओं को अपनी आलसी प्रकृति के कारण दूसरों की सहायता के बिना पूरी नहीं कर सकता था।’

इस काल में बादशाह की राजनीतिक दुर्दशा के कारणों को बहुत अच्छी तरह समझा जा सकता है। शहंशाह अकबर ने राजपूतों से मित्रता करके अपनी सल्तनत के चारों ओर जो मजबूत सुरक्षा चक्र तैयार किया था, उस सुरक्षा चक्र को मजहबी संकीर्णता के चलते औरंगजेब ने छिन्न-भिन्न कर दिया था।

अब औरंगजेब तो धरती से उठ चुका था किंतु उसके वंशज औरंगजेब की गलतियों का परिणाम भोगने के लिए अभिशप्त थे। फर्रूखसियर के दरबार में अब एक भी प्रबल हिन्दू राजा दिखाई नहीं देता था। वे तो स्वयं ही तलवारें खींचकर मुगलों का सत्यानाश करने पर तुल गए थे!

-डॉ. मोहनलाल गुप्ता

महाराजा अजीतसिंह से दुश्मनी

0
महाराजा अजीतसिंह से दुश्मनी - bharatkaitihas.com
महाराजा अजीतसिंह से दुश्मनी

मुगल बादशाह फर्रुखसीयर ने महाराजा अजीतसिंह से दुश्मनी बांध ली तथा एक दिन महाराजा अजीसिंह की हत्या करने उसके डेरे पर पहुंच गया!

मुगल बादशाह फर्रूखसियर एवं जोधपुर के महाराजा अजीतसिंह के बीच सम्बन्ध शुरु से ही विचित्र प्रकार के रहे। जब ई.1713 में फर्रूखसियर बादशाह बना तो महाराजा अजीतसिंह ने फर्रूखसियर को बधाई का पत्र एवं एक हजार रुपए नजर के रूप में भिजवाए। फर्रूखसियर ने महाराजा को पांच हजार जात एवं पांच हजार सवार का मनसब दिया तथा उसे अपने दरबार में उपस्थित होने के निर्देश दिए किंतु महाराजा फर्रूखसियर के दरबार में उपस्थित नहीं हुआ।

फर्रूखसियर ने महाराजा को कई बार खिलअतें भेजीं तथा मुगल अधिकारियों को भी जोधपुर भेजा ताकि वे महाराजा को अपने साथ दिल्ली ले आएं किंतु महाराजा फर्रूखसियर के दरबार में नहीं गया। इस कारण फर्रूखसियर महाराजा अजीतसिंह से नाराज हो गया।

महाराजा अजीतसिंह का फर्रूखसियर के दरबार में नहीं जाने का एक विशेष कारण था। औरंगजेब तथा बहादुरशाह के शासन के दौरान वजीर के पद पर कार्य करने वाले जुल्फिकार खाँ ने जहांदारशाह तथा फर्रूखसियर के बीच आगरा के निकट तिलपत में हुए युद्ध में फर्रूखसियर का साथ दिया था किंतु जब फर्रूखसियर बादशाह बन गया तो फर्रूखसियर ने जुल्फिकार खाँ की हत्या करवा दी तथा वह सैयद बंधुओं को भी ठिकाने लगाने का षड़यंत्र करने लगा। 

इस कारण महाराजा सोचता था कि फर्रूखसीयर महाराजा अजीतसिंह से दुश्मनी मानता होगा तथा महाराजा अजीतसिंह की भी हत्या करवाएगा। क्योंकि अजीतसिंह अजमेर के मुगल फौजदार को तंग करता रहता था।

महाराजा का सोचना गलत नहीं था क्योंकि फर्रुखसीयर सचमुच ही महाराजा अजीतसिंह से दुश्मनी मानता था। इसके एक नहीं, कई कारण थे।

पूरे आलेख के लिए देखें यह वी-ब्लॉग-

महाराजा अजीतसिंह ने मारवाड़ के आसपास के क्षेत्र में गोवध बंद करवा दिया और इस्लाम के प्रचार पर रोक लगा दी। महाराजा ने अजमेर पर भी अधिकार कर लिया। जब फर्रूखसियर ने महाराजा अजीतसिंह को पांच हजारी मनसब दिया तो उसके साथ ही उसे निर्देश भिजवाए थे कि महाराजा मालवा में हो रहे उपद्रवों को रोकने के लिए मालवा जाए किंतु अजीतसिंह वहाँ नहीं गया। इससे फर्रूखसियर ने महाराजा अजीतसिंह के विरुद्ध दुश्मनी बांध ली।

किशनगढ़ एवं नागौर के राज्य जोधपुर राज्य में से ही निकले थे, इसलिए जोधपुर के शासक इन दोनों राज्यों को अपने जागीरदार की तरह समझते थे। इसलिए महाराजा अजीतसिंह ने किशनगढ़ के राजा राजसिंह तथा नागौर के राजा इन्द्रसिंह को अपनी सेवा में उपस्थित होने के आदेश भिजवाए।

लाल किले की दर्दभरी दास्तान - bharatkaitihas.com
TO PURCHASE THIS BOOK, PLEASE CLICK THIS PHOTO

किशनगढ़ तथा नागौर के राजाओं ने महाराजा को पत्र लिखकर सूचित किया कि हम मुगल बादशाह के मनसबदार हैं तथा आपके अधीन नहीं हैं। इसलिए हम आपकी सेवा में उपस्थित नहीं होंगे। इस पर महाराजा अजीतसिंह ने उन दोनों को दण्डित करके उनसे भारी रकम वसूल की। इन सब लोगों ने दिल्ली पहुंचकर फर्रूखसियर को महाराजा अजीतसिंह के विरुद्ध भड़काया। इस पर फर्रूखसियर ने महाराजा अजीतसिंह को आदेश भिजवाए कि वह अपने पुत्र अभयसिंह को दिल्ली दरबार में भेजे किंतु महाराजा अजीतसिंह ने राजकुमार अभयसिंह को दिल्ली दरबार में नहीं भेजा तथा आम्बेर नरेश सवाई जयसिंह से सलाह करके बादशाह को लिखा कि मुझे गुजरात की सूबेदारी दी जाए। आम्बेर नरेश ने भी एक पत्र लिखकर बादशाह से मांग की कि मुझे मालवा की सूबेदारी दी जाए।

इस समय तक फर्रूखसियर और सैयदों के सम्बन्ध बहुत खराब हो चुके थे। इसलिए स्वार्थी फर्रूखसियर ने 15 अक्टूबर 1713 को सवाई जयसिंह तथा अजीतसिंह को सात हजारी जात एवं सात हजारी सवार का मनसबदार बनाया। इसके साथ ही उसने सवाई जयसिंह को मालवा का तथा अजीतसिंह को थट्टा का सूबेदार बना दिया।

जब अजीतसिंह को थट्टा की सूबेदारी मिलने की सूचना मिली तो अजीतसिंह बहुत कुपित हो गया। उसे लगा कि बादशाह ने जानबूझकर महाराजा का अपमान किया है क्योंकि सवाई जयसिंह को उसकी इच्छा के अनुसार मालवा की सूबेदारी दे दी गई थी जबकि अजीतसिंह को गुजरात की सूबेदारी की बजाय थट्टा की सूबेदारी दी गई थी जो कि नितांज अनुपजाऊ प्रदेश था।

अतः अजीतसिंह ने थट्टा जाने से मना कर दिया तथा अजमेर पर आक्रमण करके उस पर अधिकार कर लिया। अजीतसिंह के इस कार्य को एक ओर तो बादशाह फर्रूखसियर ने अपना अपमान समझा तो दूसरी ओर सवाई जयसिंह ने भी अपना अपमान समझा। इन दोनों ने महाराजा अजीतसिंह से दुश्मनी ठान ली।

फर्रूखसियर के लिए राजपूताने के केन्द्र में स्थित अजमेर की राजनीतिक स्थिति अत्यधिक महतवपूर्ण थी क्योंकि अजमेर बारहवीं शताब्दी ईस्वी से ही दिल्ली के मुसलमान बादशाहों की प्रांतीय राजधानी बना हुआ था। महाराजा अजीतसिंह द्वारा अजमेर पर कब्जा कर लेने का अर्थ मुगल बादशाह की नाक काट लेने जैसा था।

सवाई जयसिंह के लिए अजमेर का राजनीतिक महत्व इसलिए था क्योंकि वह अजमेर पर अधिकार करके सांभर की नमक की झील पर अधिकार कर सकता था जो उन दिनों राजस्व प्राप्ति का महत्वपूर्ण स्रोत था।

जबकि महाराजा अजीतसिंह के लिए अजमेर का राजनीतिक महत्व इसलिए था क्योंकि शेरशाह सूरी के समय में अजमेर, जोधपुर के राठौड़ों के अधीन हुआ करता था तथा राठौड़ अजमेर को अपनी जागीर समझते थे।

इन सब कारणों से फर्रूखसियर ने अमीर-उल-उमरा अर्थात् सैयद हुसैन अली खाँ को आदेश दिया कि वह अजमेर पर चढ़ाई करके अजीतसिंह को अजमेर से बाहर निकाल दे। सैयद हुसैन अली खाँ ने एक विशाल सेना लेकर अजमेर पर आक्रमण किया। इस सेना ने राठौड़ों को बुरी तरह परास्त किया तथा उनसे अजमेर खाली करवा लिया। इस पर महाराजा अजीतसिंह ने अपने मंत्रियों को सैयद हुसैन अली खाँ के पास भेजकर उससे संधि कर ली।

मिर्जा मुहम्मद द्वारा लिखित रोजनामचा के अनुसार अजीतसिंह ने अजमेर नगर तथा दुर्ग मुगलों को सौंप दिए, अपने पुत्र अभयसिंह को बादशाह की सेवा में दिल्ली भेज दिया तथा अपनी पुत्री इंद्रकुंवरी का विवाह फर्रूखसियर से कर दिया। खफी खाँ, इदरत खाँ एवं अन्य फारसी ग्रंथ इस संधि के होने की पुष्टि करते हैं।

अजितोदय नामक ग्रंथ में लिखा है कि जब सैयद हुसैन अली खाँ मारवाड़ पर चढ़ाई करने के लिए मेड़ता में कैम्प कर रहा था तब फर्रूखसियर ने सैयद हुसैन अली खाँ के बड़े भाई अब्दुल्ला को आगरा में मरवाने का षड़यंत्र किया। इस कारण अब्दुल्ला ने अपने भाई सैयद हुसैन अली खाँ को लिखा कि वह शीघ्र ही दिल्ली लौट आए। इस कारण सैयद हुसैन अली खाँ महाराजा से लड़ने की बजाय संधि करके लौट गया।

इस संधि के बाद फर्रूखसियर ने महाराजा अजीतसिंह को गुजरात की सूबेदारी देकर उससे मित्रता कर ली। मीराते अहमदी नामक एक तत्कालीन ग्रंथ में लिखा है कि जब महाराजा ने गुजरात पर अधिकार किया तो कोल्हापुर के कोतवाल ने महाराजा को प्रसन्न करने के लिए गाय की कुरबानी पर रोक लगा दी। इस कारण वहाँ के मुसलमान भड़क उठे। मुसलमानों की शिकायत पर बादशाह ने कुछ दिन बाद ही अजीतसिंह से गुजरात की सूबेदारी छीन ली।

इसी बीच फर्रूखसियर और सैयदों के सम्बन्ध बेहद खराब हो गए। इसलिए फर्रूखसियर ने महाराजा अजीतसिंह को एक बार पुनः दिल्ली बुलवाया। इस बार महाराजा अजीतसिंह दिल्ली गया किंतु महाराजा को अब भी बादशाह की नीयत पर संदेह था इसलिए महाराजा ने बादशाह के विरोधी खेमे अर्थात् सैयद बंधुओं से मित्रता कर ली। जब अजीतसिंह बादशाह से मिलने के लिए उसके महल में गया तो महाराजा ने सैयद अब्दुल्ला खाँ को अपने हाथी पर बैठा लिया और अब्दुल्ला खाँ के साथ ही बादशाह के सामने पेश हुआ।

अजितोदय में लिखा है कि बादशाह महाराजा अजीतसिंह से अकेले में बात करना चाहता था ताकि महाराजा के माध्यम से सैयदों के विरुद्ध कार्यवाही की जा सके किंतु जब अजीतसिंह सैयद अब्दुल्ला के साथ ही महाराजा के सामने पेश हुआ तो बादशाह महाराजा से इतना अधिक अधिक चिढ़ गया कि उसने महाराजा को पकड़कर मार डालने के प्रयास किए।

