Home Blog Page 53

हिन्दूधर्म और सिक्खपंथ

0
हिन्दूधर्म और सिक्खपंथ - www.bharatkaitihas.com
गुरु गोविंदसिंह एवं पंचप्यारे

हिन्दूधर्म और सिक्खपंथ वैसे ही हैं जैसे सूर्य और उसका प्रकाश। हिन्दू धर्म सूर्य है तो सिक्ख पंथ उसका प्रकाश है। हिन्दू धर्म वृक्ष है तो सिक्ख पंथ उसकी शाखा है।

कुछ दिनों पहले बागेश्वर धाम के गादीपति पंडित धीरेन्द्र शास्त्री ने एक वक्तव्य दिया था कि संभल के हरिहर मंदिर में भगवान शिव का अभिषेक होना चाहिए। बरजिंदर परवाना नामक एक सिक्ख अतिवादी ने समझा कि धीरेन्द्र शास्त्री ने अमृतसर के स्वर्णमंदिर में शिवजी का अभिषेक करने की बात कही है जिसे हरमंदिर भी कहा जाता है। उसने कहा कि वह धीरेन्द्र शास्त्री को जान से मार डालेगा।

वर्तमान समय में बरजिंदर परवाना जैसे सैंकड़ों अथवा हजारों सिक्ख अतिवादी हैं जो हिन्दू धर्म को सिक्ख धर्म से अलग समझकर इस तरह की हरकतें कर रहे हैं। इन अतिवादियों को कनाडा, अमरीका एवं पाकिस्तान में बैठी हुई भारत विरोधी शक्तियों से फण्ड तथा अजेण्डा दोनों मिलते हैं जिनके कारण ये अतिवादी लोग कोई काम करके रोजी-रोटी कमाने एवं अपने परिवारों को सुख-शांति के मार्ग पर ले जाने की बजाय इस तरह की हिंसात्मक कार्यवाहियों, धमकियों एवं बयानों से देश में घृण फैलाने का काम करते हैं। उनकी इन हरकतों से ही हिन्दू और सिक्ख एक-दूसरे को शंका की दृष्टि से देखने लगे हैं। 

होना तो यह चाहिए कि सिक्ख अतिवादी इस बात पर विचार करें कि हिन्दुओं का हरिहर मंदिर तथा सिक्खों का हरमंदिर कितने मिलते-जुलते नाम हैं तथा इस बात के जीते-जागते प्रमाण हैं कि हिन्दू और सिक्ख एक ही हैं, वे अलग-अलग नहीं हैं।

सिक्ख अतिवादी अस्सी के दशक में हुए जनरैल सिंह भिण्डरवाला के समय से सिक्ख धर्म को न केवल हिन्दू धर्म से अलग धर्म के रूप में प्रचारित कर रहे हैं, अपितु इस तरह का विष उगल रहे हैं जिससे यह लगता है कि इन दोनों धर्मों में कोई जन्मजात का वैर है।

कनाडा में जिस तरह से सिक्ख अतिवादियों ने खालिस्तान की स्थापना के नाम से अपना अड्डा जमाया है और कनाडा के प्रधानमंत्री ट्रूडो जैसे पॉलिटीशियन्स ने उन्हें धन, शक्ति एवं समर्थन दिए हैं, उनसे इन अतिवादियों को लगता है कि वे सचमुच एक दिन खालिस्तान बना लेंगे।

यह निश्चित है कि वे अपना पेट पालने के लिए हिंसा के जिस मार्ग पर चल रहे हैं, वह रास्ता आगे जाकर काली धुंध में विलीन हो जाता है। गुरु नानक के सम्मान में एक भजन गाया जाता है कि सतगुरु नानक परगतिटया, मिटी धुंध जब चानण होया।

सिक्ख अतिवादियों को अपने परिवार वालों के बीच बैठकर सोचना चाहिए कि वे हिंसा और घृणा के जिस मार्ग पर चल रहे हैं, क्या उससे उन्हें तथा उनके परिवार को कभी कोई प्रकाश मिलेगा!

विगत चौदह सौ साल से संसार भर में जिस तरह इस्लाम के नाम पर आतंकवादी मानवता के शत्रु हुए बैठे हैं, क्या सिक्ख अतिवादी अपने समाज को उसी मार्ग पर ले जाना चाहते हैं?

क्या सिक्ख अतिवादियों को गुरु नानक की यह बात कभी याद आती है- नानक दुखिया सब संसारा? यह सारा संसार दुखों से भरा पड़ा है। संसार में दैहिक, दैविक और भौतिक तीन प्रार के दुख व्याप्त हैं। मनुष्य का पूरा जीवन इन तीनों दुखों से लड़ने में ही बीत जाता है। इन दुखों से लड़ने के लिए एक मनुष्य को दूसरे मनुष्य का साथ और सहयोग चाहिए किंतु जब मानव-मानव का शत्रु होकर जिएगा तो दैहिक, दैविक और भौतिक तीनों प्रकार के दुख हजार-हजार गुना होकर इंसानों को सताएंगे।

क्या सिक्ख अतिवादियों को उनके माता-पिता गुरु, किसी ने नहीं बताया कि भारत भूमि पर विशाल वटवृक्ष के रूप में विकसित सनातन धर्म की चार बड़ी शाखाएं वैदिक दर्शन, जैन दर्शन, बौद्ध दर्शन एवं सिक्ख पंथ के रूप में विकसित हुई हैं। यह ठीक वैसे ही है, जैसे कि एक ही पिता के पुत्रों से अलग-अलग गोत्र चल पड़ते हैं।

क्या वे पुत्र आपस में एक-दूसरे को मारने की धमकी देते हैं? हिन्दू भी एक ओंकार को मानते हैं, सिक्ख भी एक ओंकार को मानते हैं, हिन्दू भी विष्णु की पूजा पुरुषोत्तम के रूप में तथा शिव की पूजा महाकाल के रूप में करते हैं, गुरु नानक ने भी ‘अकाल पुरुष’ को चरम सत्य माना है जिसने प्रकृति, माया, मोह, गुण, देवता, राक्षस और सारा जगत् बनाया है।

इस प्रकार आरम्भ से अंत तक पूरा का पूरा हिन्दू धर्म और पूरा का पूरा सिक्ख पंथ एक दूसरे के पर्याय ही हैं, इनमें कहीं कोई भेद नहीं है।

हिन्दू भी वसुधैव कुटुम्बकम के सिद्धांत पर चलता है और गुरु नानक भी एक नूर ते सब जग उपजा कौन भले कौन मंदे कहकर हिन्दू धर्म को जगाया। जब हमारे गुरु एक हैं तो हिन्दूधर्म और सिक्खपंथ अलग कहाँ हैं?

गुरुग्रंथ साहब में 541 भक्ति पद कबीर के, 60 भक्ति पद नामदेव के और 40 भक्ति पद संत रविदास के हैं। जयदेव, त्रिलोचन, सधना, नामदेव, वेणी, रामानंद, कबीर, रविदास, पीपा, सैठा, धन्ना, भीखन, परमानन्द और सूरदास जैसे वैष्णव भक्तों एवं हरिबंस, बल्हा, मथुरा, गयन्द, नल्ह, भल्ल, सल्ह, भिक्खा, कीरत, भाई मरदाना, सुन्दरदास, राइ बलवंड एवं सत्ता डूम, कलसहार, जालप आदि हिन्दू कवियों के पदों से गुरुग्रंथ साहब भरा पड़ा है। फिर भेद कहाँ है, झगड़ा कहाँ है?

गुरु गोबिंदसिंह ने कहा था-

सकल जगत में खालसा पंथ गाजै, जगै हिन्दू धर्म सब भण्ड भाजै!

गुरु गोबिन्दसिंह ने ‘चण्डी’ की स्तुति की तथा रामकथा पर सुन्दर खण्डकाव्य लिखा। व्यवाहारिक रूप में सिक्ख गुरु, अवतारों तथा हिन्दू देवी- देवताओं में श्रद्धा रखते थे। सिक्ख ग्रन्थों में लिखा है-

रामकथा जुग जुग अटल, जो कोई गावे नेत।

स्वर्गवास रघुवर कियो, सगली पुरी समेत।

भारत की आजादी के समय सिक्खों ने अपने प्राणों की बाजी लगाकर अपने उन पड़ौसियों एवं सगे सम्बन्धियों के प्राणों की रक्षा की जो सिक्ख नहीं थे, हिन्दू थे। हिन्दुओं ने भी सिक्खों के लिए अपनी जान की बाजी लगाई।

भारत की आजादी के बाद सिक्खों को सरदारजी और सरदार साहब कहकर आदर दिया जाता था। सिक्ख भारत के प्रधानमंत्री बने, राष्ट्रपति बने, गृहमंत्री, वित्तमंत्री और विदेशमंत्री बने। सिक्ख तीनों सेनाओं के अध्यक्ष बने, पंजाब आदि प्रांतों में मुख्यमंत्री बने। सिक्ख योजना आयोग और वित्त आयोग के अध्यक्ष बने, चेयरमैन रेलवे बोर्ड बने।

डॉक्टर, इंजीनियर, चार्टर्ड एकाउंटेंट, आईएएस, आईपीएस, आईएफएस, प्रोविंशियल सर्विसेज जैसी एक भी ऐसी प्रतिष्ठिति सेवा नहीं है, जिसमें सिक्ख अधिकारी न हों। फिर भेद कहाँ है, झगड़ा कहाँ है? हिन्दूधर्म और सिक्खपंथ अलग कहाँ हैं?

मुझे याद है कि जब हम छोटे बच्चे थे, तब हमारे पिताजी हमें हिन्दू मंदिरों के साथ-साथ, जब भी अवसर मिलता था, सिक्खों के गुरुद्वारे, सिंधियों के गुरुद्वारे, आर्यसमाज, जैन मंदिर तथा बौद्ध पेगोडा ले जाया करते थे। आज भी मेरी पीढ़ी के लोगों के लिए ये सब धर्मस्थल एक ही हैं, अपने ही हैं, इनसे हमें कभी परायापन अनुभव नहीं होता, न तब होता था और न आज होता है।

मैंने बद्रीनाथ, वैष्णो देवी और रामेश्वरम् के मंदिरों में सिक्खों को शिवलिंग पर जल चढ़ाते हुए, दुर्गाजी के समक्ष दीपक घुमाते हुए और हरिद्वार में गंगाजी नहाते हुए खूब देखा है। जब किसी हिन्दू बस्ती में किसी सिक्ख का घर होता था, तो सारे लोग होली दीवाली में उसके भी घर रामा-श्यामा करने जाते थे। वैशाखी और लोहड़ी जैसे त्यौहार तो आज भी सिक्ख और हिन्दू एक साथ ही मानते हैं। फिर झगड़ा कहाँ है।

जब कोई सिक्ख यह नारा लगाता है- जो बोले सो निहाल तो आगे की पंक्ति का सत् सिरी अकाल बोलने में हिन्दू सबसे आगे रहते हैं। बहुत से हिन्दू सिक्खों को देखकर सत् सिरी अकाल कहकर अभिवादन करते हैं। यदि दार्शनिक स्तर पर देखा जाए हिन्दूधर्म और सिक्खपंथ इतने निकट हैं कि इन्हें अलग करके देखना कठिन है।

इतनी सारी समरसताओं के उपरांत भी जब कुछ सिरफिरे अतिवादियों द्वारा हिन्दुओं के विरोध में कार्यवाही की जाती है, उन पर हिंसा की जाती है तो बहुत दुख होता है। सिक्ख अतिवादियों ने कनाडा, अमरीका, इंग्लैण्ड, ऑस्ट्रेलिया आदि कई देशों में हिन्दुओं पर हमले किए हैं। अब भी समय है, यदि पूरा सिक्ख समाज एक होकर अपने परिवार के अतिवादी नौजवानों को सिक्ख धर्म के आदर्शों से परिचय करवाए तो मानवता का बहुत भला होगा।

आज पंजाब में लाखों सिक्ख परिवार थोड़े से पैसों के लालच में, चमत्कारों की भूल भुलैया में अथवा मीठी-मीठी बातों में आकर ईसाई हो रहे हैं। यदि सिक्ख अतिवादियों को सिक्ख पंथ की रक्षा करनी है तो अपना ध्यान उन ईसाई मिशनरियों पर केन्द्रित करे, न कि हिन्दुओं पर हमले करने में।

भारत विराधी ताकतों द्वारा फैंके जा रहे टुकड़ों पर पलने वाले अतिवादी सिक्ख कभी भी अपने परिवारों को शांति, सुरक्षा और उन्नति नहीं दे पाएंगे, अपना नहीं तो अपने परिवारों का तो सोचो! हिन्दूधर्म और सिक्खपंथ अलग कहाँ हैं?

-डॉ. मोहनलाल गुप्ता

राहुल गांधी का आचरण

0
राहुल गांधी का आचरण - www.bharatkaitihas.cim
राहुल गांधी का आचरण

कांग्रेसी सांसद राहुल गांधी का आचरण एक बार फिर से सवालों के घेरे में है। राहुल गांधी वर्ष 2004 से सार्वजनिक जीवन में हैं। इस आलेख में उनके द्वारा सार्वजनिक रूप से किए जा रहे आचरण पर संक्षेप में चर्चा की गई है तथा यह समझने का प्रयास किया गया है कि राहुल गांधी द्वारा विगत बीस वर्ष में किया गया आचरण गुण्डागर्दी की श्रेणी में आता है या नहीं! यह भी समझने का प्रयास किया गया है कि क्या राहुल गांधी की सांसदी फिर से जाएगी!