बादशाह ने महल में कुछ सिपाहियों को छिपा दिया ताकि सैयद अब्दुल्ला और महाराजा अजीतसिंह की हत्या की जा सके किंतु ये दोनों भी पूरी तरह सतर्क थे इसलिए बादशाह को इस कार्य में सफलता नहीं मिल सकी।

इसके बाद बादशाह ने महाराजा अजीतसिंह से दुश्मनी निकालने तथा उसकी हत्या करने के लिए एक और योजना बनाई। बादशाह फर्रूखसियर शिकार खेलने के बहाने, अपने सैनिकों को साथ लेकर निकटवर्ती जंगल में गया तथा लौटते समय महाराजा अजीतसिंह के पड़ाव के निकट से होकर निकला। उसकी योजना थी कि जब महाराजा अजीतसिंह बादशाह की अगवानी के लिए अपने डेरे से बाहर आएगा, उसी समय उसे पकड़कर मार दिया जाएगा।

जब महाराजा अजीतसिंह को ज्ञात हुआ कि बादशाह का काफिला महाराजा के डेरों की तरफ आ रहा है तो महाराजा अपने डेरे से निकल गया और हुसैन अली के मकान पर जाकर खड़ा हो गया। इस कारण बादशाह हाथ मलता ही रह गया और अपने उद्देश्य में सफल नहीं हो पाया।

अजितोदय नामक ग्रंथ में लिखा है कि 9 दिसम्बर 1718 को बादशाह के आदेश से शाही तोपखाने के नायक बीका हजारी ने महाराजा अजीतसिंह के डेरे पर हमला कर दिया। महाराजा की सेना ने भी अपनी तोपों के मुंह बीका हजारी की तोपों की तरफ खोल दिए।

दोनों पक्षों के बीच तीन दिनों तक रह-रहकर तोप के गोलों की वर्षा होती रही। अंत में बादशाह ने यह लड़ाई बंद करवाई तथा जफर खाँ को महाराजा के पास भेजकर इस गलती के लिए क्षमा मांगी।

फर्रूखसियर अस्थिर चित्त का बादशाह था। कुछ दिन बाद उसने फिर से अजीतसिंह से मित्रता करने का निर्णय लिया और वह अब्दुल्ला खाँ को अपने साथ लेकर अजीतसिंह से मिलने उसके डेरे पर गया। फर्रूखसियर ने महाराजा को राजराजेश्वर की उपाधि दी तथा उसे फिर से गुजरात की सूबेदारी सौंप दी। इसके बाद महाराजा अजीतसिंह फिर से अपनी राजधानी जोधपुर लौट गया।

-डॉ. मोहनलाल गुप्ता

बंदासिंह बैरागी की हत्या

0
बंदासिंह बैरागी की हत्या - bharatkaitihas.com
बंदासिंह बैरागी की हत्या

बंदासिंह बैरागी ने गुरु गोविंदसिंह के आदेश से सिक्खों में जागृति लाने एवं सिक्ख समुदाय में एकता स्थापित करने का कार्य आरम्भ किया था। इस कारण बंदा बैरागी मुगल बादशाहों को मार्ग के कांटे की तरह खटकता था। इस कारण फर्रूखसियर ने बंदासिंह बैरागी की हत्या की करवाई तथा उसके साथियों के टुकड़े करवा दिए !

गुरु गोविंदसिंह की मृत्यु के बाद बंदासिंह बैरागी ने सिक्खों का नेतृत्व किया तथा सरहिंद के सूबेदार वजीर खाँ को मारकर प्रथम सिक्ख राज्य की स्थापना की। बंदा बैरागी के राज्य में पंजाब के सरहिंद, हिसार तथा समाना और गंगा-यमुना दोआब के सहारनपुर आदि क्षेत्र सम्मिलित थे। बाद में इस राज्य को लाहौर और अमृतसर की सीमा तक विस्तृत कर लिया गया।

जलालाबाद के फौजदार अली हामिद खाँ ने कुछ सिक्खों को बंदी बना लिया। इस पर बंदा बैरागी के सिक्खों ने जलालाबाद के लिए कूच कर दिया। मार्ग में सिक्खों ने बेहाट नामक स्थान पर आक्रमण किया जहाँ के पीरजादा लोग, हिन्दू प्रजा को तंग करते थे और गायों का वध करते थे।

बंदा बहादुर के सिक्खों ने बेहाट पर कब्जा करके पीरजादों को मार दिया। इसके पश्चात् बंदा बहादुर ने जलालाबाद के निकट पहुंचकर वहाँ के फौजदार को संदेश भिजवाया कि वह बंदी बनाए गए सिक्खों को मुक्त कर दे किंतु फौजदार ने सिक्खों को मुक्त करने से मना कर दिया।

इस पर बंदा बहादुर की सेना ने नानौता पर हमला किया तथा वहाँ के शेखजादों को परास्त करके उन्हें दण्डित किया। इसी बीच कृष्णा नदी में बाढ़ आ जाने के कारण बंदा बहादुर को जालंधर की तरफ चले जाना पड़ा।

पूरे आलेख के लिए देखें यह वी-ब्लॉग-

सिक्खों ने जालंधर तथा अमृतसर के मुसलमान फौजदारों के विरुद्ध भी कार्यवाही की। उन्होंने जालंधर के फौजदार शम्स खाँ से कहा कि वह अपना खजाना सिक्खों को समर्पित कर दे। इस पर शम्स खाँ ने सिक्खों के विरुद्ध जेहाद की घोषणा कर दी तथा आसपास के मुस्लिम फौजदारों को सिक्खों से लड़ने के लिए आमंत्रित किया। सिक्खों ने जालंधर के फौजदार को परास्त कर दिया तथा उसके बाद रोहन पर कब्जा कर लिया।

लाल किले की दर्दभरी दास्तान - bharatkaitihas.com
TO PURCHASE THIS BOOK, PLEASE CLICK THIS PHOTO

बंदा बहादुर ने आठ हजार सिक्खों को लेकर अमृतसर पर आक्रमण किया तथा वहाँ से भी मुगल अधिकारियों को मार भगाया। इसके बाद सिक्ख सेना लाहौर की तरफ बढ़ी। लाहौर के मुल्लाओं ने भी सिक्खों के विरुद्ध जेहाद की घोषणा की किंतु सिक्खों ने लाहौर के गाजियों को परास्त करके लाहौर पर भी अधिकार कर लिया। जहाँ-जहाँ सिक्खों का अधिकार होता गया, वहाँ-वहाँ मुगल अधिकारियों को हटाकर सिक्ख अधिकारियों को नियुक्त कर दिया गया। बंदा ने लौहगढ़ को अपनी राजधानी बनाया तथा वहाँ पर एक टकसाल स्थापित की।

बंदा बहादुर ने अपने राज्य से मुगलों की भू-राजस्व व्यवस्था समाप्त करके किसानों को उनके द्वारा जोती जाने वाली भूमि का मालिक बना दिया। किसानों के हित में की गई यह व्यवस्था उस काल की बड़ी घटनाओं में से एक थी किंतु इतिहासकारों ने इसका उल्लेख बहुत कम किया है। दिसम्बर 1710 में मुगल बादशाह बहादुरशाह ने बन्दा बैरागी के मुख्य केन्द्र लौहगढ़ पर अधिकार कर लिया परन्तु बन्दा बैरागी वहाँ से भाग निकला तथा पहाड़ों में जाकर छिप गया।

इससे पहले कि सिक्ख विद्रोह पूर्ण रूप से कुचल दिया जाता, फरवरी 1712 में बहादुरशाह की मृत्यु हो गई। इसके बाद बन्दा बैरागी ने फिर से अपने राज्य के एक बड़े भाग पर अधिकार कर लिया।

बहादुरशाह के बाद जहाँदरशाह ने और उसके बाद फर्रूखसियर ने सिक्खों को दबाने के भरसक प्रयत्न किए। ईस्वी 1715 में अब्दुल समद ख़ाँ के नेतृत्व में मुगल सेना ने गुरूदास-नांगल नामक स्थान पर बन्दा बहादुर को घेर लिया। बंदा बैरागी ने स्वयं को गुरदासपुर के किले में बंद कर लिया।

आठ माह तक मुगल सेना से घिरे रहने के बाद रसद की कमी हो जाने के कारण 7 दिसम्बर 1715 को बन्दा बहादुर को आत्म-समर्पण करना पड़ा। बंदा बहादुर को उसके 794 साथियों सहित दिल्ली लाया गया, जहाँ उसे इस्लाम स्वीकार करने को कहा गया।

जब बंदा बहादुर ने मुसलमान बनने से मना कर दिया तो उससे कहा गया कि यदि वह मुसलमान नहीं बनेगा तो उसके शरीर के टुकड़े कर दिए जाएंगे। बंदासिंह बैरागी इस पर भी अपने धर्म पर अडिग रहा। बंदा बैरागी की आंखों के सामने उसके प्रिय साथियों के टुकड़े-टुकड़े करके कुत्तों को खिलाए गए।

तत्कालीन स्रोतों के अनुसार 5 मार्च से 12 मार्च 1715 तक, सात दिनों में प्रतिदिन 100 सिक्खों की हत्या की गई। 16 जून 1716 को फर्रूखसियर के आदेश से बंदासिंह बैरागी की हत्या की गई तथा उसके प्रमुख साथियों के शरीरों के टुकड़े कर दिये गये।

बंदासिंह बैरागी की हत्या के बाद सिक्ख नेतृत्व-विहीन हो गये। जब सिक्खों के सामने न गुरु रहा, न गुरु का बन्दा, तब सिक्खों ने सरबत खालसा और गुरुमत्ता की प्रथाएँ आरम्भ कीं।

वर्ष में दो बार- बैशाखी और दीवाली पर, सिक्खों ने विशाल सभाएँ करनी आरम्भ कीं जिन्हें सरबत खालसा कहा जाता था। सरबत खालसा में लिये गये निर्णयों को गुरूमत्ता कहा जाता था। बन्दा बहादुर के पश्चात् भी सिक्खों और मुगलों के बीच संघर्ष चलते रहे।

-डॉ. मोहनलाल गुप्ता

चूड़ामन जाट का अंत

0
चूड़ामन जाट का अंत - bharatkaitihas.com
चूड़ामन जाट का अंत

चूड़ामन जाट का अंत पारिवारिक क्लेश की दुखद दास्तान है। उसके दो बेटों में हुए सम्पत्ति के झगड़े को निबटाने में असफल रहने के कारण चूड़ामन जाट ने आत्महत्या कर ली। इस प्रकार चूड़ामन जाट का अंत वैसा नहीं हुआ जैसा कि उसके जैसे योद्धा का होना चाहिए था!

ई.1712 में मुगल बादशाह जहांदारशाह ने नेता चूड़ामन जाट को आगरा के लाल किले में बुलाकर 1500 जात तथा 500 सवार का मनसब दिया तथा उसे शाही नौकरी में रख लिया था। जब ई.1713 में जहांदारशाह तथा फर्रूखसियर के बीच युद्ध हुआ तब चूड़ामन, जहांदारशाह की ओर से लड़ने के लिये युद्ध के मैदान में पहुंचा।

जैसे ही जहांदारशाह की सेना भारी पड़ने लगी, चूड़ामन और उसके सैनिक लड़ाई करना छोड़कर फर्रूखसियर का शिविर लूटने में लग गये किंतु फर्रूखसियर ने जाटों की तरफ ध्यान देने की बजाय युद्ध में ही ध्यान बनाए रखा और अंत में फर्रूखसियर को विजय प्राप्त हो गई।

जब फर्रूखसियर दिल्ली के तख्त पर बैठा तब चूड़ामन उसके दरबार में उपस्थित हुआ। चूड़ामन ने बादशाह फर्रूखसियर को सोने की इक्कीस मोहरें तथा दो घोड़े भेंट किए। इस समय फर्रूखसियर को नए दोस्तों की जरूरत थी इसलिए उसने युद्ध क्षेत्र में हुई घटनाओं को भुलाकर चूड़ामन को राव बहादुर की उपाधि दी। इसके साथ ही चूड़ामन को बादशाह की तरफ से एक हाथी दिया गया और उसके मनसब का दर्जा बढ़ा दिया गया।

पूरे आलेख के लिए देखें यह वी-ब्लॉग-

उस काल में जाटों के समूह आगरा, मथुरा, दिल्ली तथा ग्वालियर तक के क्षेत्र में व्यापारिक एवं शाही काफिलों को लूटते थे इसलिए फर्रूखसियर ने चूड़ामन को ही दिल्ली से चम्बल तक की राहदारी सौंप दी। चूड़ामन को राहदार बनाए जाने पर टिप्पणी करते हुए इतिहासकार कानूनगो ने लिखा है- ‘एक भेड़िये को भेड़ों के झुण्ड का रक्षक बना दिया गया।’

चूड़ामन ने इतनी कठोरता से राहदारी वसूलनी आरम्भ की कि चारों ओर हा-हाकार मच गया। उसने थूण परगने के प्रत्येक मनसबदार तथा जागीरदार से नजराना वसूलना आरम्भ कर दिया। अब वह जागीरदारों के मामलों में भी बेखटके हस्तक्षेप करने लगा। उसकी टोलियों ने मथुरा और फतहपुर सीकरी के परगनों के गांवों को लूटना आरम्भ कर दिया। चूड़ामन ने गुप्त रूप से अस्त्र-शस्त्र बनवाये और गढ़ियों को मजबूत कर लिया।

लाल किले की दर्दभरी दास्तान - bharatkaitihas.com
TO PURCHASE THIS BOOK, PLEASE CLICK THIS PHOTO

जब चूड़ामन का आतंक बढ़ गया तब बादशाह फर्रूखसियर ने जयपुर नरेश सवाई जयसिंह को विपुल धन एवं विशाल सेना देकर चूड़ामन के विरुद्ध भेजा। चूड़ामन बीस वर्ष की खाद्य सामग्री एकत्रित करके थूण दुर्ग में बंद हो गया। मुगल सेनाओं के संभावित हमले को देखकर आस-पास के तमाम व्यापारियों ने भी अपने परिवारों एवं मालमत्ते के साथ थूण दुर्ग में शरण ली। जब सवाई जयसिंह, कोटा के महाराव भीमसिंह तथा बूंदी के महाराव बुधसिंह को लेकर थूण दुर्ग के निकट पहुंचा तो चूड़ामन ने दुर्ग में स्थित व्यापारियों से कहा कि वे अपना धन एवं सामग्री किले में छोड़कर किले से बाहर चले जायें। यदि युद्ध के बाद वह जीता तो उनके सामान की भरपाई कर देगा। व्यापारियों के पास चूड़ामन की बात मान लेने के अतिरिक्त और कोई उपाय नहीं था। इस प्रकार व्यापारी बुरी तरह लुट-पिटकर थूण किले से बाहर निकल आये।

कच्छवाहा राजा सवाई जयंिसंह, हाड़ा राजा महाराव भीमसिंह तथा हाड़ा राजा महाराव बुधसिंह की सेनाएं सात माह तक थूण का दुर्ग घेरे रहीं किंतु चूड़ामन को किले से बाहर नहीं निकाल सकीं। इस पर मुगल साम्राज्य की पूरी ताकत थूण के विरुद्ध झौंक दी गई तथा थूण के चारों ओर का जंगल काटकर साफ कर दिया गया।

इस प्रकार दो वर्ष बीत गये और इस अभियान पर शाही खजाने के दो करोड़ रुपये खर्च हो गये। अंत में ई.1718 में जाटों और मुगलों में एक समझौता हुआ। इस समझौते से महाराज जयसिंह को जानबूझ कर दूर रखा गया। इस समझौते के अनुसार बादशाह ने चूड़ामन को क्षमा करके फिर से शाही नौकरी में रख लिया और उसे अपनी पत्नी, पुत्र तथा भतीजों सहित मुगल दरबार में उपस्थित होने के आदेश दिए गए। बादशाह ने डीग तथा थूण के किलों को नष्ट करने की आज्ञा दी।

जब कुछ समय बाद फर्रूखसियर को गद्दी से उतारा गया तो चूड़ामन ने सैयद बंधुओं का साथ दिया। जब सैयद बंधुओं ने बादशाह का फर्रूखसियर महल घेर लिया तब दिल्ली के लाल किले तथा उसके भीतर स्थित शाही महल की सारी चाबियां चूड़ामन ने ले लीं और बादशाह को अंधा करके कैद में डाल दिया।

फर्रूखसियर के स्थान पर शहजादे रफीउद्दरजात को तख्त पर बैठाया गया। इसके कुछ दिन बाद ही आगरा के किलेदार बीरबल ने आगरा के लाल किले में बंद शहजादे नेकूसीयर को जेल से बाहर निकालकर उसे बादशाह घोषित कर दिया।

इस पर चूड़ामन नेकूसीयर के पास गया और उसने गंगाजल हाथ में उठाकर कसम खाई कि नेकूसीयर को सुरक्षित रूप से जयपुर नरेश के राज्य में पहुंचा देगा। नेकूसीयर पचास लाख रुपये तथा अपने भतीजे मिर्जा असगरी को साथ लेकर चूड़ामन के साथ चल पड़ा। चूड़ामन ने नेकूसीयर को तो रफीउद्दरजात को सौंप दिया तथा रुपये अपने पास रख लिये।

इस प्रकार चूड़ामन ने अन्य कई अवसरों पर भी बहुत से व्यक्तियों के साथ विश्वासघात किया तथा उन्हें लूट-खसोट कर दुर्भाग्य के हवाले कर दिया। चूड़ामन ने जाटों के विख्यात नेता एवं अपने भतीजे बदनसिंह को बंदी बना लिया। चूड़ामन के इस कुकृत्य से समस्त जाट, चूड़ामन से नाराज हो गये और वे चूड़ामन का साथ छोड़कर बदनसिंह के साथ हो लिये।

उन्हीं दिनों चूड़ामन के पुत्र मोहकमसिंह ने अपने किसी सम्बन्धी की काफी बड़ी सम्पत्ति पर अधिकार कर लिया। इस सम्पत्ति में से चूड़ामन के दूसरे पुत्र जुलकरण ने भी हिस्सा मांगा। इस बात पर दोनों भाइयों में झगड़ा हो गया तथा दोनों एक दूसरे को मारने के लिये तैयार हो गये। इस पर चूड़ामन ने मोहकमसिंह से कहा कि वह जुलकरण को कुछ सम्पत्ति दे दे। इस पर मोहकमसिंह चूड़ामन को भी मारने के लिये तैयार हो गया। इस पर चूड़ामन ने दुःखी होकर जहर खा लिया। इस प्रकार बहुत ही दुखद पस्थिति में चूड़ामन जाट का अंत हुआ।

-डॉ. मोहनलाल गुप्ता

सवाई जयसिंह

0
सवाई जयसिंह - bharatkaitihas.com
सवाई जयसिंह

आम्बेर का राजा सवाई जयसिंह भारत के इतिहास में एक अद्भुत राजा हुआ है। उसने कम से कम पांच मुगल शासकों के काल में मुगलों की सेवा की तथा उनकी नाक के नीचे हिन्दू धर्म का उत्थान किया। जब भी लाल किला उजड़ता हुआ दिखाई दिया, तब ही सवाई जयसिंह ने लाल किले को संरक्षण प्रदान किया।

ई.1713 में जब फर्रूखसियर मुगलों का तख्त हथियाने में सफल हुआ, तब आम्बेर का राजा सवाई जयसिंह और जोधपुर का राजा अजीतसिंह उदयपुर के महाराणा अमरसिंह (द्वितीय) के साथ लाल किले के विरुद्ध एक संघ का निर्माण करने में सफल हुए थे।

इन दोनों राजाओं ने महाराणा को वचन दिया था कि वे भविष्य में मुगलों की नौकरी नहीं करेंगे तथा मुगलों को बेटी नहीं देंगे किंतु जब फर्रूखसियर के आदेश पर सैयद हुसैन अली खाँ ने अजमेर में राठौड़ों को पराजित किया तो अजीतसिंह को अपनी पुत्री इंद्रकुंवरी का विवाह बादशाह फर्रूखसियर से करना पड़ा।

इसी प्रकार जब फर्रूखसियर ने आम्बेर नरेश सवाई जयसिंह को सात हजारी मनसब देकर उसे मालवा का सूबेदार बना दिया तो सवाई जयसिंह भी अपनी कसम भूलकर मुगलों की चाकरी करने लगा। उस समय मालवा में एक तरफ तो अफगान सरदार इनायत खाँ और दिलेर खाँ ने बगावत का झण्डा उठा रखा था तो दूसरी तरफ मराठे नर्मदा नदी को पार करके उत्तर भारत की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे थे।

फर्रूखसियर ने सवाई जयसिंह को सात हजार का मनसब दिया तो जयसिंह की बांछें लिख गईं। फर्रूखसियर के बाबा औरंगजेब ने अपने जीवन काल में सवाई जयसिंह को कभी डेढ़-दो हजार से अधिक का मनसब नहीं दिया था। यहाँ तक कि जयसिंह को नगाड़ा रखने की अनुमति भी नहीं थी।

पूरे आलेख के लिए देखें यह वी-ब्लॉग-

औरंगजेब ने एक पत्र के माध्यम से जयसिंह को आदेश दिया था कि- ‘वह धरती पर केवल सूजनी अर्थात् पतली दरी बिछाकर बैठा करे।’ उसी जयसिंह पर मुगल बादशाह फर्रूखसियर सात हजार का मनसब न्यौछावर कर रहा था, इससे स्पष्ट है कि औरंगजेब द्वारा छोड़ा गया मुगल राज्य केवल 6 वर्ष की अल्पावधि में ही धराशायी होने को आतुर था। जयसिंह भी समझ गया था कि अब समय पलट रहा है।

सवाई जयसिंह ने बुंदेलखण्ड के शासक छत्रसाल बुन्देला तथा बूंदी के राजा बुद्धसिंह हाड़ा के सहयोग से अफगान विद्रोहियों को दबाना आरम्भ किया। राजा जयसिंह ने इनायत खाँ और दिलेर खाँ को स्थान-स्थान पर पराजित करके उनकी शक्ति को कुचल दिया। उन्हीं दिनों इस क्षेत्र के कुछ हिन्दू राजाओं ने भी विद्रोह किए जिनमें राजगढ़ का राजा मोहनसिंह, नरवर का राजा गजसिंह तथा पूरनमल अहीर मुख्य थे। जयसिंह ने इन सभी विद्रोहों को कुचल दिया।

लाल किले की दर्दभरी दास्तान - bharatkaitihas.com
TO PURCHASE THIS BOOK, PLEASE CLICK THIS PHOTO

उस काल में सवाई जयसिंह के पास 10 हजार सैनिक थे जिनमें बंदूकधारी सैनिक भी अच्छी संख्या में थे। इस सेना के पास गोला-बारूद भी पर्याप्त मात्रा में था। इस कारण सवाई जयसिंह ने घामुनी नामक स्थान पर दिलेर अफगान के 12 हजार सैनिकों को परास्त करके उसके 2 हजार सैनिक तलवार के घाट उतार दिये। जयसिंह के भी पांच सौ सैनिक काम आये।

अप्रेल 1715 में मराठों की दो बड़ी सेनाएं मालवा में घुस आईं। कान्होजी भोंसले तीस हजार और खाण्डेराव दाभाड़े बारह हजार सैनिक लेकर आया था। मराठों ने कम्पिल परगने से 3 साल की चौथ मांगी। इस कारण सरकारी अमला, मराठों से घबराकर उज्जैन भाग आया। मराठों ने काम्पिल लूट लिया। जयसिंह उस समय भेलसा में था। वह तत्काल उज्जैन के लिये रवाना हुआ। 8 मई 1715 को जयसिंह कम्पिल पहुंचा। वहाँ उसे ज्ञात हुआ कि मराठे लूट का माल लेकर पिलसुद के निकट नर्मदा पार करने की तैयारी में हैं।

इस पर जयसिंह उसी समय पिलसुद के लिये चल पड़ा और मार्ग में कहीं भी रुके बिना, 10 मई की संध्या होने से कुछ समय पहले पिलसुद पहुंच गया। मराठों के पास, जयसिंह की तुलना में कई गुना सेना थी इसलिये वे उत्साह में भरकर जयसिंह से लड़ने के लिये आये। चार घण्टे तक दोनों पक्षों में भयानक युद्ध हुआ।

जयसिंह के साथ बूंदी के राजा बुद्धसिंह हाड़ा, छत्रसाल बुंदेला तथा धीरजसिंह खींची ने इस युद्ध में अद्भुत वीरता दिखाई। मराठे अपने हथियार छोड़कर भाग खड़े हुए। जब युद्ध बंद हुआ तो पूरी तरह रात हो चुकी थी। कुछ ही देर बाद जयसिंह ने अपने भूखे-प्यासे और थके हुए सैनिकों को फिर से उठाया और मराठों पर हमला बोलने के आदेश दिये।