19 दिसम्बर 2024 को भाजपा के सांसद निशिकांत दुबे ने संसद परिसर में सैंकड़ों सांसदों के बीच में राहुल गांधी को ‘गुण्डागर्दी करते हो, बूढ़े को गिरा दिया, शर्म नहीं आती’ कहकर धिक्कारा।

एक समय था जब संसद में पक्ष-विपक्ष के सांसदों में ऐसी गरिमामय नोंकझोंक होती थी कि उसे सुनने वाला भी आनंद से भर जाता था। एक बार भाजपा की सांसद विजयाराजे सिंधिया ने लोकसभा में अपनी सीट से खड़े होकर कहा कि दिल्ली में गुण्डागर्दी इतनी अधिक बढ़ गई है कि किसी सभ्य महिला का सड़क पर निकलना मुश्किल हो गया है। इस पर किसी कांग्रेसी सांसद ने हंसते हुए कहा था कि बहिनजी फिर आपको तो कोई मुश्किल नहीं होती होगी। कांग्रेसी सांसद की इस हाजिर जवाबी पर पूरी लोकसभा में जोर का ठहाका लगा था।

इस उदाहरण से समझा जा सकता है कि संसद में गुण्डागर्दी पर चर्चा तब भी होती थी और आज भी होती है किंतु आज के कांग्रेसी सांसदों का अंदाज बदल गया है।

माना जाता है कि गुण्डा शब्द भारत में इटली से आया है। पांचवीं शताब्दी ईस्वी में इटली के शासक ऑलिब्रियस के समय में शासन की सारी शक्ति उसके प्रधानमंत्री रिसीमेर और उसके भतीजे गुण्डोबैड के हाथों में रही। गुण्डोबैड इतना बुरा व्यक्ति था कि इटैलियन और अंग्रेजी भाषाओं में ‘गुण्डा’ एवं ‘बैड’ शब्द ‘बुराई’ के अर्थ में प्रयुक्त होने लगे।

बात इधर-उधर न चली जाए, इसलिए वापस मूल विषय पर अर्थात् राहुल गांधी पर आते हैं। राहुल गांधी पर आरोप है कि उन्होंने 19 दिसम्बर 2024 को भाजपा के दो सांसदों को धक्का दिया जिससे दोनों को गंभीर चोटें लगीं और उन्हें आईसीयू में भर्ती करवाकर उनका एमआरआई करवाना पड़ा।

राहुल गांधी ने बीजेपी के सांसदों को धक्का दिया या नहीं, राहुल गांधी का यह कृत्य गुण्डागर्दी की परिभाषा में आता है या नहीं, यह तो भविष्य ही बताएगा जब पुलिस के अनुसंधान और न्यायालयों की बहसों के बाद अंतिम निर्णय निकलेगा।

राहुल गांधी का सबसे पहला आपत्तिजनक आचरण तब सामने आया था, जब उन्होंने डॉ. मनमोहन सिंह द्वारा बनाए गए एक कानून को सार्वजनिक मंच पर फाड़कर फैंका था। ऐसी हरकत राहुल गांधी को क्या सिद्ध करती है?

राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक को मोहनदास कर्मचंद गांधी की हत्या के लिए बिना किसी आधार पर सैंकड़ों बार हत्यारा कहा और अंत में उन्हें कोर्ट में जाकर अपने इस गैरजिम्मेदार आचरण के लिए माफी मांगनी पड़ी। राहुल गांधी का यह आचरण किस श्रेणी में आता है?

राहुल गांधी ने भारत के वर्तमान प्रधानमंत्री के लिए एक बार सार्वजनिक रूप से कहा कि बेरोजगारी इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि देश का युवा नरेन्द्र मोदी को सड़कों पर जूतों से पीटेगा। ऐसा भड़काऊ बयान देकर क्या राहुल गांधी देश के युवाओं को हिंसा का मार्ग आपाने के लिए कह रहे थे? राहुल का यह आचरण क्या उन्हें किसी सभ्य इंसान की श्रेणी में रखता है?

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए असम्मानजनक एवं हल्के शब्दों का प्रयोग सार्वजनिक रूप से कई बार किया है। राहुल गांधी ने नरेन्द्र मोदी के संदर्भ में सार्वजनिक रूप से यह तक कहा कि सारे मोदी चोर क्यों होते हैं? इस वक्तव्य पर राहुल गांधी की सांसदी तक चली गई थी। मामला अब भी सुप्रीम कोर्ट में लम्बित है।

2019 के लोकसभा चुनावों में राहुल गांधी ने सार्वजनिक सभाओं में चौकीदार चोर है के नारे लगवाकर देश के प्रधानमंत्री को बदनाम करने का कुकृत्य किया।

राहुल गांधी संसद में सम्पूर्ण हिन्दू जाति को हिंसक कह चुके हैं। क्या सम्पूर्ण हिन्दू जाति को हिंसक बताने वाली भाषा किसी भी जिम्मेदार आदमी की हो सकती है?

19 दिसम्बर को ही नागालैण्ड के एक आदिवासी समुदाय से आने वाली सांसद ने लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष एक शिकायत प्रस्तुत की है कि राहुल गांधी ने मेरे एकदम निकट आकर मुझे डांटा। राहुल मेरे इतने पास आ गए कि मुझे अपमान का अनुभव हुआ। क्या यह हरकत किसी सभ्य मनुष्य की हो सकती है? राहुल गांधी तो एक प्रधानमंत्री के पुत्र हैं, एक प्रधानमंत्री के पोते हैं, एक प्रधानमंत्री के पड़पोते हैं। इतनी शालीन विरासत के बावजूद कोई आदमी सार्वजनिक आचरण के सामान्य सिद्धांत सीखने से कैसे वंचित रह सकता है।

इस प्रकार राहुल गांधी सार्वजनिक रूप से जिस शब्दावली का प्रयोग करते रहे हैं उसे सभ्य नहीं माना जाता किंतु सहन कर लिया जाता है किंतु राहुल गांधी ने 19 दिसम्बर 2024 को संसद परिसर में जो आचरण किया है, वह आचरण कानून की परिभाषा में राहुल गांधी को क्या सिद्ध करेगा, यह तो अब कोई न्यायालय ही तय करेगा किंतु जनता अपने नेताओं से इस तरह के आचरण की अपेक्षा नहीं करती, शायद उसे सहन भी नहीं करना चाहेगी। क्या राहुल की सांसदी फिर से जाएगी, क्या वे जेल जाएंगे, क्या होगा, यह सब भविष्य के गर्भ में है।

– डॉ. मोहनलाल गुप्ता

नरेन्द्र मोदी की विदेश नीति !

0
नरेन्द्र मोदी की विदेश नीति -www.bharatkaitihas.com
नरेन्द्र मोदी की विदेश नीति

नरेन्द्र मोदी सरकार ने विगत दस सालों की अवधि में देश के भीतर और बाहर बहुत से ऐसे परिवर्तन किये हैं जिनसे देश के नागरिकों का बहुत भला हुआ है। घरेलू नीतियों की तरह नरेन्द्र मोदी की विदेश नीति भी अत्यंत सफल रही है।

इस आलेख में नरेन्द्र मोदी की विदेश नीति के कारण विगत दस वर्षों में अंतराष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त सफलताओं की संक्षिप्त चर्चा की गई है।

नरेन्द्र मोदी की विदेश नीति संसार के सामने भव्य प्रदर्शन करने की रही है जिसके कारण विगत दस वर्षों में अंतराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि अत्यंत मजबूत हुई है।

नरेन्द्र मोदी सरकार ने विगत दस सालों में अमरीकी दबाव के सामने झुके बिना रूस से सम्बन्ध बनाए रखकर, चीन सैनिकों को फिर से अपनी पुरानी पोजीशन्स पर लौटाकर, आर्मीनिया-अजरबैजान युद्ध में अत्यंत स्पष्ट शब्दों में आर्मीनिया के पक्ष में बोलकर, कनाडा के विरुद्ध अत्यंत मजबूती से कूटनीतिक कार्यवाही कर कर और जापान, जर्मनी, इटली, इंग्लैण्ड इजराइल एवं ऑस्ट्रेलिया के साथ सम्बन्धों को नया आकार देकर भारत की छवि को दुनिया भर में चमकाया है।

नरेन्द्र मोदी सरकार ने भारत के पड़ौसी देशों की शत्रुतापूर्ण कार्यवाहियों का दमन करने के लिए जिस दृढ़ता, शांति एवं कूटनीति से काम लिया है, उससे शत्रु को मुंह की खानी पड़ी है तथा देश किसी भी युद्ध में फंसने से बचा है, जबकि अमरीका विगत दस वर्षों से लगातार कोशिश करता रहा है कि भारत किसी तरह चीन, अफगानिस्तान या बांग्लादेश से युद्ध में उलझ जाए।

नरेन्द्र मोदी सरकार ने अमरीकी दबाव में आए बिना, पाकिस्तान के हाथों में भीख का कटोरा पकड़ा दिया, बांग्लादेश की अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना को सैनिक बगावत के बीच में से सुरक्षित निकाल लिया, पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक को अंजाम देकर अपने विंग कमांडर अभिनंदन वर्द्धन की सुरक्षित वापसी करवा ली, मालदीव की सरकार को बिना किसी युद्ध के घुटनों पर ला दिया, श्रीलंका की आर्थिक मदद करके श्रीलंका सरकार पर से चीन के प्रभाव को कम करने में सफलता प्राप्त की।

नरेन्द्र मोदी सरकार ने ईरान और तुर्की की लाख बेवकूफियों के बावजूद उनसे अपने रिश्तों को सामान्य बनाए रखा है।

नरेन्द्र मोदी सरकार ने कुवैत की सरकार पर दबाव डालकर कुवैत में कैद 22 भारतीयों को रिहा करवा लिया, 53 भारतीयों की उम्रकैद की सजा घटाकर 20 वर्ष करवाई, 18 भारतीयों की सजा में तीन चौथाई सजा की कटौती करवाई तथा 25 कैदियों की सजा घटाकर आधी करवाई। जिन 15 कैदियों को फांसी दी जानी थी, उन्हें भी माफी दिलवाई। ये सब लोग छोटे-बड़े अपराधों में कठोर कुवैती कानूनों के कारण कुवैत की जेलों में बंद थे।

कुवैत में बंदियों की फांसी रुकवाने का कार्य इतना कठिन था जिसे दुनिया की बड़ी-बड़ी ताकतें आसानी से नहीं करवा सकतीं किंतु नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा इसे सफलता पूर्वक करवा लिया गया।

जब रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध छिड़ा तो नरेन्द्र मोदी सरकार ने दोनों पक्षों के बीच अल्पकालिक युद्ध विराम करवाकर हजारों भारतीय छात्रों को यूक्रेन से सुरक्षित भारत वापसी करवाने में अद्भुत सफलता प्राप्त की। इस दौरान नरेन्द्र मोदी सरकार ने न केवल भारत के छात्रों को यूक्रेन से बाहर निकाला अपितु पाकिस्तान और बांग्लादेश के लोगों को भी यूक्रेन से बाहर निकाल लिया।

इतना ही नहीं, नरेन्द्र मोदी ने इस युद्ध के बीच स्वयं रूस एवं यूक्रेन जाकर युद्ध रुकवाने के प्रयास किए किंतु जो बाइडन की नीतियों के चलते यह युद्ध आज भी चल रहा है।

अमरीका के लाख प्रयासों के बावजूद नरेन्द्र मोदी ने भारत को यू एन ओ में किसी भी अंतर्राष्ट्रीय दबाव में नहीं आने दिया तथा यूएनओ में रूस के विरुद्ध किसी ऐसे प्रस्ताव के पक्ष में वोट नहीं दिया जो रूस पर एक तरफा दबाव बनाते थे किंतु भारत ने यू एन ओ में रूस के विरुद्ध ऐसे मामलों में वोट भी किया जिनसे सम्पूर्ण मानवता का भला होता हो। नरेन्द्र मोदी ने यू एन ओ में जाकर यू एन ओ की प्रासंगिकता पर प्रश्न खड़ा किया। ऐसा करने वाले वे पहले भारतीय नेता हैं।

भारत ने इजराइल से अपने अच्छे सम्बन्धों के बावजूद इजराइल से बार-बार शांति की अपील भी की तथा फिलीस्तीन के निर्दोष नागरिकों को दवा एवं रसद भिजवाई।

अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत की ऐसी स्पष्ट, उज्ज्वल और चमकीली छवि या तो इंदिरा गांधी के समय में रही, या नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में रही। जिस प्रकार नेहरू और इंदिरा के कार्यों का मूल्यांकन अब हो रहा है, उसी प्रकार नरेन्द्र मोदी की विदेश नीति का सही मूल्यांकन तो भविष्य ही करेगा किंतु वर्तमान समय में न केवल भारत की अंतराष्ट्रीय स्तर पर छवि अपितु नरेन्द्र मोदी सरकार की घरेलू छवि भी अत्यंत उज्जवल और दृढ़ दिखाई देती है। भले ही विपक्षी पार्टियां सरकार की छवि पर रोज कीचड़ फैंकती है, किंतु नरेन्द्र मोदी सरकार का चेहरा पूरी तरह उजला है।