 जैसे ही जंगलों में पड़े हुए मराठों ने देखा कि राजपूत चढ़े चले आ रहे हैं तो वे सिर पर पैर धरकर भाग छूटे। वे अपने घायल सिपाहियों, जानवरों और लूट के सामान को छोड़कर रात में ही नर्मदा के पार उतर गये। जयसिंह ने अपने सैनिकों को जीते हुए माल में से बहुत बड़ा हिस्सा दिया ताकि वे सालों तक आराम से जीवन यापन कर सकें तथा जीवन भर जयसिंह के प्रति वफादार रहें।

मराठों को राजपूताने में इससे पहले इतना कठिन पाठ किसी ने नहीं पढ़ाया था। इस विजय से सम्पूर्ण भारत में सवाई जयसिंह के नाम की धूम मच गई। फर्रूखसियर ने महाराजा सवाई जयसिंह को प्रशंसा पत्र भिजवाया।

इधर सवाई जयसिंह मालवा में मुगल सल्तनत की स्थिति मजबूत करता जा रहा था और उधर दिल्ली में राजनैतिक स्थितियां तेजी से बदल रही थीं। एक तरफ तो फर्रूखसियर और सैयद बन्धुओं के बीच कटुता बढ़ती जा रही थी तो दूसरी तरफ दिल्ली और आगरा के बीच यमुना के दक्षिणी प्रदेश में चूड़ामन के नेतृत्व में जाटों के उपद्रव बढ़ते जा रहे थे।

इस कारण फर्रूखसियर ने सवाई जयसिंह को मालवा से दिल्ली बुलाया। मई 1716 में जयसिंह दिल्ली पहुंचा। बादशाह ने उसे जाटों का दमन करने को कहा। जयसिंह ने सहर्ष इस काम को स्वीकार कर लिया क्योंकि आमेर के कच्छवाहे अपने राज्य की सीमा पर जाटों की बढ़ती हुई शक्ति को कुचलना चाहते थे और इस क्षेत्र के कुछ परगनों को अपने राज्य में मिलाने की लालसा रखते थे।

सवाई जयसिंह ने रूपाराम धायभाई को मालवा का नायब सूबेदार बनाकर भेज दिया और स्वयं जयपुर, कोटा, बूंदी तथा नरवर के राजाओं और उनकी सेनाओं को लेकर चूड़ामन जाट के विरुद्ध चल पड़ा। चूड़ामन बीस वर्ष की खाद्य सामग्री तथा गोला बारूद एकत्र करके थूण के दुर्ग में बंद हो गया। चूड़ामन का पुत्र अपने जाट सैनिकों के साथ थूण दुर्ग से बाहर निकल गया ताकि वह जयसिंह की सेनाओं पर पीछे से धावे मारकर तथा उनकी रसद रोककर क्षति पहुंचा सके।

सवाई जयसिंह तथा उसके अधीन राजाओं की सेनाएं सात माह तक थूण का दुर्ग घेरे रहीं किंतु चूड़ामन को किले से बाहर नहीं निकाल सकीं। इस पर जयसिंह ने थूण के चारों ओर का जंगल काटकर साफ करवा दिया और थूण से आगरा तक के मार्ग पर राजपूतों की चौकियां स्थापित कर दीं। इस प्रकार दो वर्ष बीत गये और इस अभियान पर मुगल बादशाह के दो करोड़ रुपये खर्च हो गये। जनवरी 1717 में फर्रूखसियर ने एक बड़ी तोप भिजवाई किंतु वह घेरे की खंदकें पार करके, थूण दुर्ग की दीवारों के पास नहीं पहुंच सकी।

10 फरवरी को महाराजा सवाई जयसिंह, बूंदी के महाराजा बुद्धसिंह को शिविर में छोड़कर, कोटा के महाराजा भीमसिंह के साथ मथुरा से दक्षिण-पश्चिम में 10 मील दूर सोंख की गढ़ी पर चौकी स्थापित करने गया। रात में लौटते समय जब सेना असावधान और अव्यवस्थित थी, थूण के पास घात में बैठे जाटों ने उस पर गोलियां चलाईं।

कुछ गोलियां उन हाथियों तक भी पहुंचीं जिन पर मुगल अधिकारी सवार थे। इस पर फर्रूखसियर ने जयसिंह को नाराजगी भरा पत्र लिखकर अपने गुप्तचरों को दण्डित करने को कहा जो जाटों के उस नाले को नहीं खोज सके जहाँ वे घात लगाकर बैठे थे।

फर्रूखसियर ने खानजहाँ बहादुर सैयद मुजफ्फर खाँ के नेतृत्व में एक और सेना भिजवाई। सैयद मुजफ्फर खाँ, फर्रूखसियर के वजीर सैयद अब्दुल्ला का आदमी था और जयसिंह को पसंद नहीं करता था। सैयद मुजफ्फर खाँ ने चूड़ामन से समझौता कर लिया। इस समझौते से राजा जयसिंह को जानबूझ कर दूर रखा गया।

जब 10 अप्रेल 1718 को चूड़ामन तथा रूपा को बादशाह के समक्ष प्रस्तुत किया गया तो खानजहाँ बहादुर सैयद मुजफ्फर खाँ ने जीत का समस्त श्रेय स्वयं बटोर लिया और सवाई जयसिंह हाथ मलता ही रह गया।

-डॉ. मोहनलाल गुप्ता

फर्रुखसीयर की हत्या

0
फर्रुखसीयर की हत्या - bharatkaitihas.com
फर्रुखसीयर की हत्या

सैयद बन्धु फर्रूखसियर को अनुभवहीन जानकर उसे अपने हाथों की कठपुतली बनाकर रखना चाहते थे किंतु जब फर्रुखसीयर ने सैयद बंधुओं के इशारों पर नाचने से मना कर दिया तो उन दोनों दुष्टों ने बादशाह फर्रुखसीयर की हत्या करने का षड़यंत्र रचा।

फर्रूखसियर सैयद बन्धुओं के सहयोग से बादशाह बना था। इसलिये उसने सैयद अब्दुल्ला को अपना वजीर तथा सैयद हुसैन अली को बख्शी नियुक्त किया था। इन दोनों भाईयों ने बादशाह को अपने अहसानों के बदले दबा हुआ जानकर सत्ता के सारे सूत्र अपने हाथों में ले लिए।

सैयद बन्धु फर्रूखसियर को अनुभवहीन जानकर उसे अपने हाथों की कठपुतली बनाकर रखना चाहते थे। जबकि फर्रूखसियर ने सत्तासीन होते ही सैयद बन्धुओं के प्रभाव से बाहर निकलने के प्रयास आरम्भ कर दिए। बादशाह ने मीर जुमला, निजाम-उल-मुल्क तथा इनायतउल्ला कश्मीरी का सहयोग प्राप्त किया किंतु ये लोग सैयद बंधुओं का कुछ नहीं बिगाड़ सके।

अतः फर्रूखसियर ने सैयद बंधुओं से छुटकारा पाने के लिए एक योजना बनाई। उसने ई.1719 में बड़े सैयद अर्थात् हुसैन अली खाँ को दक्षिण का सूबेदार बनाकर भेज दिया ताकि उसे दक्षिण के नायब सूबेदार दाऊद खाँ के हाथों मरवाया जा सके।

इसके साथ ही फर्रूखसियर ने दिल्ली में रह रहे छोटे सैयद अर्थात् अब्दुल्ला खाँ को मरवाने का षड्यन्त्र किया। किसी तरह अब्दुल्ला खाँ को इस षड़यंत्र की जानकारी हो गई और उसने अपने बड़े भाई सैयद हुसैन अली को संदेश भिजवाया कि वह दाऊद खाँ से सतर्क रहे तथा मराठों से सहायता लेकर दिल्ली पर आक्रमण करे।

यह संदेश पाकर सैयद हुसैन ने दाऊद खाँ को मार डाला तथा मराठों से संधि करके उन्हें अपने पक्ष में कर लिया। इसके बाद सैयद हुसैन अली 15,000 मराठा सैनिकों तथा स्वयं अपनी सेना लेकर दिल्ली आ धमका।

पूरे आलेख के लिए देखें यह वी-ब्लॉग-

हालांकि महाराजा अजीतसिंह की पुत्री इंद्रकुंवरि का विवाह फर्रूखसियर से हुआ था तथापि जोधपुर नरेश अजीतसिंह ने धूर्त फर्रूखसियर का साथ नहीं दिया। महाराजा अजीतसिंह आरम्भ से ही सैयद बंधुओं के साथ था। इसी प्रकार जाट नेता चूड़ामन को फर्रूखसियर ने अपना मनसबदार तथा जटवाड़ा क्षेत्र की राहदारी का अधिकार दिया था किंतु उसने भी संकट की इस घड़ी में धूर्त फर्रूखसियर का साथ न देकर सैयद बंधुओं का साथ दिया।

इस समय आम्बेर नरेश सवाई जयसिंह फर्रूखसियर के पक्ष में था। फर्रूखसियर ने जयसिंह के माध्यम से सैयदों से संधि करने का प्रयास किया किंतु सैयदों ने किसी भी तरह की बात करने से मना कर दिया। इस पर जयसिंह ने बादशाह से कहा कि मेरे पास बीस हजार राजपूत सैनिक हैं, यदि आप चाहें तो मैं अभी सैयदों पर आक्रमण करके उन्हें समाप्त करने का अंतिम प्रयास कर सकता हूँ तथा अपनी अंतिम सांस रहते आपके लिए लड़ने के लिए तैयार हूँ किंतु बादशाह इसके लिए तैयार नहीं हुआ।

लाल किले की दर्दभरी दास्तान - bharatkaitihas.com
TO PURCHASE THIS BOOK, PLEASE CLICK THIS PHOTO

महाराजा सवाई जयसिंह की इच्छा थी कि बादशाह फर्रूखसियर तथा उसके सहायक कायरता दिखाने की बजाए लड़ते हुए मरें तो ज्यादा उचित है। जब सैयद बंधुओं को ज्ञात हुआ कि महाराजा जयसिंह बादशाह की रक्षा करने के लिए लड़ने-मरने के लिए तैयार है तो सैयदों ने बादशाह को संदेश भिजवाया कि यदि आप हमसे सुलह करना चाहते हैं तो महाराजा जयसिंह तथा बूंदी के राव बुद्धसिंह को दिल्ली से विदा कर दें।

भयभीत फर्रूखसियर ने अपने हाथों से पत्र लिखकर महाराजा जयसिंह और राव बुद्धसिंह को आदेश भिजवाए के वे इसी समय दिल्ली छोड़कर अपने राज्यों में चले जाएं। इस पर इन दोनों राजाओं ने दिल्ली से प्रस्थान कर दिया। अब सैयदों को किसी तरह का भय नहीं रहा। उन्होंने फर्रुखसीयर की हत्या करने का निश्चय किया।

27 फरवरी 1719 को कुतुबुलमुल्क अर्थात् सैयद हुसैन अली खाँ ने लाल किले में प्रवेश किया। कोटा नरेश भीमसिंह हाड़ा, जोधपुर नरेश अजीतसिंह राठौड़ तथा जाटों का नेता चूड़ामन भी उसके साथ किले में गए।

उन्होंने लाल किले में नियुक्त शाही गोलंदाजों और पहरेदारों को हटाकर अपने विश्वसनीय सिपाही तैनात कर दिए। इस प्रकार लाल किले पर मुसलमानों एवं राजपूतों ने कब्जा कर लिया और दिल्ली शहर में मराठों को तैनात किया गया। हर गली एवं हर मोड़ पर मराठा घुड़सवार दिखाई देने लगे। मराठों को दिल्ली की गलियों में देखकर दिल्ली की जनता सहम गई। इससे पहले दिल्ली में मराठा सैनिक कभी नहीं देखे गए थे।

बादशाह के गुप्तचर उसे लाल किले तथा दिल्ली के समाचार पहुंचा रहे थे। मराठों के आगमन की सूचना से फर्रूखसियर समझ गया कि अब मामला उसके हाथों से पूरी तरह निकल गया है। शाम के समय फर्रूखसियर ने सैयद बंधुओं को संदेश भिजवाया कि वह सैयदों की समस्त शर्तें स्वीकार करने को तैयार है किंतु सैयदों ने बादशाह के संदेश का कोई उत्तर नहीं दिया। वे तो फर्रुखसीयर की हत्या करने का निश्चय कर चुके थे।

इस पर फर्रूखसियर ने जोधपुर के महाराजा अजीतसिंह को लिखा कि यमुना की तरफ महल की पूर्वी बाजू पर सैयदों का पहरा नहीं है। यदि आप अपने कुछ आदमी वहाँ बैठा दें तो मैं उधर की तरफ से लाल किले से बाहर निकल जाउंगा।

फर्रूखसियर सोचता था कि महाराजा अजीतसिंह उसका श्वसुर है, इसलिए वह फर्रुखसीयर की हत्या नहीं करेगा, उल्टे उसकी सहायता करेगा किंतु वह यह नहीं सोच पाता था कि महाराजा अजीसिंह ने अपनी इच्छा से अपनी पुत्री बादशाह से नहीं ब्याही थी, इसलिए अजीतसिंह सहायता क्यों करेगा!

बादशाह ने महाराजा को विवश करके उसकी पुत्री से विवाह किया था। इसलिए महाराजा ने फर्रूखसियर की जरा भी परवाह नहीं की तथा उसे उत्तर भिजवाया कि अब बहुत देर हो चुकी है, मैं क्या कर सकता हूँ? इस पत्र-व्यवहार की खबर सैयदों तक भी पहुंच गई। इसलिए उन्होंने लाल किले की पूर्वी दिशा में भी अपना पहरा बैठा दिया।

सैयद बंधुओं ने बादशाह को अपने हरम से बाहर आने के लिए कहलवाया किंतु बादशाह हरम से बाहर नहीं आया। इस पर सैयदों ने राजा रत्नचंद्र, राजा बख्तमल, नजमुद्दीन अली खाँ और दिलदार खाँ के नेतृत्व में 400 पठानों को अंतःपुर में घुसने और फर्रूखसियर को पकड़कर लाने के आदेश दिए।

जब ये लोग बादशाह के हरमखाने में घुसे तो सशस्त्र तुर्की स्त्रियों ने इन पर हमला कर दिया। देखते ही देखते दोनों ओर से तलवारें चलने लगीं और समस्त सशस्त्र तुर्की स्त्रियां मार दी गईं।

फर्रूखसियर एक छोटे से कमरे में छिपा हुआ था। जब उसका दरवाजा तोड़ा गया तो वह अपने जीवन से निराश होकर तलवार हाथ में लेकर बाहर आया और पठान सैनिकों पर वार करने लगा। जब बादशाह पठानों के वार से घायल हो गया तो बादशाह की बेगमों और बेटियों ने उसे घेर लिया और वे शत्रु सैनिकों के पैरों में गिर कर बादशाह के प्राणों की भीख मांगने लगीं।

सिपाहियों ने इन औरतों को एक ओर धकेल दिया तथा बादशाह को घसीटकर उसके हरम से बाहर ले आए। फर्रूखसियर को हरम से नंगे सिर तथा नंगे पैरों घसीटते हुए, गालियां देते हुए एवं पीटते हुए निकाला गया तथा अन्धा करके कैद में डाल दिया गया।

हरम पर हमला करने गए पठानों ने हरमखाने की बेगमों के सोने-चांदी तथा हीरे मोतियों के आभूषण उतार लिए। उनके सोने, चांदी, ताम्बे और पीतल के बरतन लूट लिए। बादशाह की रखैलों एवं दासियों को पठान सैनिक सामान की तरह उठाकर ले गए।

महाराजा अजीतसिंह के कहने पर सैयद बंधुओं ने महाराजा की पुत्री इंद्रकुंवरि महाराजा को सौंप दी। महाराजा अजीतसिंह ने पिछले तीन दिन से लाल किले के दीवाने आम में अपना आवास बना रखा था। वह वहीं पर घण्टों और शंख-ध्वनियों के बीच हिन्दू देवी-देवताओं की पूजा कर रहा था।

राजकुमारी इंद्रकुंवरि ने अपने पिता की सुरक्षा में आकर, मुसलमानी कपड़े त्याग दिए तथा अपनी शुद्धि करवाकर हिन्दू पोशाक पहन ली। वह लगभग एक करोड़ रुपए की सम्पत्ति लेकर अपने पिता के साथ जोधपुर चली गई। इससे कट्टर मुसलानों में बड़ा असंतोष हुआ किंतु सैयदों को इस समय महाराजा के सहयोग की अत्यंत आवश्यकता थी। इसलिए वे चुप रहे।

फर्रूखसियर को कोठरी में बंद कर दिए जाने के बाद शहजादे रफीउद्दरजात को बादशाह घोषित कर दिया गया। कुछ दिनों बाद गला घोंटकर फर्रुखसीयर की हत्या कर दी गई। ठीक वैसे ही, जैसे कुछ साल पहले ई.1713 में फर्रूखसियर ने अपने ताऊ जहांदारशाह को इसी लाल किले में इसी प्रकार मार डाला था।

लाल किले ने मुगल शहजादों की कई बार ऐसी दुर्गति होती हुई देखी थी किंतु अब लाल किला मुगल बादशाहों की भी वैसी ही दुर्गति होते हुए देख रहा था!

-डॉ. मोहनलाल गुप्ता

सैयद बन्धु

0
सैयद बन्धु - bharatkaitihas.com
सैयद बन्धु

सैयद बन्धु ईरान से आए हुए शिया मुसलमान थे। विगत कुछ वर्षों में लाल किले की कमजोर का फायदा उठाकर वे अत्यंत शक्तिशाली हो गए थे। वे मुगल बादशाहों को कीड़े-मकोड़ों की तरह मारने लगे!

अब तक सैयद बन्धु दो मुगल बादशाहों अर्थात् जहांदारशाह और फर्रूखसियर के प्राण ले चुके थे। इनमें से जहांदारशाह औरंगजेब के पुत्र बहादुरशाह का बेटा था जबकि फर्रूखसियर बहादुरशाह के दूसरे पुत्र अजीमुश्शान का बेटा था। अब सैयद बन्धु की दृष्टि शहजादे रफी-उद्-दरजात पर गई।

रफी-उद्-दरजात का जन्म 1 दिसम्बर 1699 को हुआ था। पाठकों का याद होगा कि औरंगजेब के पुत्र बहादुरशाह के चार पुत्रों में से सबसे छोटे पुत्र का नाम रफी-उस्-शान था जिसे बहादुरशाह के पुत्र अजीम-उस्-शान ने ई.1712 में उत्तराधिकार के युद्ध में मार डाला था।

रफी-उस्-शान के कई पुत्र थे जिनमें से तीसरे पुत्र का नाम रफी-उद्-दरजात था। वह भारत के मुगलों के तख्त पर बैठने वाला दसवां बादशाह था। 28 फरवरी 1719 को उसे बादशाह बनाया गया। जब रफी-उद्-दरजात को तख्त पर बैठाने के लिए ले जाया गया, तब उसकी माता फूट-फूटकर रो रही थी। क्योंकि वह जानती थी कि दुष्ट सैयद बन्धु जिस तरह जहांदारशाह तथा फर्रूखसियर को मार चुके थे, एक दिन वे रफी-उद्-दरजात को भी मार डालेंगे।

पूरे आलेख के लिए देखें यह वी-ब्लॉग-

रफी-उद्-दरजात राजयक्ष्मा अर्थात् ‘टुबरकुलोसिस’ का मरीज था और किसी भी कीमत पर बादशाह नहीं बनना चाहता था किंतु जोधपुर के महाराजा अजीतसिंह तथा जाटों के नेता चूड़ामन ने रफी-उद्-दरजात का एक-एक हाथ पकड़ा तथा उसे हिम्मत बंधाते हुए उसी तख्ते ताउस पर बैठा दिया जिस पर कभी शाहजहाँ और औरंगजेब बैठा करते थे।

महाराजा अजीतसिंह के आग्रह पर बादशाह रफीउद्दरजात ने हिन्दुओं पर से जजिया उठा लिया तथा हिन्दू तीर्थों को सब प्रकार की बाधाओं से मुक्त कर दिया। चूंकि फर्रूखसियर को तख्ते ताउस से उतारने में कोटा नरेश भीमसिंह, जोधपुर नरेश अजीतसिंह, जाटों के नेता चूड़ामन, राजा रत्नचंद्र, राजा बख्तमल तथा मराठों का बहुत बड़ा हाथ था, इसलिए मुसमान अमीर सल्तनत में से जजिया के हटाए जाने पर चुप रहे।

लाल किले की दर्दभरी दास्तान - bharatkaitihas.com
TO PURCHASE THIS BOOK, PLEASE CLICK THIS PHOTO

पाठकों को स्मरण होगा कि सैयद बन्धु ने फर्रूखसियर से कहकर आम्बेर नरेश जयसिंह तथा बूंदी नरेश बुद्धसिंह को अपने-अपने राज्यों में चले जाने के आदेश दिलवाए थे। अभी ये दोनों राजा मार्ग में ही थे कि उन्हें फर्रूखसियर की हत्या हो जाने के समाचार मिले। इस पर इन दोनों राजाओं की स्थिति बड़ी विचित्र हो गई। अब तक मुगल बादशाह के दरबार में इन्हीं दोनों की तूती बोलती थी और ये दोनों राजा ही बादशाह के बड़े मित्र माने जाते थे किंतु अब वे अचानक ही मुगलिया राजनीति के हाशिए पर फैंक दिए गए थे। सवाई जयसिंह को लगा कि फर्रूखसियर को हटाने के बाद सैयद बंधु जयसिंह को भी तंग करेंगे। इसलिए आम्बेर नरेश ने एक त्वरित योजना तैयार की।

जयसिंह ने आगरा के किलेदार मित्रसेन को संदेश भिजवाया कि वह शहजादे नेकूसीयर को जेल से निकालकर बादशाह घोषित कर दे। मैं तेरी सहायता के लिए आगरा आ रहा हूँ। पाठकों को स्मरण होगा कि नेकूसीयर औरंगजेब के विद्रोही पुत्र अकबर का सबसे छोटा बेटा था। जब ई.1687 में अकबर महाराष्ट्र से ईरान भाग गया था तब अकबर का दो साल का बेटा नेकूसीयर आगरा के मुगलिया हरम में ही छूट गया था। तब से औरंगजेब ने इसे आगरा में बंदी बना रखा था।

मित्रसेन एक ब्राह्मण वैद्य था तथा अपनी योग्यता के बल पर उन्नति करता हुआ आगरा के किलेदार के पद पर जा पहुंचा था। वह आम्बेर नरेश सवाई जयसिंह का विश्वसनीय व्यक्ति था। इसलिए मित्रसेन ने सवाई जयसिंह का संदेश मिलते ही 18 मई 1719 को नेकूसीयर को जेल से बाहर निकाल कर आगरा के लाल किले में उसका राज्याभिषेक करवाया।

नेकूसीयर ने बादशाह बनने के बाद किलेदार मित्रसेन को राजा बीरबल की पदवी दी तथा उसे सात हजारी मनसबदार बनाया। नेकूसीयर ने लाल किले में नियुक्त कर्मचारियों एवं सिपाहियों को अपने प्रति निष्ठावान बनाने के लिए शाही कोष से एक करोड़ रुपया निकालकर उनमें वितरित करवाए।

इसके बाद नेकूसीयर के आदेश से आगरा में स्थित गैरत खाँ के मकान पर गोलीबारी आरम्भ कर दी गई। गैरत खाँ आगरा सूबे का नाजिम था तथा सैयदों का विश्वस्त था। उसने नेकूसियर के सैनिकों का सामना किया तथा आगरा की समस्त गतिविधियों के समाचार सैयद बंधुओं को लिखकर भिजवा दिए।

सैयद हुसैन अली खाँ कोटा नरेश भीमसिंह तथा जाटों के नेता चूड़ामन को अपने साथ लेकर आगरा का विद्रोह दबाने के लिए रवाना हो गया। इन लोगों ने 23 जून 1719 को दिल्ली से प्रस्थान किया और कुछ ही दिनों में आगरा पहुंचकर लाल किले को घेर लिया। 12 अगस्त 1719 को नेकूसीयर तथा मित्रसेन ने आत्मसमर्पण कर दिया।

इस प्रकार केवल तीन माह के लिए ही सही किंतु नेकूसीयर मुगलों का बादशाह हुआ। भले ही वह दिल्ली के तख्त पर न बैठा हो किंतु आगरा के लाल किले में उसकी विधिवत् ताजपोशी हुई थी। यदि वंशावली के हिसाब से देखा जाए तो मुगलों के तख्त पर रफीउद्दरजात की बजाय नेकूसीयर का अधिकार पहले था क्योंकि वह औरंगजेब का पौत्र था जबकि रफीउद्दरजात औरंगजेब का प्रपौत्र था। इन दोनों में से किसी का भी पिता बादशाह नहीं बना था।