-डॉ. मोहनलाल गुप्ता

राम कालीन जातियाँ

0
राम कालीन जातियाँ - www.bharatkaitihas.com
राम कालीन जातियाँ

इस आलेख में हम राम कालीन जातियाँ विषय पर प्रकाश डाल रहे हैं। भगवान राम के समय भारत में कितनी जातियाँ निवास करती थीं, इसके सम्बन्ध में किसी ग्रंथ में प्रामाणिक जानकारी नहीं मिलती किंतु विभिन्न प्राचीन ग्रंथों के आधार पर भगवान राम के काल की जातियों का अनुमान लगाया जा सकता है।

आज भारत में निवास करने वाले हिन्दुओं में कई हजार जातियाँ पाई जाती हैं किंतु हिन्दू जाति अत्यंत प्राचीन काल में जातियों में विभक्त नहीं थी। भारत में विभिन्न भागों में निवास करने वाले लोग अपने समुदाय की अलग पहचान रखते थे, उन्हें ही उस काल की जातियां कहा जा सकता है।

इस आलेख में हम राम कालीन जातियाँ विषय पर प्रकाश डाल रहे हैं। भगवान राम के समय भारत में कितनी जातियाँ निवास करती थीं, इसके सम्बन्ध में किसी ग्रंथ में प्रामाणिक जानकारी नहीं मिलती किंतु विभिन्न प्राचीन ग्रंथों के आधार पर भगवान राम के काल की जातियों का अनुमान लगाया जा सकता है।

अप इस कंटेंट को नीचे दिए गए लिंक की सहायता से वीडियो के रूप में देख एवं सुन भी सकते हैं-

उस काल में कम से कम पंद्रह बड़ी जातियाँ भारत के विभिन्न क्षेत्रों में निवास करती थीं।

हिमालय पर्वत पर निवास करने वाली देव जाति सबसे विकसित एवम् शक्तिशाली थी।

देवों के बाद आर्य जाति सबसे विकसित एवम् शक्तिशाली थी। आर्यों को देव जाति की ही संतान माना जाता है।

आर्यों ने मनुष्य के कार्य के आधार पर आर्य जाति को वर्णों में समायोजित किया था।

रामजी के काल में यक्ष, गंधर्व एवम् किन्नर जातियों के भी उल्लेख मिलते हैं जो पहाड़ियों में छिपकर रहती थीं।

ये जातियां भी देवों एवम् मानवों की मित्र थीं। ये देवों की उपजातियां थीं

देव, आर्य, यक्ष, गंधर्व एवम् किन्नर जातियों में परस्पर मित्रता थी।

नाग जाति पूरे देश में फैली हुई थी। उस काल में यह भी एक विकसित जाति थी।

वनों में निवास करने वाली जातियों में वानर, ऋक्ष, गरुड़ एवम् गीध जातियाँ प्रमुख थीं।

भारत के दक्षिण-पूर्व में स्थित समुद्री द्वीपों में निवास करने वाली प्रमुख जाति का नाम रक्ष अथवा राक्षस था। इन्हें असुर, दैत्य एवम् दानव भी कहते थे।

नागों एवम् राक्षसों में मित्रता थी। भगवान राम ने मानवों एवम् वानरों में मित्रता स्थापित की।

इन जातियों के साथ-साथ कोल, किरात, भिल्ल, शबर एवम् निषाद आदि जातियों के उल्लेख भी मिलते हैं। निषाद जाति को केवट भी कहते थे। भगवान राम ने आर्यों एवं निषादों में मित्रता स्थापित करवाई थी।

उस काल में देव एवम् आर्यों को छोड़कर शेष जातीय समुदायों के मुख पूरी तरह विकसित नहीं हुए थे। इस कारण जिस मानव समुदाय की मुखाकृति प्रकृृति के जिस जीव से साम्य रखती थी, उसी प्राणी के नाम पर उस मानव समुदाय का नामकरण हो गया था। यथा गीध, गरुड़, वानर, ऋक्ष आदि।

आज भी भारत में हिमालय से लेकर समुद्र तक तरह-तरह के मुंह वाले मानव देखने को मिलते हैं। यदि निवास स्थल के अनुसार इन जातियों का अवलोकन करें तो हम पाते हैं कि भारत के धुर उत्तर में स्थित हिमालय पर्वत पर सुर, हिमालय से विंध्याचल तक नर, विंध्याचल से समुद्र तक की भूमि पर वानर और समुद्र में स्थित द्वीपों में असुर जातियां रहती थीं।

इन्हीं सब जातियों को राम कालीन जातियाँ कहा जा सकता है।

डॉ. मोहनलाल गुप्ता

सनातन धर्म की रक्षा के लिए मठों से बाहर निकलने का समय आ गया!

0
सनातन धर्म की रक्षा - www.bharatkaitihas.com
सनातन धर्म की रक्षा

जब-जब सनातन धर्म पर संकट आया है, तब-तब सनातन धर्म की रक्षा के लिए भारत के साधु-संतों एवं संन्यासियों ने अपने साधना स्थलों से बाहर निकल कर भारत की जनता का उद्धार किया है। आज फिर से सनातन धर्म संकट में है तथा साधु-संतों एवं संन्यासियों को अपने मठों, आश्रमों, तपोस्थलियों से बाहर निकल कर हिन्दू जनता के बीच आकर हिन्दू जनता का उद्धार किए जाने की आवश्यता है।

सनातन धर्म पर प्रहार करके उसे नष्ट करने का सिलसिला उस समय से ही आरम्भ हो गया था जिस समय हयग्रवीव नामक असुर ब्रह्माजी के हाथों से वेद छीनकर पाताल में छिप गया था। तब भगवान विष्णु ने ब्रह्माजी को नींद में सोया हुआ जानकर स्वयं वेद की रक्षा करने का निश्चय किया तथा हयग्रीव नामक असुर को मारने के लिए विष्णु ने स्वयं भी हयग्रीव के रूप में अवतार लिया तथा हयग्रीव नामक असुर को मारकर वेद का उद्धार किया था।

तब से लेकर आज तक सनातन वैदिक धर्म पर असुरों, दैत्यों, विधर्मियों आदि के प्रहार होते ही रहे हैं। इसी कारण समय-समय पर सनातन वैदिक धर्म की रक्षा के लिए प्रयास भी उच्च स्तर पर होते रहे हैं।

भगवान विष्णु ने मत्स्य, कूर्म, वराह, नृसिंह, वामन, परशुराम, राम और कृष्ण के रूप में अवतार लेकर हिन्दू धर्म को बचाया।

जिस समय रावण ने वैदिक संस्कृति एवं धर्म को मिटाने के लिए देवताओं एवं लोकपालों को बंदी बना लिया और जंगलों में तप कर रहे ऋषि-मुनियों को नष्ट करना आरम्भ किया, तब मुनि विश्वामित्र ने श्रीराम को अस्त्र-शस्त्रों की शिक्षा देकर तथा महर्षि अगस्त्य ने श्रीराम को दिव्य अस्त्र-शस्त्र देकर लेकर असुरों का वध करवाया।

महाभारत काल में जब कंस, जरासंध, शिशुपाल, दुर्योधन आदि दुष्ट राजाओं के कारण हिन्दू धर्म एवं संस्कृति पर महाविनाश का खतरा उत्पन्न हो गया तब श्रीकृष्ण ने युधिष्ठिर, द्रुपद, विराट, त्रितर्ग एवं पाण्ड्य आदि समस्त अच्छी शक्तियों को एक करके दुष्ट राजाओं का विनाश करवाया। इसीलिए श्रीकृष्ण की वंदना कृष्णम् वंदे जगद्गुरुम् कहकर की जाती है।

जिस समय बौद्धों ने मौर्य राजाओं का संरक्षण पाकर सनातन वैदिक धर्म को पूरी तरह समाप्त करने की तैयारी की, उस समय पूरे भारत में बौद्ध मठ बन गए। लोग अपना नियत कर्म त्यागकर मठों में जाकर रहने लगे। देश में तंत्र-मंत्र और अभिचार का बोलबाला हो गया। बौद्धों के इस पाखण्ड में वेदों की आवाज दब सी गई।

तब केरल के एक छोटे से गांव का संन्यासी शंकराचार्य केवल आठ वर्ष की आयु में अपने गुरु से दीक्षा लेकर भारत की आत्मा को जगाने के लिए निकला। वह जंगलों, पर्वतों एवं नदियों को पार करता हुआ सम्पूर्ण भारत में घूमा।

आचार्य शंकर ने गांव-गांव जाकर लोगों को वैदिक धर्म का ज्ञान दिया। बौद्धों को शास्त्रार्थों में पराजित किया। चार दिशाओं में चार मठों की स्थापना की जिन्होंने धर्म रूपी समुद्र में यात्रा कर रही भारत की जनता को सदियों तक ज्ञान का प्रकाश स्तम्भ बनकर धर्म के सच्चे स्वरूप का ज्ञान करवाया।

बौद्धों के पाखण्ड का नाश करने के लिए गुरु मत्स्येंद्रनाथ, गोरखनाथ, भर्तरीनाथ एवं गोपीचंद आदि नौ नाथों ने अपने जीवन हिन्दू धर्म के उद्धार के लिए झौंक दिए। ये नाथ भारत के गांव-गांव फिरे और उन्होंने लोगों को बौद्ध धर्म के पाखण्ड से बाहर निकलकर हिन्दू धर्म की तरफ लौटाया।

नाथों में ही सरहपा आदि चौरासी सिद्ध हुए। उन्होंने भी सैंकड़ों साल तक गुरु मत्स्येंद्रनाथ एवं गोरखनाथ के काम को आगे बढ़ाया और भारत की जनता सनातन वैदिक हिन्दू धर्म में लौट आई। सरहपा को भी बौद्धों ने बौद्ध बना लिया था किंतु वे अपनी आत्मा के प्रकाश से पुनः हिन्दू धर्म में लौटे तथा उन्होंने भारत, नेपाल एवं तिब्बत में निवास करने वाली हिन्दू जतना का उद्धार किया।

जिस समय सातवीं शताब्दी ईस्वी में अरब की धरती पर इस्लाम ने जन्म लिया और आठवीं शताब्दी ईस्वी से खलीफाओं की सेनाएं भारत के लोगों को बलपूर्वक मुसलमान बनाने के लिए आने लगीं, तब दक्षिण भारत में आलवार संतों ने भारत के लोगों को विष्णु-भक्ति का मार्ग सुझाया। कुल 12 आलवार संतों ने तीन सौ साल की अवधि में पूरे दक्षिण को भक्तिमय कर दिया। घर-घर आरती और कीर्तन होने लगे।

आलवार संतों ने दक्षिण भारत में विष्णु धर्म की जड़ को इतना मजबूत कर दिया कि उसे किसी लालच, भय एवं मीठी बातों से हिला पाना संभव नहीं रहा।

इन्हीं आलवारों की परम्परा में रामानुजाचार्य हुए। रामानुजाचार्य, मध्वाचार्य और निम्बार्काचार्य ने भी सैंकड़ों साल तक भारत की जनता का अध्यात्मिक नेतृत्व किया तथा उसमें विष्णु भक्ति के प्रति नवीन चेतना का संचार किया।

रामानुजाचार्य की शिष्य परम्परा में रामानंदाचार्य हुए। उनके काल में महमूद गजनवी एवं उनके कुछ समय बाद मुहम्मद गौरी आदि के नेतृत्व में भारत की जनता का संहार हुआ। उत्तर भारत की जनता अपना धर्म बचाने के लिए कुओं में छलांगें लगाने लगी। बहुत से भयभीत हिन्दू तलवार के जोर पर मुसलमान बनाए गए।

इस काल में रामानुजाचार्य के शिष्य रामानंद ने मोर्चा संभाला। उन्होंने, उनके श्ष्यिों ने तथा उनके शिष्यों के शिष्यों ने उत्तर भारत में भक्ति की ऐसी रसधारा बहाई कि लोग अपने धर्म की रक्षा करने के लिए आततायी सेनाओं का मुकाबला करने के लिए तैयार होने लगे।

रामानंद की प्रेरणा से उत्तर भारत में वैष्णव भक्त-कवियों की झड़ी लग गई। कबीर, तुलसी, मीरा, रैदास, दादू आदि संतों ने भारत की आत्मा को धर्ममय बना दिया। तुलसीदास ने धनुर्धारी राम का ऐसा स्वरूप भारत की जनता के सामने रखा, जैसा पहले कोई भी नहीं रख सका था।

तुलसी के राम हाथ में धनुष लेकर ताड़का, सुबाहू, मारीच और रावण को मारते थे तो शबरी के झूठे बेर खाकर, गीध की अंत्येष्टि करके, बिना किसी अपराध के ही समाज की दृष्टि से नीचे गिरी हुई अहिल्या का उद्धार करके सम्पूर्ण भारतीय समाज को सम्बल देते थे और जंगलों में स्थित संत-महात्माओं के आश्रमों में जाकर उन्हें निर्भय होकर तप करने का संदेश देते थे। 

जिस समय देश पर सिकंदर लोदी भारत के लोगों को तेजी से मुसलमान बनाने लगा, उस काल में वल्लभाचार्य और उनके शिष्यों ने मोर्चा संभाला। उन्होंने वृंदावन क्षेत्र से उन मूर्तियों का उद्धार किया जो आतताइयों के भय से धरती में दबी पड़ी थीं। वल्लभाचार्य के शिष्य सूरदास ने पूरी भारत भूमि को कृष्णमय बना दिया। आज भी करोड़ों भारतीय सूरदास के बाल कृष्ण को भोग लगाए बिना मुंह में अन्न नहीं रखते।

सिकंदर लोदी के शासन काल में ही बंगाल से चैतन्य महाप्रभु अपने शिष्यों की मण्डली लेकर बंगाल से निकले। वे भारत के सैंकड़ों गांवों से हरिकीर्तन करते हुए और भक्ति में मग्न होकर नाचते हुए निकले तथा वृंदावन तक पहुंचे। उनके गौड़ीय सम्प्रदाय ने बड़ी संख्या में बंगाल, बिहार, उड़ीसा एवं उत्तर प्रदेश के लोगों को मुसलमान बनने से रोका।

जब इस्लामी सेनाओं ने महाराष्ट्र में प्रवेश किया, तब संत ज्ञानेश्वर, नामदेव, एकनाथ, तुकाराम, रामदास आदि सैंकड़ों संतकवि घरों का त्याग करके जनता के बीच घूमने लगे।

औरंगजेब के काल में हजारों सतनामियों ने मीनाक्षी माता से प्रेरणा पाकर पंजाब से लेकर आगरा एवं दिल्ली तक के क्षेत्र में औरंगजेब की सेना द्वारा किए जा रहे अत्याचारों का विरोध किया तथा औरंगजेब की सेना को परास्त किया।

जो इतिहास हमें अंग्रेजी शासन के काल में तथा उसके बाद कांग्रेस के काल में पढ़ाया गया है, उसमें भारत के साधु-संतों एवं संन्यासियों के योगदान को उपेक्षित किया गया है ताकि भारत की जनता में जो धर्म रूपी एकता का सूत्र है उसे नष्ट करके उस पर शासन किया जा सके।

धर्म रूपी सूत्र की एकता के बल पर भारत की जनता ने मुहम्मद बिन कासिम से लेकर, महमूद गजनवी, मुहम्मद गौरी, तैमूर लंग, अहमदशाह अब्दाली, बख्तियार खिलजी आदि सैंकड़ों आतताइयों का सामना किया। हिन्दू वीर रणखेत में अमर हुए किंतु उन्होंने अपना धर्म नहीं छोड़ा।

इसका सबसे बड़ा प्रमाण यह है कि यदि भारत के हिन्दुओं ने हिन्दू धर्म छोड़ दिया होता तो आज भारत में हिन्दुओं का वही हाल होता जो ईरान में पारसियों का हुआ और अफगानिस्तान में बौद्धों का हुआ। उन देशों में अब न कोई पारसी बचा है और न कोई बौद्ध।

अंग्रेजों के समय में संन्यासियों ने भारत की जनता में विदेशी शासन के विरुद्ध अलख जगाने का कार्य किया जो कि भारत की जनता को ईसाई बनाने का प्रयास कर रहा था। हिन्दू संन्यासियों ने अंग्रेजों के विरुद्ध सशस्त्र क्रांति करने का प्रयास किया जिसे कुचलने के लिए अंग्रेज सरकार ने हजारों संन्यासियों की हत्याएं करवाईं। इसी संन्यासी आंदोलन को कलकत्ता के हिन्दू डिप्टी कलक्टर बंकिमचंद्र चटर्जी ने आनंद मठ नामक उपन्यास की रचना की जिसका एक गीत वंदे मातरम् भारत भूमि के लिए वरदान सिद्ध हुआ।

वंदे मातरम् भारत की आत्मा में समा गया। वंदे मातरम् को उद्घोष करते हुए सैंकड़ों हजारों हिन्दू अंग्रेजी गोलियों के सामने छाती ठोककर खड़े हो जाते थे। आज भी हम वंदे मातरम् को सुनकर जैसी अनूभति करते हैं, वैसी किसी अन्य गीत को सुनकर नहीं करते।

दुनिया में 195 देश हैं, उनमें से 57 देशों में आज इस्लाम का शासन है। शायद ही कोई देश बचा हो जहाँ मुसलमान नहीं रहते या उन देशों की जनता को मुसलमान बनाने के प्रयास नहीं चलते।

इस्लाम के नाम पर 1947 में भारत के तीन टुकड़े करवाए गए। आज उन्हीं देशों से इस्लाम को मानने वाले लोग भारत में चोरी-छिपे प्रवेश कर रहे हैं, हिन्दू लड़कियों को लव जेहाद में फंसाकर हिन्दू धर्म से दूर कर रहे हैं। उनकी कोख से ऐसी संतान उत्पन्न होती है जो हिन्दू धर्म के लिए और भी बड़ा खतरा है।

इसीलिए आज एक बार फिर मठों से बाहर निकलने का समय आ गया है! साधु-संत और संन्यासी अपने मठों, आश्रमों, तपोस्थलियों से बाहर निकलें। गांव-गांव जाएं, लोगों को हिन्दू धर्म की आत्मा के दर्शन करवाएं। उन्हें शांति और अहिंसा का संदेश देते हुए अपने धर्म में बने रहने के लिए प्रेरित करें। सनातन धर्म की रक्षा के लिए उन्हें अपने पुरखों का गौरव स्मरण करवाएं।

भारत की जनता को अंतर्राष्ट्रीय संस्थाओं द्वारा भारत में इस्लाम के प्रसार के लिए चलाए जा रहे षड़यंत्रों का ही सामना नहीं करना है, उन्हें उन ईसाई मिशनरियों का भी सामना करना है जो आदिवासियों, निर्धनों एवं भोलेभाले लोगों को चमत्कारों में फंसाकर हिन्दू धर्म से दूर कर रहे हैं। सनातन धर्म की रक्षा के लिए इन पाखण्डों एवं षड़यंत्रों का भाण्डाफोड़ करना आवश्यक है।

खतरा बाहर से ही नहीं अंदर से भी है। यदि भारत के साधु-संत और संन्यासी अपने मठों, आश्रमों, तपोस्थलियों से बाहर निकल कर भारत की जनता तक नहीं पहुंचे तो भारत की भोलीभाली जनता रामरहीम इंसां, नित्यानंद और आसाराम बापू जैसे ठगों, हत्यारों एवं दुराचारियों के चंगुल में फंसकर अपना इहलोक एवं परलोक दोनों ही नष्ट करती रहेगी।

भारत में अरबपति सेठों की कमी नहीं है, वे भी भारत के साधु-संत एवं संन्यासियों की सहायता करें जिससे साधु-संत गांव-गांव में मण्डलियों के रूप में पहुंचकर वहाँ के सरपंचों एवं प्रभावशाली लोगों से सम्पर्क करके गांवों में जनसभाएं करके लोगों को हिन्दू धर्म के व्यावहारिक स्वरूप का उपदेश दें।

साधु-संत एवं संन्यासियों को कोई राजनीतिक बात नहीं करनी है, कोई आंदोलन नहीं खड़ा करना है, विशुद्ध रूप से वही कार्य करना है जिसके लिए उन्होंने अपना जीवन समर्पित किया है। वे अपनी तपस्या भी करें और शंकराचार्य तथा चैतन्य महाप्रभु बनकर गांवों में जाएं। आज पढ़ी लिखी नई पीढ़ी हिन्दू धर्म की बातों को हेय समझती है तो उसका कारण केवल यही है कि कोई उन्हें पथ दिखाने वाला नहीं है। सनातन धर्म की रक्षा के लिए साधु-संत यह कार्य कर सकते हैं।

यदि साधु-संन्यासियों की मण्डलियां गांवों में कोई उपदेश न भी करें तथा केवल हरिकीर्तन करती हुई एक गांव से दूसरे गांव तक जाएं तो भी भारत में ऐसा अद्भुत वातावरण तैयार होगा कि पूरा संसार दांतों तले अंगुली दबाएगा।

हम साधु-संतों एवं संन्यासियों को कोई निर्देश, सुझाव या मार्गदर्शन नहीं दे सकते, हम केवल उनसे करबद्ध होकर प्रार्थना कर सकते हैं कि वे मठों से निकलकर हमारे बीच आएं और हमें हिन्दू धर्म में बने रहने के लिए प्रेरित करें।

-डॉ. मोहनलाल गुप्ता

आरक्षण का लाभ गरीबों को देकर गरीबी दूर की जा सकती है

0
आरक्षण का लाभ - www.bharatkaitihas.com
किसान परिवार

आरक्षण का लाभ केवल गरीब परिवारों को देकर गरीबी दूर की जा सकती है!

1947 के विभाजन के बाद भारत में 34 करोड़ 50 लाख लोग रह गए थे। उस समय देश में 80 प्रतिशत लोग अर्थात् 27 करोड़ 60 लाख लोग गरीब थे।

संविधान निर्माताओं ने गरीबी का कारण सामाजिक पिछड़ेपन को माना और जाति आधारित आरक्षण की व्यवस्था दी ताकि पिछड़े लोगों की गरीबी को दूर किया जा सके।

वर्ष 1950 से देश में अनूसूचित जातियों एवं जनजातियों को शिक्षण संस्थाओं, नौकरियों एवं राजनीतिक पदों पर आरक्षण दिया गया।

वर्ष 1990 में भारत में मण्डल कमीशन की रिपोर्ट लागू हुई जिससे अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए भी आरक्षण की व्यवस्था लागू हुई।

यह बात सही है कि सामाजिक पिछड़ेपन से देश में न केवल गरीबी आती है अपितु धन का असमान वितरण भी होता है।

लगभग 75 वर्षों से चली आ रही आरक्षण व्यवस्था के कारण देश के पिछड़े लोगों को भी शिक्षा, नौकरी एवं राजनीतिक पद पाने का अवसर मिला।

आज जबकि देश अपनी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, बताया जा रहा है कि देश में केवल 16.4 प्रतिशत लोग गरीबी की रेखा से नीचे जी रहे हैं। अर्थात् विगत पिचहत्तर सालों में देश में गरीबी का प्रतिशत 80 से घटकर केवल 16.4 प्रतिशत रह गया।

यह कमाल की उपलब्धि है। 

प्रश्न यह है कि यह कमाल की उपलब्धि क्या आरक्षण का लाभ के अंतर्गत दी गई सरकारी नौकरियों के बल पर प्राप्त की गई?

निश्चित रूप से नहीं।

इस समय भारत में केन्द्र सरकार तथा राज्य सरकारों में कुल 1 करोड़ 40 लाख लोग नौकरियां कर रहे हैं। इस हिसाब से भारत में प्रत्येक 100 में से 1 आदमी ही सरकारी नौकरी में है।

इनमें से आरक्षित वर्ग के कर्मचारी लगभग 70 लाख के आसपास हैं या इससे भी कम हैं।

इन 70 लाख लोगों के परिवारों के सदस्यों की संख्या साढ़े तीन करोड़ के आसपास है।

स्पष्ट है कि आरक्षित वर्ग के 70 लाख परिवारों को सरकारी नौकरी देने से केवल साढ़े तीन करोड़ लोगों की गरीबी दूर हुई है। न कि देश की।

कहा जा रहा है कि नरेन्द्र मोदी सरकार के कार्यकाल में देश में 25 करोड़ लोगों को बहुआयामी गरीबी से बाहर निकाला गया है। निश्चित रूप से यह उपलब्धि केवल सरकारी नौकरियों के बल पर हासिल नहीं की गई है।

देश की गरीबी कम करने में सरकार द्वारा सामाजिक क्षेत्र में दी जा रही पेंशनों, निशुल्क चिकित्सा, निशुल्क शिक्षा, निशुल्क आवास तथा अन्य लाभकारी योजनाओं का बहुत बड़ा योगदान है।

भारत में निजी क्षेत्र में अर्थात् गैर-सरकारी कम्पनियों, कारखानों, दुकानों आदि में लगभग 14 करोड़ लोग काम करते हैं।

अर्थात् देश की लगभग 10 प्रतिशत जनसंख्या प्राइवेट सेक्टर  में काम करती है। इस प्रकार देश से गरीबी कम करने में निजी क्षेत्र का योगदान बहुत बड़ा है।

वर्तमान समय में देश में 140 करोड़ लोग रहते हैं जिनमें से 16.4 प्रतिशत अर्थात् लगभग 23 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से नीचे जी रहे हैं।

ऐसा क्या किया जाए कि देश के 23 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से ऊपर खींच लिए जाएं?

23 करोड़ लोगों का अर्थ है लगभग 5 करोड़ परिवार। यदि प्रत्येक परिवार से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी दी जाए तो 5 करोड़ सरकारी नौकरियों का सृजन करना होगा, जो कि संभव नहीं है। सरकारें प्रतिवर्ष केवल 1 दो लाख युवाओं को नौकरियां दे सकती हैं।

फिर भी यदि आरक्षित वर्ग की समस्त नौकरियां उन्हीं जातियों के गरीब परिवारों के लिए आरक्षित कर दी जाएं तो गरीब परिवारों को से गरीबी से बाहर निकलने का मौका अवश्य मिलेगा।

आरक्षित जातियों के वे लोग जो गरीबी की रेखा से ऊपर जीवन यापन कर रहे हैं, वे सामान्य वर्ग की नौकरियों के लिए प्रयास कर सकते हैं।

यदि भारत की राजनीतिक पार्टियां अपने निजी स्वार्थों को छोड़कर, सत्ता में बने रहने अथवा सत्ता छीनने की गंदी राजनीति छोड़कर गरीब जनता की उन्नति के लिए ठोस काम करना चाहती हैं तो उन्हें ऐसा कानून बनाना चाहिए जिससे वर्तमान में उपलब्ध 49.5 प्रतिशत आरक्षण देश के 16.4 प्रतिशत गरीब लोगों को मिल जाए।

आरक्षित जातियों के जो परिवार गरीबी की रेखा से ऊपर उठ गए हैं, उन्हें आरक्षण का लाभ छोड़ देना चाहिए जिससे वे अपनी ही जाति के गरीब परिवारों की उन्नति में योगदान कर सकें।

यह तय है कि इस व्यवस्था से समस्त गरीब परिवारों के युवा सदस्यों को सरकारी नौकरियां नहीं मिलेंगी किंतु यह भी तय है कि इस उपाय से देश में जातिवाद का ताण्डव कम होगा, राजनीतिक पार्टियों द्वारा देश के वोटरों को जाति के आधार पर लामबंद करने पर रोक लगेगी तथा निर्धन परिवार अधिक तेजी से अर्थव्यवस्था की मूल धारा में आ सकेंगे।

-डॉ. मोहनलाल गुप्ता

अकबर महान् ! (141)

0
अकबर महान् - www.bharatkaitihas.com
अकबर महान्

भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने अकबर (Akbar) को भारत के दो महान शासकों में से एक माना है किंतु जब हम अकबर के काल में लिखी गई फारसी पुस्तकों पर दृष्टि डालते हैं तो जवाहर लाल नेहरू (Jawahar Lal Nehru) का दावा सही जान नहीं पड़ता। हमें इतिहास से बार-बार यह प्रश्न पूछना पड़ता है कि क्या अकबर महान् था! (Was Akbar the Great?)