जब किलेदार मित्रसेन ने आगरा में नेकूसीयर की ताजपोशी की तब सवाई राजा जयसिंह भी एक सेना लेकर आगरा की तरफ बढ़ा किंतु जब वह टोडा पहुंचा तो उसे आगरा में नेकूसीयर तथा मित्रसेन की पराजय के समाचार मिले, इसलिए वह पुनः आम्बेर लौट गया। महाराजा जयसिंह ने इलाहाबाद के सूबेदार छबेलाराम को भी सेना लेकर आगरा पहुंचने के लिए लिखा था किंतु उस समय इलाहाबाद सूबे में एक बड़ा विद्रोह चल रहा था और छबेलाराम की सेना वहाँ व्यस्त थी, इसलिए छबेलाराम भी नेकूसीयर की सहायता के लिए नहीं पहुंच सका।

कुछ इतिहासकारों के अनुसार नेकूसीयर ने आगरा से निकल भागने के लिए चूड़ामन से गुप्त संधि की तथा उसने नेकूसीयर को सुरक्षित रूप से आम्बेर राज्य में पहुंचा देने का वचन दिया किंतु जब नेकूसीयर पचास लाख रुपये तथा अपने भतीजे मिर्जा असगरी को साथ लेकर चूड़ामन के साथ किले से बाहर निकला तो चूड़ामन ने नेकूसीयर को पकड़कर सैयद हुसैन अली खाँ को सौंप दिया तथा रुपये अपने पास रख लिये।

कुछ इतिहासकारों के अनुसार कोटा के महाराजा भीमसिंह ने नेकूसीयर को बंदी बनाकर फिर से लाल किले की उसी जेल में डाल दिया। कुछ दिन बाद नेकूसीयर को दिल्ली के सलीमगढ़ दुर्ग की जेल में भेज दिया गया। यह भाग्यहीन शहजादा जीवन भर जेल में ही पड़ा रहा और 11 मार्च 1723 को जेल में ही मृत्यु को प्राप्त हुआ।

जिस समय सैयद बन्धुओं ने फर्रूखसियर को तख्त से उतार कर रफी-उद्-दरजात को बादशाह बनाया था, उस समय रफीउद्दरजात की आयु केवल 20 वर्ष थी किंतु वह राजयक्ष्मा अर्थात् ‘टुबरकुलोसिस’ का मरीज था। उसे अपनी मौत नजदीक आती हुई दिखाई दे रही थी। अतः तीन महीने बाद उसने सैयद बंधुओं से कहा कि मुझे हटाकर मेरे बड़े भाई रफीउद्दौला को बादशाह बना दो।

इस पर 4 जून 1719 को रफी-उद्-दरजात के बड़े भाई रफी-उद्-दौला को तख्त पर बैठाया गया। इसके 7 दिन बाद अर्थात् 11 जून 1719 को आगरा के लाल किले में रफी-उद्-दरजात की मृत्यु हो गई। उसने केवल तीन माह नौ दिन राज्य किया।

बहुत से इतिहासकारों का मानना है कि संभवतः सैयद बंधुओं ने आगरा में रफी-उद्-दरजात की हत्या कर दी ताकि वह भविष्य में कभी भी सैयद बंधुओं के लिए खतरा न बन सके। उसका शव दिल्ली लाया गया और महरौली में ख्वाजा बख्तियार काकी की दरगाह के निकट दफना दिया गया।

नया बादशाह अर्थात् रफीउद्दौला अपने भाई रफी-उद्-दरजात से केवल 18 माह बड़ा था। सैयद बंधु उसे बादशाह नहीं बनाना चाहते थे किंतु परिस्थितियों ने सैयदों को विवश कर दिया था कि वे रफीउद्दौला को बादशाह बनाएं। रफीउद्दौला ने शाहजहाँ की उपाधि धारण की। मुगलों के इतिहास में उसे शाहजहाँ (द्वितीय) भी कहा जाता है।

सैयद बन्धु ने नए बादशाह के चारों ओर अपने गुप्तचर नियुक्त कर दिए तथा उसकी प्रत्येक गतिविधि पर दृष्टि रखने लगे। उसे किसी से भी मिलने की अनुमति नहीं थी। वह जुम्मे की नमाज में शामिल नहीं हो सकता था। यहाँ तक कि सैयद बन्धु के सिपाही बादशाह के कपड़ों और भोजन का भी निरीक्षण किया करते थे।

पूर्ववर्ती बादशाह की तरह नया बादशाह भी राजयक्ष्मा का रोगी था, साथ ही अफीम के सेवन का आदी था। बादशाह बनने के बाद उसने अफीम छोड़ने का प्रयास किया किंतु इस प्रयास में वह और अधिक बीमार हो गया। 18 सितम्बर 1719 को उसका भी निधन हो गया। उसनके केवल चार माह और 16 दिन ही राज्य किया। उसे भी महरौली में ख्वाजा बख्तियार काकी की दरगाह के निकट दफना दिया गया।

कामवर खाँ ने आरोप लगाया है कि इन दोनों बादशाहों अर्थात् रफी-उद्-दरजात एवं रफीउद्दौला को सैयद बन्धु ने विष देकर मरवाया था। इस प्रकार सैयद बंधुओं ने पांच मुगल बादशाहों जहांदारशाह, फर्रूखसीयर, नेकूसीयर, रफीउद्दरजात तथा शाहजहाँ (द्वितीय) को कीड़े मकोड़ों की तरह मरवाया तथा शासन सूत्र अपने हाथों में रखकर निरंकुश शासन किया।

-डॉ. मोहनलाल गुप्ता

मुहम्मदशाह रंगीला

0
मुहम्मदशाह रंगीला - bharatkaitihas.com
मुहम्मदशाह रंगीला

मुहम्मदशाह रंगीला मुगलिया इतिहास की कुछ ऐसी विस्मयकारी कथाओं का नायक बन गया है जो परीकथाओं जैसी प्रतीत होती हैं तथा मुगलों के नैतिक पतन की कहानी कहती हैं।

जब ईस्वी 1719 में बादशाह शाहजहाँ (द्वितीय) अर्थात् रफीउद्दौला मर गया तो सैयद बंधुओं ने नए बादशाह की तलाश आरम्भ की। इस बार उनकी दृष्टि शहजादे रौशन अख्तर पर पड़ी। वह मरहूम बादशाह बहादुरशाह (मुअज्जमशाह, शाहआलम प्रथम) के चौथे पुत्र जहानशाह मिर्जा का बेटा था।

रौशन अख्तर का जन्म 7 अगस्त 1702 को अफगानिस्तान के गजना नामक स्थान पर कुदसिया बेगम के पेट से हुआ था। उस समय रौशन अख्तर का पिता जहानशाह अपने पिता मुअज्जमशाह के साथ अफगानिस्तान के मोर्चे पर नियुक्त था।

सौभाग्य एवं दुर्भाग्य ने रौशन अख्तर के साथ अनोखा खेल खेला था। जब ईस्वी 1707 में औरंगजेब की मृत्यु हुई तो रौशन अख्तर के बाबा मुअज्जमशाह ने जजाउ के युद्ध में अपने भाई आजमशाह को मारकर मुगलों के तख्त पर अधिकार कर लिया था किंतु जब ईस्वी 1712 में मुअज्जमशाह अर्थात् बहादुरशाह की मृत्यु हुई तो उसके बाद हुए उत्तराधिकार के युद्ध में रौशन अख्तर का पिता जहानशाह मिर्जा मार डाला गया।

उस समय रौशन अख्तर 12 साल का बालक था। उसके ताऊ जहांदारशाह ने बालक रौशन अख्तर को मारने का निर्णय लिया किंतु रौशन अख्तर इतना सुंदर एवं मासूम दिखता था तथा इतना हाजिर-जवाब था कि जहांदारशाह ने अपना निर्णय बदल दिया और रौशन अख्तर तथा उसकी माता को बंदी बना लिया।

पूरे आलेख के लिए देखें यह वी-ब्लॉग-

रौशन अख्तर की माता कुदसिया बेगम ने रौशन अख्तर को अच्छी शिक्षा दिलवाई थी। संभवतः इसलिए भी रौशन अख्तर ने अपने ताऊ जहांदारशाह के मन पर अच्छा प्रभाव डाला था। जब ईस्वी 1719 में फर्रूखसियर को गद्दी से उतारा गया तब रौशन अख्तर तथा उसकी माता कुदसिया बेगम को जेल से मुक्त कर दिया गया।

जब लगभग 8 माह की अवधि में रफीउद्दरजात और रफीउद्दौला नामक दो बादशाह मर गए अथवा मार डाले गए तब रौशन अख्तर का फिर से भाग्योदय हो गया। 29 सितम्बर 1719 को उसे ‘अबु अल फतेह नासिरूद्दीन रौशन अख्तर मुहम्मदशाह’ के नाम से बादशाह बनाया गया। भारत के इतिहास में उसे मुहम्मदशाह रंगीला के नाम से प्रसिद्धि प्राप्त हुई।

लाल किले की दर्दभरी दास्तान - bharatkaitihas.com
TO PURCHASE THIS BOOK, PLEASE CLICK THIS PHOTO

दिल्ली के लाल किले में बड़ी धूमधाम से मुहम्मदशाह रंगीला की ताजपोशी की गई। उसकी माता को 15 हजार रुपए मासिक पेंशन स्वीकृत की गई। इस प्रकार बाल्यकाल में ही जीवन के कई उतार-चढ़ाव देख चुका रौशन अख्तर ईस्वी 1719 में केवल 17 साल की आयु में मुहम्मदशाह रंगीला के नाम से मुगलों के तख्त पर बैठा। उसके तख्त पर बैठते ही सैयद बंधुओं ने अपना पुराना खेल आरम्भ कर दिया। वे बादशाह के हरम से लेकर उसके दरबार तक कड़ा पहरा रखते थे और बादशाह की ओर से लिए जाने वाले समस्त निर्णय स्वयं लेते थे।

इधर मुहम्मदशाह रंगीला भी अत्यंत महत्वाकांक्षी युवक था। उसके लिए यह संभव नहीं था कि बादशाह जैसे सर्वोच्च पद पर बैठकर वह अपने ही अमीरों का नियंत्रण स्वीकार करे। अतः उसने तख्त पर बैठते ही सबसे पहला काम उन तरीकों को तलाशने का किया जिनसे सैयद बंधुओं को मारा जा सके। इस समय सैयद हुसैन अली खाँ सल्तनत के मुख्य सेनापति के पद पर कार्य कर रहा था और उसका छोटा भाई अब्दुल्ला खाँ सल्तनत का प्रधानमंत्री था।

मुहम्मदशाह के सौभाग्य से इस समय तूरानियों का गुट भी बहुत प्रबल था जो कि सैयद बंधुओं द्वारा अब तक किए गए कार्यों से बहुत नाराज था।

इस समय तूरानी गुट में कमरूद्दीन खाँ तथा जैनुद्दीन अहमद खाँ आदि अमीरों का बोलबाला था। इन लोगों ने मुहम्मदशाह रंगीला को तो बादशाह स्वीकार कर लिया किंतु सैयद बंधुओं के प्रबल विरोधी हो गए। मुहम्मदशाह भी सैयदों के प्रति समर्पित न रहकर सैयदों के विरोधी अमीरों अर्थात् तूरानी गुट के साथ हो गया।

सैयदों को सबसे अधिक खतरा चिनकुलीच खाँ से था। इसलिए उन्होंने चिनकुलीच खाँ को मालवा का सूबेदार नियुक्त करके दिल्ली से दूर भिजवा दिया। चिनकुलीच खाँ का वास्तविक नाम कमरूद्दीन खाँ था। उसे औरंगजेब ने चिनकुलीच खान की, फर्रूखसियर ने निजामुलमुल्क फतेहजंग की तथा मुहम्मदशाह ने आसफजाह की उपाधियां दी थीं। इसलिए इतिहास की पुस्तकों में चिनकुलीच खां के अलग-अलग नाम मिलते हैं।

सैयद बंधुओं ने चिनकुलीच खाँ को फर्रूखसियर के समय से ही तंग करना आरम्भ कर दिया था। फर्रूखसियर के काल में सैयद बंधुओं ने चिनकुलीच खाँ को दक्षिण में सूबेदार बनाकर भेजा था। चिनकुलीच खाँ छः माह ही दक्षिण में सूबेदारी कर सका था कि सैयद बंधुओं ने उसका स्थानांतरण मुरादाबाद कर दिया तथा उसके स्थान पर सैयद हुसैन अली को नियत कर दिया।