जवाहरलाल नेहरू ने क्यों केवल दो शासकों को भारत का महान् पुत्र माना!  भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू एवं आजादी के बाद के लेखक डॉ. आशीर्वादी लाल श्रीवास्तव के अनुसार अकबर ने दूसरे मजहबों के प्रति उदारता का प्रदर्शन करके उनका विश्वास अर्जित किया तथा अपने ही मजहब एवं अपने ही कुल के उन शहजादों एवं अफगान विरोधियों को दबा दिया जो अकबर के राज्य पर कब्जा करना चाहते थे।

नेहरू ने अकबर की धार्मिक सहिष्णुता की प्रशंसा करते हुए लिखा है- ‘अकबर का नाम भारत के इतिहास में जगमगा रहा है और कभी-कभी कुछ बातों में वह हमें अशोक की याद दिलाता है।’

नेहरू ने अपनी पुत्री इंदिरा प्रियदर्शिनी के नाम लिखे अपने पत्रों में लिखा है- ‘यह एक अजीब बात है कि ईसा से तीन सौ वर्ष पहले का एक बौद्ध सम्राट और ईसा के बाद सोलहवीं सदी में एक मुसलमान सम्राट दोनों एक ही ढंग से और करीब-करीब एक ही आवाज में बोल रहे हैं। ताज्जुब नहीं कि यह खुद भारत की ही आवाज हो जो उसके दो महान् पुत्रों के जरिए बोल रही हो! एक तरह से अकबर भारतीय राष्ट्रीयता का जन्मदाता माना जा सकता है।’

हालांकि पण्डित नेहरू ने अकबर को सम्राट अशोक (Ashoka The Great) के समकक्ष ठहराते हुए उसे भारत का महान् पुत्र लिखा है किंतु वास्तविकता यह है कि अकबर की नसों में बहने वाले रक्त की एक भी बूंद भारतीय नहीं थी। उसकी माता हमीदा बानू (Hamida Banu Begum) खुरासान (Khorasan) की रहने वाली थी और पिता हुमायूँ (Humayun) काबुल (Kabul) का रहने वाला था। उसके पूर्वजों की जड़ें मध्य-एशिया के ट्रांसऑक्सियाना क्षेत्र (Transoxiana region) अर्थात् समरकंद (Samarkand) एवं उज्बेकिस्तान (Uzbekistan) में थीं। अकबर की माता और पिता के पूर्वजों की जितनी भी पीढ़ियों के नाम इतिहास में उपलब्ध हैं, उनमें से कोई भी भारतीय नहीं था।

यदि नेहरू की पुस्तक के अनुसार अकबर को भारत का महान् पुत्र मान लिया जाए तो फिर उन अंग्रेज अधिकारियों को विदेशी कैसे माना जा सकता है, जिन्हें 15 अगस्त 1947 को जहाजों में बैठाकर इंग्लैण्ड के लिए रवाना कर दिया गया। जहाँ तक महानता का प्रश्न है, वह अकबर की अपेक्षा उन अंग्रेज अधिकारियों में अधिक पाई जाती है, जिन्होंने भारत में रेल चलाई, पुल एवं सड़कें बनवाईं, विद्यालय एवं चिकित्सालय बनवाए, नहरों एवं बांधों का निर्माण करवाया, नागरिक प्रशासन की आधुनिक पद्धतियां लागू कीं, अकबर ने इनमें से कुछ भी नहीं किया।

जहाँ तक अकबर की महानता और धर्म-सहिष्णुता का प्रश्न है, उसका उत्तर कुरुक्षेत्र में अकबर द्वारा साधुओं का एक-दूसरे के हाथों रक्तपात करवाने, चित्तौड़ दुर्ग में तीस हजार निर्दोष लोगों का कत्लेआम (The massacre of thirty thousand people in Chittorgarh Fort) करवाने, गुजरात में साबरमती के तट पर दो हजार कटे हुए सिरों की मीनार बनवाने और शराब के नशे में राजकुमार मानसिंह का गला दबाने की घटनाओं में स्वतः मिल जाता है।

हालांकि पानीपत के मैदान में बेहोश पड़े महाराज हेमचंद्र का गला काटने एवं नगरकोट मंदिर में हुसैन कुली खाँ की सेना द्वारा 200 काली गायों का संहार करवाने की घटनओं में अकबर का प्रत्यक्ष हाथ नहीं था, फिर भी ये घटनाएं अकबर के सेनापतियों की मानसिकता का पूरा परिचय देती हैं।

पं. नेहरू ने लिखा है- ‘एक तरह से अकबर भारतीय राष्ट्रीयता का जन्मदाता माना जा सकता है। ऐसे समय में जबकि देश में राष्ट्रीयता का कुछ भी निशान नहीं था और मजहब लोगों को एक दूसरे से अलग कर रहा था, अकबर ने समझ-बूझ कर समान भारतीय राष्ट्रीयता के आदर्श को फूट डालने वाले मजहबी दावों के ऊपर रख दिया।’

अकबर महान् था, यह सिद्ध करने के लिए नेहरू ने अकबर की तरफ से सफाई देते हुए लिखा है- ‘अकबर अपनी कोशिश में पूरी तरह तो सफल नहीं हुआ किंतु यह अचंभे की बात है कि वह कितना आगे बढ़ गया और उसकी कोशिशों को कितनी ज्यादा सफलता मिली! फिर भी अकबर को जो कुछ भी सफलता मिली वह अकेले उसी की नहीं थी। जब तक कि ठीक समय ना आ गया हो और आसपास के हालात मदद ना करें तब तक कोई भी मनुष्य महान कामों में सफल नहीं हो सकता। महापुरुष खुद अपना चौगिर्द तैयार करके जमाने को जल्दी बदल सकता है किंतु महापुरुष खुद भी तो जमाने का और जमाने के चौगिर्द का ही फल होता है। इस तरह अकबर भी भारत के उस जमाने का फल है।’

नेहरू ने लिखा है- ‘अकबर हिंदुओं की सद्भावना हासिल करने में सफल हुआ। अकबर की नौकरी करने और उसको सम्मान देने के लिए चारों ओर से लगभग सभी राजपूत इकट्ठे होने लगे सिावाय मेवाड़ के राणा प्रताप के जिसने कभी सिर नहीं झुकाया। जिंदगी भर यह अभिमानी राजपूत दिल्ली के महान सम्राट से लड़ता रहा और उसने उसके सामने सिर झुकाना मंजूर नहीं किया।’

नेहरू ने लिखा है- ‘अकबर हिन्दू सरदारों और हिन्दू जनता का स्नेह हासिल करने में जुट गया। राजा मानसिंह को तो अकबर ने कुछ दिनों के लिए काबुल का सूबेदार बनाकर भेजा। इस तरह अकबर ने राजपूतों को अपनी तरफ कर लिया और वह जनता का प्यारा बन गया।…. शरीर में अकबर असाधारण बलवान और चुस्त था और वह जंगली और खूंख्वार जानवरों के शिकार से ज्यादा और किसी चीज से प्रेम नहीं करता था। एक सिपाही की हैसियत से तो वह इतना बहादुर था कि उसे अपनी जान तक की बिल्कुल परवाह नहीं थी।’

नेहरू ने लिखा है- ‘मैंने अकबर की तुलना अशोक से की है किंतु तुम इस तुलना से भ्रम में न पड़ जाना। बहुत सी बातों में अकबर अशोक से बिल्कुल अलग था। अकबर बड़ी ऊंची उमंगों वाला बादशाह था और अपने जीवन के अंत समय तक वह अपना साम्राज्य बढ़ाने की धुन में चढ़ाइयां करता रहा।…. देखा जाए तो राजपूतों को और अपनी हिंदू प्रजा को मनाने के लिए कभी-कभी तो वह इतना आगे बढ़ जाता था कि मुसलमान प्रजा के साथ अक्सर अन्याय हो जाता था।’

पण्डित नेहरू के उपरोक्त कथनों में कितनी सच्चाई है, इस पर हम अगले आलेख में चर्चा करेंगे।

विभिन्न इतिहासकार भले ही अकबर की धार्मिक सहिष्णुता के कितने ही गीत क्यों न गा लें, ऐतिहासिक तथ्यों से केवल इस बात की पुष्टि होती है कि अकबर को भारत पर राज्य करने तथा अपने ही कुल के शहजादों एवं अफगान लड़ाकों से लड़ने के लिए वीर हिन्दू जाति के सहयोग की आवश्यकता थी, इसलिए उसने विधर्मियों के प्रति धार्मिक सहिष्णुता के प्रदर्शन का मार्ग चुना था न कि हृदय की किसी उच्च भावना से प्रेरित होकर!

जवाहर लाल नेहरू के किसी भी तर्क से यह सिद्ध नहीं होता कि अकबर महान् था।

-डॉ. मोहनलाल गुप्ता

सुप्रीम कोर्ट और भारत सरकार में से कौन बड़ा है?

0
सुप्रीम कोर्ट - www.bharatkaitihas.com
सुप्रीम कोर्ट

जजों की नियुक्ति के लिए कॉलेजियम की अनुशंसा भारत सरकार के लिए बाध्यकारी है या नहीं, जब से इस विषय पर चर्चा उठी है, तब से जनता में यह प्रश्न उठने लगा है कि ताकतवर कौन है, सुप्रीम कोर्ट या भारत सरकार?

सुप्रीम कोर्ट और भारत सरकार में से कौन अधिक ताकतवर है, इसका कानूनी पक्ष तो संविधान के बड़े-बड़े जानकार जिन्हें संविधान विशेषज्ञ कहा जाता है, कई सालों की बहस के बाद भी शायद ही एक-मत हो सकें किंतु लोकतंत्र में हर मामले पर जनता की कुछ न कुछ धारणा अवश्य होती है। भले ही यह धारणा लिखित रूप में नहीं होती किंतु इस धारणा की अपनी ताकत बहुत होती है।

जनता की धारणा इतनी ताकतवर होती है कि उसके सामने बड़ी से बड़ी शक्ति को नतमस्तक होना पड़ता है। हम यहाँ सुप्रीम कोर्ट तथा भारत सरकार की ताकत पर जनता की धारणा की बात कर रहे हैं कि इस विषय पर जनता क्या सोचती है!

सुप्रीम कोर्ट ताकतवर इसलिए हैं क्योंकि उसे चुनाव नहीं लड़ना है। भारत सरकार ताकतवर इसलिए हैै क्योंकि वह चुनावों से अस्तित्व में आती है।

सुप्रीम कोर्ट ताकतवर है इसलिए वह सीबीआई को पिंजरे में बंद तोता कहता है। भारत सरकार ताकतवर इसलिए है क्योंकि उसके पास ऐसे कई पिंजरे हैं जिनमें सीबीआई जैसे बहुत से तोते बंद हैं। ये तोते सरकार के असली उपकरण हैं, यदि ये तोते पिंजरे से बाहर निकाल दिए जाएं तो देश में अराजकता मच जाए।

सुप्रीम कोर्ट ताकतवर इसलिए है क्योंकि वह सरकार के बुलडोजर पर रोक लगा सकती है। सरकार ताकतवर इसलिए है क्योंकि उसे अवैध कब्जों को हटाने के लिए बुलडोजर चलाने की संवैधिानिक शक्ति प्राप्त है।

सुप्रीम कोर्ट ताकतवर इसलिए है क्योंकि उसने स्वयं ही कॉलेजियम की व्यवस्था कर ली है। सरकार ताकतवर इसलिए है कि वह कॉलेजियम की स्वयंभू व्यवस्था को अस्वीकार करके उसी पद्धति से जजों की नियुक्ति करना चाहती है जिस तरह से उनकी नियुक्ति का प्रावधान भारत के संविधान में किया गया है तथा 1993 तक जिस पद्धति से जजों की नियुक्ति होती आई थी।

न्यायालयों में जजों की नियुक्ति के मामले को छोड़कर भारत में एक भी पद ऐसा नहीं है जो अपनी नियुक्ति स्वयं कर ले। प्रत्येक पद के लिए किसी भी व्यक्ति का चयन संविधान सम्मत किसी अन्य संस्था द्वारा किया जाता है किंतु सुप्रीम कोर्ट जजों की नियुक्ति का अधिकार अपने पास रखना चाहती है और एक ऐसे कॉलेजियम के माध्यम से अपनी अनुशंसा को भारत सरकार के लिए बाध्यकारी मानती है जिसमें कोई चुना हुआ प्रतिनिधि शामिल नहीं है। इसी कारण जनता में यह बहस छिड़ी है कि ताकतवर कौन है, सुप्रीम कोर्ट या भारत सरकार।

न तो सुप्रीम कोर्ट, और न भारत सरकार, कोई भी जनता में आकर कॉलेजियम की बात नहीं करता किंतु सुप्रीम कोर्ट के वकीलों एवं सरकार के मंत्रियों के माध्यम से मीडिया में छन-छन कर कुछ बातें आती हैं जिनसे लगता है कि कॉलेजियम को लेकर दोनों संस्थाएं अपनी-अपनी ताकत को तौल रही हैं।

सुप्रीम कोर्ट ताकतवर इसलिए है क्योंकि संविधान सभा द्वारा बनाए गए संविधान ने सुप्रीम कोर्ट को बनाया है तथा उसे कुछ निश्चित ताकत दी है। भारत सरकार ताकतवर इसलिए है क्योंकि भारत सरकार ने ही संविधान सभा द्वारा बनाए गए संविधान को स्वीकार किया है, लागू किया है तथा भारत सरकार ही संसद के माध्यम से संविधान को हर समय जन-आकांक्षाओं के अनुरूप ढालती रहती है।

अब जबकि संविधान सभा अस्तित्व में नहीं है, तब उसकी उत्तराधिकारी संस्था संसद के रूप में विद्यमान है। संविधान की वास्तविक कस्टोडियन संसद ही है। वह इस कार्य में अपनी सुविधा के लिए सुप्रीम कोर्ट की भी सहायता लेती है।

सुप्रीम कोर्ट तथा भारत सरकार तो उस समय भी थे जब भारत पर अंग्रेजों का राज्य था किंतु तब के सुप्रीम कोर्ट तथा भारत सरकार की ताकत का स्रोत लंदन में लगने वाली संसद थी। जब ब्रिटिश वायसराय की सरकार भारत छोड़कर इंग्लैण्ड चली गई तब तत्कालीन सुप्रीम कोर्ट भी उस सरकार के साथ इंग्लैण्ड चला गया।

15 अगस्त 1947 से 25 जनवरी 1950 तक उस सुप्रीम कोर्ट की एक छाया भारत में काम करती रही, ठीक उसी तरह, जिस तरह 2 सितम्बर 1946 से भारत में जवाहर लाल नेहरू की अंतरिम सरकार काम करती थी। इस अवधि में सुप्रीम कोर्ट तथा भारत सरकार दोनों के पास 1935 में ब्रिटिश संसद से पारित कानून था जिससे दोनों संस्थाओं का संचालन होता था।

6 दिसम्बर 1946 को जवाहर लाल नेहरू की अंतरिम सरकार ने ही नया संविधान बनाने के लिए संविधान सभा की स्थापना की तथा इसके लिए सुप्रीम कोर्ट से कोई आदेश नहीं लिया।

जवाहर लाल नेहरू की अंतरिम सरकार ने ही 26 जनवरी 1950 से भारत का नया संविधान लागू किया और सुप्रीम कोर्ट का वर्तमान स्वरूप सामने आया।

जवाहर लाल नेहरू के समय में यह प्रश्न शायद ही कभी उठा हो कि कौन बड़ा है, सुप्रीम कोर्ट या भारत सरकार! लाल बहादुर शास्त्री केवल 19 महीने प्रधानमंत्री रहे, इस संक्षिप्त अवधि में ताकत का प्रश्न उठे, ऐसी कोई परिस्थिति बनी ही नहीं।

प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के समय में न्यायालय एवं सरकार के बीच यह प्रश्न कई बार उठा। इंदिरा गांधी जबर्दस्त जननेता थीं, उनकी अपनी ताकत थी, अपनी एक सोच थी। सामान्यतः वे संविधान सम्मत ढंग से सरकार चलाती थीं किंतु इंदिरा गांधी सरकार को मनमाने ढंग से भी चलाती थीं। इस कारण न्यायालय एवं सरकार के बीच कई बार ठनी।

12 जून 1975 को इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने इंदिरा गांधी को चुनावों में धांधली करके जीतने के 14 प्रकार से कदाचार का दोषी पाया तथा उनका निर्वाचन अवैध घोषित कर दिया। इंदिरा गांधी ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की। 24 जून 1975 को सुप्रीम कोर्ट ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले को ही मान्य रखा किंतु इंदिरा गांधी को प्रधानमंत्री बने रहने की अनुमति दे दी। इंदिरा गांधी प्रधानमंत्री बनी रहीं और उन्होंने अगले ही दिन अर्थात् 25 जून 1975 को देश में इमरजेंसी लगा दी।

इस घटनाक्रम से ऐसा लगता है कि सुप्रीम कोर्ट सरकार पर भारी पड़ा क्योंकि चुनाव अवैध घोषित हो जाने के बाद भी इंदिरा गांधी सुप्रीम कोर्ट की इच्छा से प्रधानमंत्री बनी रहीं किंतु इंदिरा गांधी ने अगले दिन ही इमरजेंसी लगाकर देश पर मजबूती से शिकंजा कस लिया। इतना ही नहीं, इंदिरा गांधी की सरकार ने 38वां संविधान संशोधन करके न्यायपालिका से आपातकाल की न्यायिक समीक्षा करने का अधिकार ही छीन लिया।

कुछ समय बाद ही इंदिरा गांधी की सरकार ने 42वां संविधान संशोधन करके कानूनों की संवैधानिक वैधता पर निर्णय देने के लिए सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालयों की शक्ति को कम कर दिया।

42वें संविधान संशोधन ने संविधान में इतने बड़े परिवर्तन किए कि इसके आकार के कारण, इसे लघु-संविधान कहा गया। इंदिरा गांधी की सरकार ने संविधान के कई हिस्से, जिनमें प्रस्तावना और संविधान संशोधन खंड भी शामिल हैं, बदल दिए और कई नए अनुच्छेद और धाराएं लगा दीं। संशोधन के 39 खंडों ने सर्वोच्च न्यायालय की कई शक्तियां छीन लीं और न्यायिक व्यवस्था पर कई प्रकार से संसदीय संप्रभुता स्थापित कर दी।

इंदिरा गांधी की सरकार ने 42वें संविधान संशोधन के माध्यम से देश में लोकतांत्रिक अधिकारों में कटौती की और प्रधानमंत्री कार्यालय ने व्यापक शक्तियां प्राप्त कर लीं। संसद को न्यायिक समीक्षा के बिना, संविधान के किसी भी हिस्से को संशोधित करने की असीमित शक्ति भी दे दी। इस संशोधन ने राज्य सरकारों की कुछ शक्तियां भी केंद्र सरकार को हस्तांतरित कर दीं।

सरकार ने 42वें संविधान संशोधन के द्वारा प्रस्तावना में भी संशोधन करके भारत की पहचान ‘संप्रभु, लोकतांत्रिक गणराज्य’ के स्थान पर ‘संप्रभु, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक गणराज्य’ बना दी।

सरकार द्वारा किए गए संविधान के इस अतिक्रमण पर सुप्रीम कोर्ट के पास मौन रह जाने के अतिरिक्त और कोई चारा नहीं बचा। क्योंकि यह सारी प्रक्रिया संसद के माध्यम से हुई।

1977 में हुए आम चुनावों में इंदिर गांधी हारीं। मोरारजी देसाई के नेतृत्व में बनी सरकार ने इंदिरा गांधी द्वारा किए गए संविधान संशोधनों पर हो-हल्ला तो खूब मचाया तथा इंदिरा गांधी को जेल तक भेज दिया किंतु इससे पहले कि मोरारजी की सरकार कुछ ठोस काम कर पाती, स्वयं ही गिर गई। 1980 में हुए मध्यावधि चुनावों में इंदिरा गांधी चुनाव जीतकर फिर से प्रधानमंत्री बन गईं।

इस प्रकार 1975 में इंदिरा गांधी ने सर्वोच्च न्यायालय के जो अधिकार सीमित किए थे, वे फिर से बहाल नहीं किए गए और आज भी संवैधानिक रूप से इंदिरा गांधी द्वारा किए गए संशोधन अस्तित्व में हैं।

इस ऐतिहासिक विवेचना के बाद एक दृष्टि अमरीका पर डालते हैं। अमरीका में संघीय न्यायालय ही नहीं, प्रांतीय न्यायालय भी सरकार की तुलना में बहुत अधिक ताकतवर दिखाई देते हैं किंतु वास्तव में हैं नहीं। वहाँ भी सरकारें ही ताकतवर हैं। संघीय सरकार तथा प्रांतीय सरकारें ही जनता की आकांक्षाओं की प्रतिनिधि हैं।

अमरीका में सरकार की ताकत का एक उदाहरण लेना ही पर्याप्त होगा कि अमरीका के राष्ट्रपति को अपनी स्वयं की किसी भी गलती को क्षमा करने का अधिकार प्राप्त है।

भारत में भी न्यायालय द्वारा किसी अपराधी को फांसी की सजा सुनाए जाने पर भारत के राष्ट्रपति को क्षमादान देने का अधिकार प्राप्त है।

एक दृष्टि भारत के पड़ौसी देशों पर डालते हैं। पाकिस्तान का सुप्रीम कोर्ट भारत के सुप्रीम कोर्ट की तरह ताकतवर दिखाई तो देता है किंतु है नहीं। पाकिस्तनी सुप्रीम कोर्ट को बड़े राजनीतिक फैसले पाकिस्तान की सरकार की मंशा के अनुसार ही देने होते हैं जिनके चलते पाकिस्तान का प्रत्येक पूर्व प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति या तो जेल में पटक दिया जाता है, या फिर देश छोड़कर भाग जाता है। या फिर फांसी पर भी चढ़ा दिया जाता है जैसे कि जुल्फिकार अली भुट्टो।

पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट में जो जज सरकार की मंशा के विरुद्ध कार्य करते हैं, उन्हें किसी न किसी बहाने से उनके पदों से हटा दिया जाता है। हाल ही में पाकिस्तानी सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस बनने जा रहे इजाज उल अहसन ने इसलिए चीफ जस्टिस के पद की शपथ लेने से मना कर दिया क्योंकि वहाँ नवाज शरीफ के भाई शहबाज शरीफ की सरकार है और इस जज ने ही 2017 में पूर्व प्रधामंत्री नवाज शरीफ के विरुद्ध फैसला सुनाया था और शरीफ को पाकिस्तान छोड़कर लंदन में जाकर रहना पड़ा था।

पाकिस्तान में तो सरकार ही नहीं मिलिट्री भी जजों का भाग्य तय कर देती है। हालांकि जजों को नियंत्रित करने के लिए पाकिस्तान की मिलिट्री ने आज तक एक भी गोली नहीं चलाई है। उन्हें केवल आंख दिखाकर ही भगा दिया जाता है।

हमारे दूसरे पड़ौसी अर्थात् बांगलादेश में भी सुप्रीम कोर्ट की हालत लगभग पाकिस्तान जैसी ही है। हाल ही में अराजक तत्वों ने जजों के घरों का घेराव करके उनसे बलपूर्वक इस्तीफ लिए। क्योंकि शेख हसीना की सरकार हट चुकी थी और मोहम्मद यूनुस की सरकार ने जजों का बचाव नहीं किया।

सौभाग्य से भारत में पाकिस्तान और बांगलादेश जैसी स्थितियां नहीं हैं तथा सुप्रीम कोर्ट और भारत सरकार बिना किसी विशेष विवाद के अपना-अपना संविधान सम्मत काम कर रहे हैं।

जनता, सरकार और न्यायपालिका के सम्बन्ध एक रूपक के माध्यम से इस तरह समझे जा सकते हैं कि जनता महावत है जिसने अपनी सुविधा के लिए सरकार रूपी हाथी पाल रखा है और उस हाथी ने स्वयं को नियंत्रित करने के लिए न्यायपालिका रूपी अंकुश बनाया है। अंकुश अपनी मर्जी से हाथी को नियंत्रित नहीं कर सकता। अंकुश महावत के हाथ में है, और महावत की भूमिका में केवल और केवल जनता है। न्यायपालिका एक ऐसा अंकुश है जो न केवल हाथी पर अपितु महावत पर भी कुछ न कुछ नियंत्रण स्थापित करता है।

सारांश रूप में केवल यही कहा जा सकता है कि भारत की जनता की सेवा करने के लिए ही भारत सरकार तथा सुप्रीम कोर्ट नामक दोनों संस्थाएं बनी हैं। भारत की जनता ही सुप्रीम कोर्ट और भारत सरकार की मालिक है। जनता की धारणा ही दोनों के लिए बाध्यकारी है।

जनता की अपेक्षा केवल इतनी है कि ये दोनों संस्थाएं जनता के कल्याण के लिए एक-दूसरे की शक्ति बनें, एक-दूसरे की पूरक बनें तथा किसी भी स्थिति में शक्ति के दो अलग-अलग तथा प्रतिस्पर्द्धी केन्द्र न बनें।

सिद्धांत कुछ भी कहते रहें, धरातल की कड़वी सच्चाई यह है कि कोई भी अंकुश हाथी को नियंत्रित नहीं कर सकता। यदि हाथी बिगड़ गया तो महावत और अंकुश दोनों धरे रह जाते हैं। अतः हर स्थिति में सरकार की इच्छा से चुनी गई सरकार का सम्मान ही सर्वोपरि है।

उस सरकार का सम्मान कोई नहीं करना चाहेगा जो बिगड़े हुए हाथी की तरह व्यवहार करती है, उस अंकुश का भी कोई सम्मान नहीं करना चाहेगा जो हाथी को अपनी मर्जी से नियंत्रित करने का प्रयास करता है। उस महावत का भी कोई सम्मान नहीं करना चाहेगा जो हाथी और अंकुश दोनों को प्रेम और बुद्धिमानी से संचालित करने में असमर्थ है। 

– डॉ. मोहनलाल गुप्ता

कांग्रेस की घटती हैसियत

0
कांग्रेस की घटती हैसियत - www.bharatkaitihas.com
कांग्रेस की घटती हैसियत

कांग्रेस की घटती हैसियत का अनुमान इस बात से लगाया जा सकता है कि अब उसे आप जैसी पिद्दी पार्टियाँ भी मुँह लगाने से बचती हैं!