चिनकुलीच खाँ दक्षिण से चल पड़ा तथा बादशाह फर्रूखसियर से अनुमति प्राप्त करके कुछ दिन के लिए दिल्ली आ गया। कुछ इतिहासकारों का मानना है कि फर्रूखसियर ने ही चिनकुलीच खाँ को दिल्ली आने के लिए लिखा था ताकि सैयद बंधुओं का दमन किया जा सके।

जब चिनकुलीच खाँ दिल्ली में ही था कि अब्दुल्ला खाँ ने चिनकुलीच खाँ को मुरादाबाद की जगह बिहार का सूबेदार बना दिया तथा उसे पटना जाने के आदेश दिए। अभी चिनकुलीच खाँ दिल्ली से रवाना भी नहीं हुआ था कि सैयद बंधुओं ने बादशाह फर्रूखसियर की हत्या कर दी। इससे चिनकुलीच खाँ सैयदों पर नाराज हुआ तथा पटना जाने की तैयारी करने लगा।  

सैयद बंधुओं ने उसे बिहार भेजना ठीक नहीं समझा अपितु उसे मालवा की सूबेदारी सौंप दी गई। इस बार चिनकुलीच खाँ ने अब्दुल्ला खाँ को लिखा कि वह एक शर्त पर मालवा जाएगा कि उसे वहाँ से हटाया नहीं जाए। अब्दुल्ला खाँ ने चिनकुलीच खाँ को आश्वस्त किया कि उसे मालवा से जल्दी नहीं हटाया जाएगा। वह मालवा पहुंचकर विद्रोहियों पर नियंत्रण स्थापित करे।

इस पर चिनकुलीच खाँ ने सैयद बंधुओं के आदेश पर मालवा की ओर प्रस्थान कर दिया। जब वह मालवा के लिए जा रहा था तब मार्ग में उसे बादशाह मुहम्मद शाह की माँ कुदसिया बेगम का गुप्त पत्र मिला जिसमें लिखा था कि चिनकुलीच खाँ दुष्ट सैयदों के मंसूबों को सफल नहीं होने दे और सैयदों के विनाश का प्रबंध करे। इस पत्र को पढ़कर चिनकुलीच खाँ का उत्साह बढ़ गया। उसे अपने जीवन के लिए एक मजबूत लक्ष्य मिल गया था।

-डॉ. मोहनलाल गुप्ता

सैयद बंधुओं की हत्या

0
सैयद बंधुओं की हत्या - bharatkaitihas.com
सैयद बंधुओं की हत्या

सैयद बंधु फर्रुखसीयर के समय से ही लाल किले में बादशाहों का कत्ल करते आ रहे थे और अब तक कई बादशाहों को कीड़े-मकोड़ों की तरह मार चुके थे। इसलिए नए बादशाह को लगा कि जब तक सैयद बंधुओं की हत्या नहीं की जाएगी, बादशाह का जीवन सुरक्षित नहीं है।

जब मुहम्मदशाह रंगीला भारत का बादशाह बन गया तब सैयद बंधुओं ने मालवा की तरफ हो रहा विद्रोह कुचलने के लिए चिनकुलीच खाँ को मालवा का सूबेदार बनाया तथा उसे मालवा जाने का आदेश दिया।

चिनकुलीच खाँ ने सैयद बंधुओं के आदेश से मालवा की ओर प्रस्थान किया किंतु मार्ग में उसे बादशाह मुहम्मद शाह रंगीला की माँ कुदसिया बेगम का पत्र मिला कि वह सैयद बंधुओं की हत्या का प्रबंध करे। इसलिए चिनकुलीच खाँ ने मालवा पहुंचते ही नई सेना की भर्ती आरम्भ कर दी तथा असीरगढ़ दुर्ग के किलेदार को रिश्वत देकर दुर्ग पर पर अधिकार कर लिया। कुछ समय बाद चिनकुलीच खाँ ने बुरहानपुर के दुर्ग पर भी अधिकार कर लिया।

जब सैयद बंधुओं को चिनकुलीच खाँ की कार्यवाहियों के बारे में ज्ञात हुआ तो सैयदों ने दिलावर खाँ के नेतृत्व में दिल्ली से एक सेना चिनकुलीच खाँ के विरुद्ध भेजी। कोटा नरेश भीमसिंह को भी चिनकुलीच खाँ पर आक्रमण करने के निर्देश दिए। महाराव भीमसिंह को सैयदों की ओर से आश्वासन दिया गया कि इस युद्ध में विजय प्राप्त करने के बाद महाराव को सात हजारी मनसब दिया जाएगा। इसी तरह नरवर के राजा गजसिंह को भी महाराव भीमसिंह के साथ युद्ध में जाने के आदेश दिए गए।

सैयदों ने दोस्त मुहम्मद खाँ रूहेला को भी साढ़े तीन हजार घुड़सवारों के साथ चिनकुलीच खाँ पर चढ़ाई करने के लिए रिवाना कर दिया। कोटा नरेश भीमसिंह तेरह हजार घुड़सवारों के साथ चिनकुलीच खाँ के विरुद्ध कार्यवाही करने के लिए रवाना हो गया। जब उत्तर भारत में स्थित मुगलों की सेनाएं मालवा की तरफ रवाना हुईं तो चिनकुलीच खाँ उज्जैन से कुछ दूरी पर स्थित पन्धार नामक स्थान पर मोर्चा बांधकर बैठ गया।

पूरे आलेख के लिए देखें यह वी-ब्लॉग-

सैयद बंधु किसी भी कीमत पर चिनकुलीच खाँ को कुचल देना चाहते थे ताकि बादशाह मुहम्मद शाह को अपने नियंत्रण में लेकर उसे दण्डित किया जा सके। इसलिए सैयदों ने दक्षिण भारत के नायब सूबेदार आलम अली खाँ को भी चिनकुलीच खाँ पर अभियान करने के निर्देश भेज दिए।

सैयदों का अनुमान था कि चिनकुलीच खाँ दोनों तरफ से आने वाली मुगल सेनाओं के बीच में पिस जाएगा किंतु चिनकुलीच खाँ की तैयारी पूरी थी। बादशाह की माता का समर्थन मिल जाने से उसके पास नैतिक शक्ति भी थी और वह पूरे उत्साह में था।

लाल किले की दर्दभरी दास्तान - bharatkaitihas.com
TO PURCHASE THIS BOOK, PLEASE CLICK THIS PHOTO

 19 जून 1720 को पन्धार में दोनों पक्षों के बीच भयानक युद्ध हुआ। सैयदों की सेना का मुख्य सेनापति दिलावर खाँ रणक्षेत्र में ही छाती में गोली लग जाने से मारा गया। कोटा का राजा भीमसिंह इस युद्ध में हाथी पर बैठकर लड़ रहा था। वह भी थोड़ी ही देर में तोप का गोला लग जाने से मारा गया। राजा गजसिंह भी इस युद्ध में हाथी पर बैठकर लड़ रहा था। जब उसने देखा कि सैयदों का प्रधान सेनापति अपने सैयद सिपाहियों के साथ बुरी तरह काट डाला गया है तथा महाराव भीमसिंह भी वीरगति को प्राप्त हो गया है तो राजा गजसिंह हाथी से उतरकर घोड़े पर बैठ गया। अंत में वह चिनकुलीच खाँ की सेना के बहुत से सैनिकों को मारकर स्वयं भी रणखेत रहा।

इस प्रकार पन्धार के युद्ध में सैयदों की समस्त सेनाएं बुरी तरह परास्त हो गईं। दक्षिण का नायब सूबेदार हुसैन अली खाँ भी इस युद्ध में मारा गया। वह हुसैन अली खाँ का दत्तक पुत्र था। उसकी मृत्यु से सैयदों का दक्षिण में मुख्य स्तम्भ टूट गया। जब सैयद हुसैन खाँ की सेनाएं चिनकुलीच खाँ द्वारा परास्त कर दी गईं तो दिल्ली में बैठै एतमादुद्दौला, सआदत अली ख़ाँ और हैदर ख़ाँ ने सैयद बंधुओं की हत्या का षड्यंत्र रचा।

इस षड्यंत्र में बादशाह मुहम्मद शाह तथा बादशाह की माता भी शामिल हो गई। हैदर ख़ाँ ने हुसैन अली को मारने का बीड़ा उठाया। इसके बाद मुहम्मदशाह ने फतेहपुर सीकरी में दरबार का आयोजन किया। 9 अक्टूबर 1720 को जब हुसैन अली खाँ दरबार में एक याचिका पढ़ रहा था, उसी समय हैदर ख़ाँ ने हुसैन अली की छुरा मारकर हत्या कर दी। कुछ इतिहासकारों ने लिखा है कि जब हुसैन अली खाँ बादशाह से मिलकर वापस जा रहा था, तब एक मुगल ने हुसैन अली खाँ की बगल में खन्जर घुसा दिया तथा दूसरे मुगल ने हुसैन अली खाँ के पैर खींचकर उसे पालकी से नीचे गिरा दिया और छाती पर चढ़कर उसका सिर काट डाला।

इस हत्या पर टिप्पणी करते हुए इतिहासकार इर्विन ने ‘लेटर मुगल्स’ में लिखा है कि ‘भारतीय कर्बला में दूसरे याज़ीद ने दूसरे हुसैन को शहीद कर दिया।’ इसके पश्चात् बादशाह मुहम्मदशाह ने स्वयं को समस्त सेनाओं का मुख्य सेनापति घोषित कर दिया।

सैयद हुसैन अली खाँ का सिर काटकर उसके छोटे भाई अब्दुल्ला खाँ को भेज दिया गया तथा अब्दुल्ला खाँ को निर्देश दिए गए कि वह तुरंत बादशाह की सेवा में हाजिर हो किंतु अब्दुल्ला खाँ बादशाह के समक्ष उपस्थित नहीं हुआ। अब्दुल्ला ख़ाँ ने अपने भाई की हत्या का बदला लेने के लिए एक विशाल सेना एकत्रित की तथा मुहम्मद शाह के स्थान पर रफ़ी-उस-शान के पुत्र मुहम्मद इब्राहीम को बादशाह घोषित कर दिया।

इस पर बादशाह मुहम्मदशाह ने मुहम्मद अमीन खाँ तूरानी को आठ हजार का मनसब प्रदान करके उसे प्रधानमंत्री सैयद हुसैन अली खाँ बारहा को कुचलने के लिए भेजा। उसके साथ मीर मुहम्मद अमीन ईरानी तथा मुहम्मद हैदर बेग आदि को भी भेजा गया।

13 नवम्बर 1720 को आगरा के निकट हसनपुर में बादशाह की सेना तथा अब्दुल्ला ख़ाँ के बीच घमासान युद्ध हुआ जिसमें अब्दुल्ला खाँ हार गया। उसे बन्दी बनाकर जेल में डाल दिया गया। 2 वर्ष के बाद 11 अक्टूबर 1722 को विष देकर मार दिया गया। इस प्रकार दोनों सैयद बंधुओं की हत्या हो गई तथा लाल किले को दोनों सैयदों से छुटकारा मिल गया।

जिस शहजादे इब्राहीम मुहम्मद को अब्दुल्ला खाँ ने बादशाह घोषित किया था, उसे भी कैद कर लिया गया तथा उसकी 40 रुपए प्रतिदिन की पेंशन बांध दी गई। मुहम्मद शाह रंगीला ने बादशाह बनने के तीन साल के भीतर ही सैयद बंधुओं के क्रूर शिकंजे से छुटकारा पा लिया। सैयद बंधुओं की हत्या किए बिना उनसे छुटकारा पाना संभव नहीं था।

-डॉ. मोहनलाल गुप्ता

मुहम्मदशाह रंगीला का दरबार

0
मुहम्मदशाह रंगीला का दरबार - bharatkaitihas.com
मुहम्मदशाह रंगीला का दरबार

मुहम्मदशाह रंगीला का दरबार संसार भर के शासकों के दरबारों से अलग था। संसार की समस्त रंगीनियाँ उस दरबार में सजी रहती थीं। यहाँ तक कि भरे दरबार में बादशाह स्वयं अपने नंगे चित्र बनाया करता था।

जब ई.1720 में बादशाह मुहम्मदशाह ने सैयद बंधुओं का सफाया कर दिया तो मुहम्मदशाह रंगीला निरंकुश शासक बन गया। उसने चिनकुलीच खाँ को अपना प्रधानमंत्री बना लिया तथा राज्य का सारा भार उस पर डालकर स्वयं रंगरेलियों में व्यस्त हो गया। मुहम्मदशाह को संगीत एवं नृत्यकला से बहुत प्रेम था। इस कारण लोगों ने उसका नाम ‘सदा रंगीला’ रख दिया था। मुगल इतिहास में उसे मुहम्मद शाह रंगीला भी कहा जाता है। उसके काल में मुगल सल्तनत का तेजी से ह्रास हुआ।

मुहम्मदशाह के साथ ही लाल किले की रंगीनियां फिर से लौट आईं। पाठकों को स्मरण होगा कि शाहजहाँ के काल में दिल्ली एवं आगरा के लाल किलों के भीतर गवैयों, नर्तकियों, भाण्डों, नक्कालों, हिंजड़ों, विदेशी शराब, इत्र, हीरे-मोती के आभूषण तथा रेशमी वस्त्रों के विक्रेताओं के झुण्ड मण्डराया करते थे किंतु जब औरंगजेब बादशाह हुआ तो उसने लाल किलों को इन समस्त रंगीनियों से मुक्त करवाया दिया था।

इटैलियन यात्री निकोलो मनूची ने औरंगजेब के काल का एक किस्सा लिखा है। वह लिखता है कि जब औरंगज़ेब ने संगीत पर पाबंदी लगाई तो गवैयों और संगीतकारों की रोज़ी-रोटी बंद हो गई। इससे तंग आकर एक हज़ार गवैयों, नचकैयों, वेश्याओं एवं भाण्डों आदि ने जुम्मे के दिन दिल्ली की जामा मस्जिद से ढोल-नगाड़ों एवं तुरहियों आदि संगीत यंत्रों का जनाजा निकाला तथा जोर-जोर से रोते-पीटते हुए औरंगजेब के सामने से निकले।

पूरे आलेख के लिए देखें यह वी-ब्लॉग-

औरंगज़ेब ने जनाजे में शामिल एक गवैये को अपने पास बुलाकर पूछा- ‘ये किसका जनाज़ा लिए जा रहे हो जिसकी ख़ातिर इस क़दर रोया पीटा जा रहा है?’

इस पर उस गवैये ने जवाब दिया- ‘बादशाह ने संगीत का क़त्ल कर दिया है, उसे दफ़नाने जा रहे हैं।’

औरंगज़ेब ने उससे कहा- ‘क़ब्र ज़रा ग़हरी खोदना।’

मुहम्मदशाह के तख्त पर बैठते ही वे सारे वाद्ययंत्र मानो कब्र से निकल कर फिर से जीवित हो गए थे और एक साथ ही मुहम्मदशाह रंगीला का दरबार उनसे आबाद हो गया था। लाल किलों की रंगीनियां एक बार फिर से पूरे जोर-शोर के साथ लौट आई थीं।

लाल किले की दर्दभरी दास्तान - bharatkaitihas.com
TO PURCHASE THIS BOOK, PLEASE CLICK THIS PHOTO

उन्हीं दिनों ‘मरक़ए दिल्ली’ नामक एक पुस्तक लिखी गई जिसमें मुहम्मदशाह रंगीला का दरबार विस्तार से वर्णित है। इस पुस्तक को मुहम्मदशाह के दरबारी ‘दरगाह क़ली ख़ान’ ने लिखा था। इस पुस्तक के अनुसार- ‘इस काल की दिल्ली में एक ओर तो मुट्ठी भर शाही और धनी लोग थे जो सब तरह के ऐश और आराम की जिंदगी जी रहे थे और दूसरी ओर बहुत बड़ी संख्या में गरीब लोग थे जो भूख, लाचारी और बेबसी की जिंदगी जी रहे थे। वे दुर्भाग्य से अपना माथा पटकते थे और उन्हें पेट भर भोजन नहीं मिलता था। इस काल की दिल्ली में औलियाओं का बोलबाला था। गरीब लोग अपने दुर्भाग्य से पीछा छुड़ाने के लिए औलियाओं का दामन थामते थे जिनके पास भविष्य के काल्पनिक सुखों का आश्वासन देने के अतिरिक्त और कुछ नहीं था।’

‘मरक़ए दिल्ली’ में आंहज़ोर के क़दम शरीफ़, क़दम गाह हज़रत अली, निज़ामुद्दीन औलिया का मक़बरा, कुतुब साहब की दरग़ाह और सैंकड़ों दरगाहों का उल्लेख किया गया है जहाँ उनके सामने मन्नतें मानने वालों एवं गिड़गिड़ाने वालों की भीड़ लगी रहती थी।

‘मरक़ए दिल्ली’ में लिखा है- ‘यहाँ औलिया कराम की इतनी क़ब्रें हैं कि उनसे बहार भी जल उठे। इन दरगाहों एवं कब्रों पर झाड़-फ़ानूस सजाए जाते हैं और महफ़िलें रोशन होती हैं।’

‘मरक़ए दिल्ली’ के लेखक दरग़ाह कली खान ने इस काल के अनेक संगीतकारों का वर्णन  किया है जो शाही दरबार से सम्बन्ध रखते थे। उनमें ‘अदा रंग’ और ‘सदा रंग’ सर्वाधिक विख्यात हैं जिन्होंने ख़याल-तर्ज़-ए-गायकी को नई ऊँचाइयां प्रदान कीं। ‘मरक़ए दिल्ली’ में कहा गया है- ‘सदा रंग जैसे ही अपने नाख़ून से साज़ के तार छेड़ता है दिलों से आह निकलने लगती है और जैसे ही उस के गले से आवाज़ निकलती है, लगता है बदन से जान निकल गई।’

उसी दौर की एक बंदिश आज भी गाई जाती है-

‘मुहम्मदशाह रंगीले सजना तुम बिन कारी बदरया, तन ना सुहाए।’

अर्थात्- हे मुहम्मदशाह रंगीले सजना, तुम्हारे बिना काले बादल हृदय को अच्छे नहीं लगते।

उस दौर में नूर बाई नामक वेश्या के कोठे के आगे शाही अमीरों और धनी लोगों की इतनी भीड़ लगती थी कि उनके हाथियों से दिल्ली की गलियों में जाम लग जाता था। जिसे आज की भाषा में ट्रैफिक जाम कहा जाता है।

मरक़ए दिल्ली में लिखा है- ‘जिस किसी को नूरबाई की महफ़िल का चस्का लगा उसका घर बर्बाद हुआ और जिस दिमाग़ में उसकी दोस्ती का नशा समाया वो बगुले की तरह चक्कर काटता रहता। एक दुनिया ने अपनी पूंजी खपा दी और अनगिनत लोगों ने उस काफ़िर की खातिर सारी दौलत लुटा दी।’

दरग़ाह क़ुली ख़ान ने एक और तवायफ़ अद बेग़म का हैरत अंगेज़ हाल लिखा है- ‘अद बेग़म दिल्ली की मशहूर बैग़म हैं जो पायजामा नहीं पहनती, बल्कि अपने बदन के निचले हिस्से पर पायजामों की तरह फूल-पत्तियां बना लेती हैं। ऐसी फूल-पत्तियां बनाती हैं जो बुने हुए रोमन थान में होती हैं। इस तरह वो अमीरों की महफ़िल में जाती हैं और कमाल ये है कि पायजामे और उस नक्क़ाशी में कोई फ़र्क़ नहीं कर पाता। जब तक उस राज़ से पर्दा ना उठे कोई उनकी कारीगरी को नहीं भांप सकता।’

उस काल के शाइर मीर तक़ी मीर ने तवायफ अद बेग़म की तारीफ करते हुए लिखा है-

‘जी फट गया है रश्क से चसपां लिबास के

क्या तंग जामा लिपटा है उसके बदन के साथ।’

मुहम्मदशाह अपने दिन की शुरुआत झरोखा दर्शन से करता था। उस समय शाही महल के झरोखे के सामने बटेरों या हाथियों की लड़ाइयां आयोजित की जाती थीं। हाथियों और बटेरों की लड़ाइयों से तंग आकर जनता ने झरोखा दर्शन के लिए आना बंद कर दिया। अमीरों को तो अपनी नौकरी करनी ही थी।

मुहम्मदशाह दोपहर के समय बाज़ीगरों, नटों, नक्क़ालों और भांडों की कलाओं से दिल बहलाता था। वह प्रति दिन संध्याकाल में एक पालकी पर बैठकर अपने बाज के साथ शाही उद्यान में घूमने जाता था। उसकी शामें नृत्य और संगीत से तथा रातें औरतों से रंगीन रहा करती थीं।

बादशाह को औरतों के कपड़े पहनने का बड़ा शौक था। इसलिए वह कई बार दरबार में भी औरतों के कपड़े पहनकर आता था। जनाना रेशमी पोशाक का स्पर्श बादशाह को मदहोश बनाए रखता था। उसके पांव में मोती जड़े जूते होते थे।

मुग़ल चित्रकारी जो औरंगज़ेब के दौर में मुरझा गई थी अब पूरी चमक के साथ सामने आई। उस दौर के विख्यात चित्रकारों में निधामल और चित्रमन के नाम शामिल हैं जिनके चित्र मुग़लिया चित्रकारी के सुनहरे दौर के कलाकारों के समकक्ष हैं।

मुहम्मदशाह कालीन मुगलिया चित्रशैली में हल्के रंगों का प्रयोग किया गया है। जहांगीर कालीन चित्रकला में चित्रों में पूरा फ्रेम खचाखच भर दिया जाता था जबकि मुहम्मदशाह के दौर में परिदृश्य में सादगी दिखाने और खाली स्थान रखने का रुझान पैदा हुआ।

कहा जाता है कि जब मुहम्मदशाह औरतों के कपड़ों में मुगलिया दरबार में आने लगा तो उसके बारे में लोगों ने अफवाह उड़ा दी कि बादशाह नपुंसक है। इस पर मुहम्मदशाह रंगीला ने स्वयं अपने नग्न चित्र बनाए जिनमें वह दूसरी स्त्रियों के साथ सहवास करता हुआ दिखाया जाता था। इन चित्रों में से कुछ चित्र आज भी भारत के संग्रहालयों में मौजूद हैं।

कुछ लेखकों ने लिखा है कि मुहम्मदशाह रंगीला, कई बार तो दरबार में बिना कपड़े पहने ही आता था और दरबारियों को भी नग्न होने के लिए कहता था ताकि लोग देख सकें कि बादशाह और उसके अमीर नामर्द नहीं हैं।

मुहम्मदशाह रंगीला का दरबार मुगलों के नैतिक एवं चारित्रिक पतन का सबसे ज्वलंत उदाहरण था किंतु लाल किले ने मुगलों के पतन के इससे भी भयंकर चित्र अतीत में देख रखे थे और कुछ वीभत्स दृश्य लाल किला शीघ्र ही देखने वाला था।

-डॉ. मोहनलाल गुप्ता

- Advertisement -

Latest articles

मोहन भागवत के नाम खुला पत्र - bharatkaitihas.com

मोहन भागवत के नाम खुला पत्र

0
मोहन भागवत के नाम खुला पत्र मोहन भागवत के नाम खुला पत्र राष्ट्र, समाज और संस्कृति के प्रति समर्पित भाव से लिखा गया है। आज...
सगुण-निर्गुण अंतर्द्वन्द्व में फंसी कबीर की राम-भक्ति - bharatkaitihas.com

सगुण-निर्गुण अंतर्द्वन्द्व में फंसी कबीर की राम-भक्ति

0
हिन्दू सनातन धर्म परम्परा (Sanatan Dharma Tradition) में सगुण-निर्गुण अंतर्द्वन्द्व उपनिषदों के काल से ही दिखाई देने लगता है। कबीर की रामभक्ति भी इसी...
काशी नामकरण का ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य - bharatkaitihas.com

काशी नामकरण का ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य

0
काशी (Kashi) को पुराणों] धर्मशास्त्रों, विविध हिन्दू ग्रंथों, इतिहास ग्रंथों  तथा लोकपरंपरा में अनेक नामों से पुकारा जाता है। इसके प्रमुख नाम निम्नलिखित हैं— काशी...
तिरुक्कुरल विश्व साहित्य का गौरव - bharatkaitihas.com

तिरुक्कुरल : विश्व साहित्य का गौरव

0
तिरुक्कुरल (Thirukkural) केवल एक पुस्तक नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की एक संपूर्ण संहिता है। इसे 'तमिल वेद' और 'विश्व नीतिशास्त्र' के रूप...
डिजिटल क्रांति www.bharatkaitihas.com

डिजिटल क्रांति और भविष्य की तैयारी

0
चारों ओर डिजिटल क्रांति का शोर है किंतु हमारे पास भविष्य की क्या तैयारी है! क्या हमने कभी इस पर गंभीरता से विचार किया...