पिछले एक दशक में भारत की राजनीति पूरी तरह करवट ले चुकी है। इस कारण कांग्रेस अब भारत के राजनीतिक परिदृश्य में छुटभैया राजनीतिक दलों की छोटी बहिन बनकर जिएगी। कांग्रेस के लिए अब कभी भी जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, पी. वी. नरसिंहाराव और मनमोहनसिंह जैसे दौर लौट कर नहीं आएंगे।

कांग्रेस गठबंधन की सरकारों में पहले भी रही है किंतु तब वह क्षेत्रीय दलों की बड़ी बहिन हुआ करती थी। अब कम्युनिस्टों, अवसरवादी पार्टियों एवं क्षेत्रीय दलों की छोटी बहिन बन कर जी रही है। इससे कांग्रेस की घटती हैसियत का पता चलता है।

पिछले लोकसभा चुनावों तथा हाल ही में हुए जम्मू कश्मीर एवं हरियाणा विधान सभा के चुनावों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब कांग्रेस का भविष्य छोटी बहिन के रूप में ही बचा है। छोटी बहिन होना कोई बुरी बात नहीं है किंतु लम्बे समय तक जो पार्टी बड़ी बहिन बनकर रही अब उसी को छोटी बहिनों की छोटी बहिन बनकर रहना पड़े तो निश्चित रूप से अच्छी बात तो कतई नहीं। कांग्रेस के साथ वही हुआ है।

जम्मू कश्मीर में कांग्रेस का फारुख अब्दुल्ला और उमर अब्दुल्ला की पार्टी से गठबंधन था। ये वही अब्दुल्ला लोग हैं जिनके पूर्वज शेख अब्दुल्ला कभी जवाहर लाल नेहरू के मित्र हुआ करते थे किंतु जवाहर लाल नेहरू ने शेख से तंग आकर उसे जेल में पटक दिया था।

उन्हीं अब्दुल्लाओं की छत्रछाया में कांग्रेस ने जम्मू कश्मीर में विधान सभा का चुनाव लड़ा। अब्दुल्लाओं की पार्टी ने 42 सीटें जीतकर पहला स्थान प्राप्त किया, बीजेपी 29 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही, स्वतंत्र उम्मीदवार 7 सीटें जीतकर तीसरे स्थान पर रहे। जबकि सबसे छोटी बहिन की तरह कांग्रेस 6 सीटों के साथ चौथे नम्बर पर आकर बैठी।

हालांकि राहुल गांधी की तरह महबूबा मुफ्ती भी मुुंह खोलते ही अपनी आंख, नाक, कान से धुंआ निकालती हैं, फिर भी महूबबा की बात जाने दो, वह फिर कभी।

हरियाणा में बीजेपी ने 48 और कांग्रेस ने 37 सीटें जीतीं। हरियाणा में कांग्रेस को आप पार्टी की छोटी बहिन बनकर चुनाव लड़ना था किंतु आप पार्टी ने कांग्रेस को मुंह नहीं लगाया।

कुछ समय पहले हुए लोकसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली में आप पार्टी की छोटी बहिन बनकर चुनाव लड़ा था किंतु न तो बड़ी बहिन की भूमिका में 4 सीटों पर लड़ने वाली आप पार्टी और न छोटी बहिन की भूमिका में 3 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस एक भी सीट जीत सकी। इसी कारण आप पार्टी ने हरियाणा विधान सभा के चुनावों में कांग्रेस को मुंह नहीं लगाया।

वर्ष 2022 में हुए पंजाब विधान सभा के चुनावों में भी आप पार्टी ने कांग्रेस को मुंह नहीं लगाया। इन दोनों बहिनों ने आमने-सामने चुनाव लड़ा। आप पार्टी ने 117 में से 92 तथा कांग्रेस ने केवल 18 सीटों पर जीत हासिल की। इस प्रकार कांग्रेस ने हर जगह या तो छोटी बहिन बनकर चुनाव लड़ा, या फिर बड़ी बहिन बनने के प्रयास में हाथ-पांव तुड़वा कर औंधे मुंह गिर पड़ी।

2022 के हिमाचल प्रदेश विधान सभा चुनाव और 2023 के कर्नाटक विधान सभा चुनाव ही ऐसे रहे हैं जिनमें कांग्रेस ने अपने दमखम पर चुनाव लड़े और जीत हासिल की। इन दो चुनावों के अतिरिक्त कांग्रेस को कोई जीत हासिल नहीं हुई।

2024 का लोकसभा चुनाव तो कांग्रेस ने 24 दलों के साथ मिलकर लड़ा। हालांकि यहां उसने बड़ी बहिन बनने की चेष्टा की तथा 328 सीटों पर चुनाव लड़ी किंतु 99 सीटों पर जीत हासिल करके मुंह की खाकर बैठ गई।

इन 99 सीटों के बल पर कांग्रेस ने देश भर में ऐसा प्रदर्शन किया मानो वह लोकसभा में बहुमत पाकर सरकार बनाने में सफल हो गई है तथा बीजेपी तथा उसकी सहयोगी पार्टियां 293 सीटों पर सिमटकर अपना सब कुछ गंवा बैठी है।

कांग्रेस के नेताओं का इससे अधिक फूहड़ प्रदर्शन शायद ही कभी देखा गया हो। कांग्रेस की घटती हैसियत का इससे अधिक बड़ा प्रमाण क्या होगा!

दिन प्रति दिन कांग्रेस के पैरों के नीचे से जमीन खिसकती जा रही है और राहुल गांधी के हाथों में से राजनीतिक ताकत मुट्ठी में बंद रेत की तरह फिसलती जा रही है किंतु राहुल गांधी के हौंसलों की दाद देनी पड़ेगी। जब भी बोलते हैं, देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए, देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बीजेपी के लिए स्तरहीन शब्दों का ही प्रयोग करते हैं।

यह देखकर हैरानी होती है कि राहुल गांधी अपने वास्तविक प्रतिद्वंद्वियों से लड़ने की बजाय आरएसएस, अम्बानी और अडानी पर हमले करते रहते हैं। पता नहीं राहुल गांधी ने ये तीन प्रतिद्वंद्वी जबर्दस्ती क्यों खड़े कर लिए हैं। शायद राहुल गांधी ने आरएसएस, अम्बानी और अडानी हिन्दू शक्ति के प्रतीक मान लिए हैं जिन पर आक्रमण करे बिना राहुल गांधी की कोई जनसभा पूरी नहीं होती।

जो भी हो, आने वाले समय में हम देखेंगे कि न तो गांधी परिवार हिन्दू विरोधी राजनीति से दूर होगा और न कांग्रेस गांधी परिवार से अपना पीछा छुड़ा पाएगी। छोटी बहिन दिन पर दिन और छोटी होती चली जाएगी। कांग्रेस की घटती हैसियत उसे कितनी छोटी पार्टी बना देगी, इसका अनुमान भी कांग्रेस के नेताओं को नहीं है।

-डॉ. मोहनलाल गुप्ता

कानून धर्म के लिए होना चाहिए न कि धर्म निरपेक्षता की रक्षा के लिए!

0
कानून धर्म के लिए - www.bharatkaitihas.com
कानून धर्म के लिए

कानून धर्म के लिए होना चाहिए न कि धर्म निरपेक्षता की रक्षा के लिए! भारत देश का धर्म क्या है और भारत देश का कानून क्या है? क्या इन दोनों में तालमेल नहीं होना चाहिए?

जो हिन्दू धर्म पूरी दुनिया में जाकर शांति, अहिंसा और परस्पर सद्भाव से जीना सिखाता है, क्या उस धर्म की रक्षा नहीं होनी चाहिए? क्या ऐसे अहिंसक धर्म के प्रति भी कानून को निरपेक्ष अर्थात् उदासीन बने रहना चाहिए?

आज पूरी दुनिया की शांति खतरे में पड़ी हुई है। रूस-यूक्रेन युद्ध तथा मध्य-एशिया में चल रहे इजराइल-हिज्बुल्ला युद्ध की आग फैलती ही जा रही है। तालिबान से लेकर, आईसिस, हमास और हूती जैसे आतंकी संगठन तेजी से दुनिया में पैर पसार रहे हैं जिससे आदमी का अस्तित्व ही खतरे में दिखाई देता है।

न जाने किस क्षण धरती पर परमाणु बमों की वर्षा आरम्भ हो जाए और धरती भयभीत होकर अपनी धुरी से खिसक कर इस अनंत ब्रह्माण्ड में कहीं खो जाए! ऐसी धरती पर कोई प्राणी नहीं होगा, केवल खतरनाक परमाणु विकीरण का अस्तित्व होगा! भगवान जाने कि वह फिर कभी ऐसी सुंदर धरती बनाएगा भी या नहीं!

आज विश्व में अग्रणी अमरीका और इंग्लैण्ड जैसे देश भी युद्ध की विभीषिका को अपने दरवाजे पर देखकर भयभीत हैं। ऐसी भयंकर परिस्थितियों में केवल भारत ही ऐसा देश है जिसके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर युद्ध के विरुद्ध बोल रहे हैं तथा विश्व शांति की स्थापना का उद्घोष करते हुए घूम रहे हैं।

भारत के प्रधानमंत्री किस प्रतिष्ठा के बल पर विश्वशांति की बात करते हुए घूम रहे हैं? केवल हिन्दू धर्म की प्रतिष्ठा के बल पर! क्योंकि हिन्दू धर्म की ऐसी प्रतिष्ठा है कि वह शांति और सद्भाव में जीने का उपदेश दे सकता है। नरेन्द्र मोदी न केवल हिन्दुओं के देश भारत के प्रधानमंत्री हैं अपितु स्वयं भी हिन्दू हैं और हिन्दू धर्म के उदात्त सिद्धांतों पर जीते हैं। 

क्या किसी मुस्लिम या ईसाई देश का राष्ट्राध्यक्ष कभी भी विश्वशांति के पक्ष में खड़ा हो पाया है? क्या रूस, अमरीका, यूक्रेन, ईरान, अफगानिस्तान, बांगलादेश, तुर्की जैसे देश शांति के पक्ष में खड़े दिखाई देते हैं?

केवल हिन्दुओं  का देश, दुनिया का एकमात्र हिन्दू देश विश्वशांति के पक्ष में खड़ा है। जब तक हिन्दू धरती पर बचेगा, तब तक वह शांति के लिए खड़ा रहेगा।

जबसे नेपाल में हिन्दू राजा का राज्य समाप्त हुआ है और उसने चीन के कम्युनिस्टों को अपना स्वामी बनाया है, तब से न केवल नेपाल की शांति भंग हो गई है, अपितु सदियों से चले आ रहे भारत-नेपाल के शांतिपूर्ण सम्बन्ध भी खतरे में पड़ गए हैं। नेपाल के लोग फिर से हिन्दू धर्म के शासन की तरफ लौटना चाहते हैं।

चीनी कम्युनिस्टों ने तिब्बत का क्या हाल बनाया, हॉन्गकॉन्ग का क्या हाल बनाया? ताइवान का क्या हाल बनाना चाहता है।

उत्तर कोरिया दुनिया पर कैसी भयंकर विपत्ति लाना चाहता है!

जब से बर्मा ने धर्मविहीन चीन को अपना स्वामी बनाया, बर्मा से लोकतंत्र समाप्त हो गया, लोग बंदूकों के साए में जी रहे हैं।

जब से लंका ने चीनी कम्युनिस्टों को अपने देश की धरती पर पैर रखने दिए, तब से श्रीलंका जैसे शांतिप्रिय बौद्ध देश में भुखमरी और अशांति फैल गई।

ईसाई देश अमरीका द्वारा पाले हुए सांपों ने हाल ही में बांगलादेश की सड़कों पर मौत का जो नंगा नाच किया है, वह सबके सामने है।

ईसाई देश कनाडा ने खालिस्तानी आतंकियों को बढ़ावा देकर भारत में नए उपद्रवों का जो सिलसिला शुरू है, वह भी किसी से छिपा हुआ नहीं है।

हम आंखें मूंदकर बैठे हैं तो क्या हुआ, सच्चाई कुछ ही वर्षों में सामने आ जाएगी कि पंजाब के हालात कितने खराब हो चुके हैं। कुछ समय पहले हम इसका एक ट्रेलर देख भी चुके हैं जब भारत के प्रधानमंत्री को पंजाब की पुलिस द्वारा बीच सड़क पर रोक दिया गया और उन्हें प्रधानमंत्री के सुरक्षाकर्मियों द्वारा वहीं से वापस दिल्ली लाया गया।

पिछले लोकसभा चुनावों में ही जेल में बंद खालिस्तानी आतंकी अमृतपालसिंह को जेल में बंद होते हुए पंजाब की जनता ने लोकसभा का सदस्य चुना। क्या उस क्षेत्र में हिन्दू वोटरों की संख्या अधिक होती तो अमृतपालसिंह कभी भी सांसद चुना जाता?

काश्मीर का राशिद इंजीनियर जेल में बंद खतरनाक अपराधी था किंतु वह भी किस मजहब के मतदाताओं के बल पर भारत की लोकसभा का सदस्य चुन लिया गया? क्या उस क्षेत्र में हिन्दू वोटरों की संख्या अधिक होती तो राशिद इंजीनियर कभी भी सांसद चुना जाता?

थोड़ा पीछे चलकर देखें, 1947 में जब भारत आजादी की चौखट पर खड़ा था, भारत की शांति क्यों भंग हुई और देश में लाखों लोगों का कत्ल, लाखों स्त्रियों से बलात्कार, करोड़ों लोगों का पलायन किस मजहबी जिद के कारण हुआ? क्या मानवता के इतिहास ने उस नरसंहार को पूरी तरह भुला दिया है।

क्या हिन्दू धर्म ने कभी भी धरती के किसी भी हिस्से में अपने लिए अलग देश की मांग की? नहीं की क्योंकि हिन्दू को सहअस्तित्व में रहना आता है।

क्या दुनिया में कोई भी ऐसा देश है जिसने ईरान से जान बचाकर भागे पारसियों को अपनी छाती से लगाया? भारत के अतिरिक्त किसी ने नहीं लगाया। जब जर्मनी से यहूदी मारकर भगाए गए, तब भी भारत ही उनके लिए सद्भाव का हाथ बढ़ा सका।

क्या किसी भी देश में हिन्दुओं के कारण उस देश के कानून को, उस देश के धर्म को, उस देश की संस्कृति को, उस देश के लोगों को, उस देश की अर्थव्यवस्था को कोई आघात पहुंचा है? नहीं पहुंचा।

यदि इस्लामी देशों को छोड़ दें तो हमें स्वीकार करना ही पड़ेगा कि जहाँ-जहाँ हिन्दू पहुंचा है, वहाँ-वहाँ शांति, सद्भावना और उदार भावों का संचार हुआ है। आज विश्वभर में लाखों ईसाई हैं जो हिन्दू धर्म का महत्व समझ रहे हैं और उसे अपना रहे हैं।

क्या हिन्दू धर्म कभी भी किसी अन्य धर्म के मनुष्यों को हिन्दू धर्म में कन्वर्ट करने के लिए किसी भी प्रकार का प्रयास करता है? क्या हिन्दू धर्म अन्य मजहबों के इंसानों को हिन्दू बनाने के लिए भय, लालच और षड़यंत्र का सहारा लेता है? नहीं लेता क्योंकि हिन्दू धर्म में किसी को कन्वर्ट किया ही नहीं जा सकता। ऐसा कोई विधान ही नहीं है। लोग स्वतः हिन्दू जीवन शैली अपना लेते हैं।

जिस प्रकार पारसी किसी को पारसी धर्म में कन्वर्ट नहीं करते, जिस प्रकार यहूदी किसी को यहूदी धर्म में कन्वर्ट नहंी करते, उसी प्रकार हिन्दू भी किसी अन्य धार्मिक विश्वास वाले मानव को अपने धर्म में कन्वर्ट नहीं करते। आज पारसी, हिन्दू और यहूदी तीनों ही खतरे में हैं!

कोई भी मजहब या पंथ किसी अन्य धर्मिक विश्वास के मानव समुदाय को अपने मजहब या पंथ में कन्वर्ट करता है, वह कभी भी विश्वशांति जैसी दुर्लभ बातें नहीं कर सकता।

विश्वशांति सबको अपनाने से होती है, किसी को कन्वर्ट करने से नहीं होती।

बिना किसी संकोच के, बिना किसी पूर्वाग्रह के, बिना किसी दंभ या पाखण्ड के यह कहा जा सकता है कि धरती पर सबसे अहिंसक और सबसे शांत मानव समुदाय केवल और केवल हिन्दू है जो मानवों को परस्पर सद्भाव से जीना सिखाता है, प्राणी मात्र में भगवान के स्थित होने का भाव रखता है, ऐसा दुर्लभ धार्मिक समुदाय आज अपने ही घर में खतरे में है।

क्या संसार के समझदार और गंभीर लोगों को यह दायित्व नहीं है कि वे विश्वशांति के लिए आधार भूमि तैयार करने में सक्षम हिन्दू धर्म की रक्षा के लिए प्रयास करें। ऐसा करने के लिए उन्हें हिन्दू धर्म अपनाना नहीं होगा, केवल हिन्दू धर्म पर प्रहार करने वालों के खतरनाक इरादों का साथ देने से बचना होगा।

एक ऐसा संसार जिसमें सभी प्राणी शांति और सद्भावना के साथ रह सकें, तभी बन सकता है जब हिन्दू धर्म इस धरती पर सुरक्षित रहे।

ईश्वर न करे किंतु यदि कभी ऐसा दिन आया कि हिन्दू धर्म धरती से समाप्त हो जाए, तो विश्वशांति जैसी बातें करने वाला कोई भी नहीं बचेगा! वह धरती कैसी होगी, इसकी कल्पना मात्र से भय लगता है। शायद धरती होगी ही नहीं, वह परमाणु बमों की आग में झुलस कर नष्ट हो जाएगी।

क्या ऐसे उदार धर्म के प्रति उसी देश के कानून को निरपेक्ष भाव अर्थात् उदासीन भाव रखना चाहिए? क्या देश का धर्मनिरपेक्ष कानून यह कहता है कि भारत का कोई धर्म नहीं है, यदि वह ऐसा ही कहता है तो उसे धर्मनिरपेक्ष नहीं होना चाहिए। दुनिया में भारत और नेपाल के अतिरिक्त और कोई देश धर्मनिरपेक्ष नहीं है जबकि वास्तविकता यह है कि दोनों देश हिन्दू हैं। हिन्दू धर्म की ऊर्जा से बने हैं।

क्या भारत का धर्मनिरपेक्ष कानून हिन्दू धर्म की रक्षा करने में समर्थ है? या फिर देश का धर्मनिरपेक्ष कानून हिन्दुओं की रक्षा करने में समर्थ तो है किंतु जानबूझ कर नहीं कर रहा क्योंकि कानून का शासन चलाने वालों में, कानून की व्याख्या करने वालों में और कानून को कार्यान्वित करने वालों में हिन्दू धर्म की रक्षा करने का भाव ही मिट चुका है?

आज हर ओर से हिन्दू धर्म पर प्रहार हो रहे हैं जिनके चलते देश की डेमोग्राफी बदल रही है, बंगाल और असम जैसी सीमावर्ती राज्य ही नहीं हरियाणा, हिमाचल और उत्तराखण्ड जैसे प्रांतों की भी डेमाग्राफी तेजी से बदल चुकी है। इसे देखकर यह प्रश्न उठना स्वाभाविक ही है कि भारत का कानून भारत के अपने मूल धर्म की रक्षा के लिए क्यों नहीं बना है?

जिस कांग्रेस ने देश की आजादी की लड़ाई का नेतृत्व किया, उसी कांग्रेस ने आगे चलकर वक्फबोर्ड जैसी संस्थाएं खड़ी कीं और उनके पक्ष में अंधे कानून बनाकर हिन्दू धर्म को कमजोर करने का षड़यंत्र किया। उसी कांग्रेस ने धर्मस्थलों की 1947 वाली स्थिति बनाए रखने जैसा खतरनाक कानून बनाया।

उसी कांग्रेस ने देश में चारों तरफ से पाकिस्तानियों एवं बांग्लादेशियों को चोरी-छिपे घुसने के मार्ग तो बनाए किंतु उन देशों में आजादी के समय रह गए हिन्दुओं, बौद्धों, सिक्खों की रक्षा के लिए राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कोई प्रयास नहीं किया। जिसका परिणाम यह है कि आज अफगानिस्तान से आखिरी गुरुग्रंथ साहब भी भारत लौट आया है।

आज देश में लव जेहाद, लैण्ड जेहाद, थूक जेहाद, पेशाब जेहाद, वक्फ जेहाद अपने चरम पर हैं, अस्पतालों एवं रेलवे स्टेशनों पर मजारें बन चुकी हैं, सरकारी जमीनों पर हजारों मस्जिदें खड़ी हैं। ऐसे बहुत से उदाहरण दिए जा सकते हैं।

इन परिस्थितियों में हिन्दू धर्म अपना अस्तित्व कैसे बचाए रख सकता है? हिन्दू सड़कों पर लड़ने का अभ्यस्त नहीं है, न देश का कानून इसकी अनुमति देता है।

किसी भी देश में लोगों को सड़कों पर लड़ने की अनुमति होनी भी नहीं चाहिए किंतु कुछ तो ऐसा किया जाना चाहिए कि उस देश के लोगों को अपना मूल धर्म बचाने के लिए सड़कों पर आने की आवश्यकता ही अनुभव न हो!

जब हिन्दू धर्म का बाह्य शरीर ही खण्डित हो जाएगा, अर्थात् देश की जनसंख्या का स्वरूप ही बदल जाएगा तो हिन्दू धर्म का भीतरी स्वरूप भी बचा नहीं रहेगा।

यदि देश का कानून हिन्दू धर्म को बचाने में समर्थ होगा, तथी हिन्दू दुनिया भर में जाकर मानवों को शांति से रहने के लिए प्रेरित कर सकेगा।

भारत का कानून हिन्दू धर्म की रक्षा करने के आड़े कैसे आता है, इसके दो उदाहरण ही देने पर्याप्त हैं। आज यदि सरकार थूक जेहाद और पेशाब जेहाद रोकने के लिए केवल इतना सा आदेश देती है कि हर होटल, ढाबे और रेढ़ी वाला अपनी दुकान के सामने अपना नाम लिखे, तो कानून सामने आकर इस आदेश पर रोक लगा देता है।

यदि किसी ने सरकारी भूमि पर कब्जा कर रखा है, और वह आदमी दंगों या जघन्य अपराधों में लिप्त भी पाया जाता है और सरकार ऐसे मनुष्य के अवैध घर या दुकान को हटाने की कार्यवाही करती है तो कानून उस पर रोक लगा देता है।

देश में कानून का शासन होना चाहिए किंतु कानून भी तो अच्छा होना चाहिए। कानून को कार्यान्वित करने के लिए भावना भी तो अच्छी होनी चाहिए।

क्या कानून को केवल बहुसंख्यक के खिलाफ ही होना चाहिए, क्या उसे केवल अल्पसंख्य के पक्ष में ही खड़े होना चाहिए?

कानून को निष्प्राण नहीं होना चाहिए। प्राणवान होना चाहिए और केवल प्राणवान ही नहीं होना चाहिए, धर्मप्राण भी होना चाहिए।

कानून अंधा नहीं होना चाहिए, आंख वाला होना चाहिए!

कानून धर्म के लिए होना चाहिए न कि धर्म निरपेक्षता की रक्षा के लिए! भारत देश के धर्म एवं कानून में तालमेल होना चाहिए।

-डॉ. मोहनलाल गुप्ता

- Advertisement -

Latest articles

सगुण-निर्गुण अंतर्द्वन्द्व में फंसी कबीर की राम-भक्ति - bharatkaitihas.com

सगुण-निर्गुण अंतर्द्वन्द्व में फंसी कबीर की राम-भक्ति

0
हिन्दू सनातन धर्म परम्परा (Sanatan Dharma Tradition) में सगुण-निर्गुण अंतर्द्वन्द्व उपनिषदों के काल से ही दिखाई देने लगता है। कबीर की रामभक्ति भी इसी...
काशी नामकरण का ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य - bharatkaitihas.com

काशी नामकरण का ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य

0
काशी (Kashi) को पुराणों] धर्मशास्त्रों, विविध हिन्दू ग्रंथों, इतिहास ग्रंथों  तथा लोकपरंपरा में अनेक नामों से पुकारा जाता है। इसके प्रमुख नाम निम्नलिखित हैं— काशी...
तिरुक्कुरल विश्व साहित्य का गौरव - bharatkaitihas.com

तिरुक्कुरल : विश्व साहित्य का गौरव

0
तिरुक्कुरल (Thirukkural) केवल एक पुस्तक नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने की एक संपूर्ण संहिता है। इसे 'तमिल वेद' और 'विश्व नीतिशास्त्र' के रूप...
डिजिटल क्रांति www.bharatkaitihas.com

डिजिटल क्रांति और भविष्य की तैयारी

0
चारों ओर डिजिटल क्रांति का शोर है किंतु हमारे पास भविष्य की क्या तैयारी है! क्या हमने कभी इस पर गंभीरता से विचार किया...
वॉयनिच मैन्युस्क्रिप्ट : नीले पानी में नहाती औरतों का रहस्य - www.bharatkaitihas.com

वॉयनिच मैन्युस्क्रिप्ट : नीले पानी में नहाती औरतों का रहस्य

0
वॉयनिच मैन्युस्क्रिप्ट एक ऐसी पहेली, जिसे द्वितीय विश्व युद्ध के दिग्गज कोड-ब्रेकर्स से लेकर आज के सबसे एडवांस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सुपर कंप्यूटर्स...